करवाचौथ के दिन यमुनोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा, महिला की मौत, तीन लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यमुनोत्री हाईवे पर कल्याणी हरेती के पास एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर खड्डे में जा गिरी। हादसे के दौरान आग लगने से कार स्वाह हो गई। इस हादसे में कार में सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए चिन्यालीसौड़ अस्पताल पहुंचाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षक बगसारी धनारी निवासी भजन सिंह(45) पुत्र भाव सिंह की पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी पूरी करने के बाद बृहस्पतिवार को वह अपनी अल्टो कार से वापस उत्तरकाशी लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे राड़ी टॉप से नीचे उतरते समय उन्होंने रास्ते से नेपाली मूल के मुरारी, उनकी पत्नी अंजली और बेटे गोपी को अपनी कार में लिफ्ट दी।
कुछ दूर आगे आने के बाद हरेती बैंड के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब पचास मीटर गहरे खड्डे में जा गिरी। हादसे के दौरान कार में सवार चारों लोग छिटक गए और कार में आग लग गई। उनके कुछ पीछे ही चुनाव ड्यूटी से लौट रहे पुलिस कर्मियों की गाड़ी भी चल रही थी।
हादसा होते ही मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने तत्काल प्रभाव से रेस्क्यू अभियान चलाकर हादसे में घायल चारों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया। लेकिन अंजली(28) पत्नी मुरारी की रास्ते में ही मौत हो गई।
थानाध्यक्ष धरासू विनोद थपलियाल ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षक भजन सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शेष दो घायलों को सीएचसी चिन्यालीसौड़ में ही उपचार दिया जा रहा है। घायलों की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।