देहरादून से जम्मू जाने के लिए निकली महिला बच्चों समेत लापता, पति ने 13 दिन बाद दर्ज कराई FIR
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घर से जम्मू के लिए निकली महिला अपने दो बच्चों समेत एक महीने से लापता है। तीनों को पहले बस से सहारनपुर और फिर वहां से ट्रेन से जम्मू जाना था। महिला के पति ने घटना के 13 दिन बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
इसके बाद जब वह कहीं नहीं मिली तो पुलिस ने मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला की अंतिम मोबाइल लोकेशन आईएसबीटी देहरादून की आई है। पुलिस कई पहलुओं के मद्देनजर जांच-पड़ताल कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ठाकुरपुर, प्रेमनगर निवासी रमेल सिंह डोगरा यहां अपनी पत्नी अलका, 15 वर्षीय बेटे शुभम और दो साल की बेटी स्नेहा के साथ रहते हैं। मूल रूप से जम्मू निवासी रमेल यहां डंपर चलाने का काम करते हैं।
पुलिस के अनुसार रमेल सिंह अपने परिवार को जम्मू भेजना चाहते थे, लेकिन अलका जम्मू नहीं जाना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था। बीती 25 मार्च को रमेल सिंह ने अलका से कहा कि जम्मू में उनके पिता की तबीयत खराब है, लिहाजा वहां जाकर उनकी देखभाल करो।
उन्होंने कहा कि वह खुद भी कुछ दिन बाद जम्मू आ जाएंगे। इस पर अलका बेटे शुभम और बेटी स्नेहा के साथ 27 मार्च को जम्मू के लिए निकल गईं। 27 मार्च को दोपहर में रमेल सिंह ने अलका और दोनों बच्चों को एक ऑटो से आईएसबीटी भेज दिया।
बेटे ने की फेसबुक आईडी बंद
इसके बाद से अलका और दोनों बच्चे लापता हैं। वे न तो जम्मू पहुंचे और न ही किसी रिश्तेदार के यहां। पुलिस के अनुसार रमेल सिंह ने पत्नी और बच्चों की गुमशुदगी नौ अप्रैल को दर्ज कराई थी। इसके बाद जब काफी तलाश करने पर तीनों नहीं मिले तो पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष प्रेमनगर मुकेश त्यागी ने बताया कि मामले की कई पहलुओं के मद्देनजर जांच की जा रही है।
पांच साल पहले तक रहता था सास के घर
रमेल सिंह करीब 20 साल पहले देहरादून आया था। यहां उसने खेड़ा, झाजरा (प्रेमनगर) में रहने वाली अलका से प्रेम विवाह किया था। वह करीब 15 सालों तक अपनी सास वीना रमोला के साथ उनके ही घर पर रहा था। इसके बाद उनसे कुछ अनबन हुई तो वह बच्चों समेत ठाकुरपुर में रहने लगा। पुलिस के अनुसार यहां अलका और रमेल सिंह का आपस में विवाद होता रहता था।
शाम साढ़े छह बजे थी आईएसबीटी पर लोकेशन
पुलिस के अनुसार अलका के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन आईएसबीटी देहरादून की आई है। इसके बाद से मोबाइल स्विच ऑफ है। पुलिस ने ऑटो ड्राइवर संजय से भी पूछताछ की है। उसका कहना है कि उसने परिवार को आईएसबीटी के एग्जिट गेट पर ही छोड़ दिया था। इसके बाद वह घर चला गया था। पुलिस उस दिन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी तलाश रही है।
बेटे ने की फेसबुक आईडी बंद
अलका ने जम्मू के लिए निकलने से पहले शुभम के स्कूल से उसकी टीसी भी कटवा ली थी। वह दून वैली स्कूल प्रेमनगर में कक्षा आठ का छात्र था। शुभम का फेसबुक पर भी अकाउंट था, लेकिन घटना के अगले दिन से उसका फेसबुक अकाउंट भी बंद है। इससे मां-बेटे की किसी योजना का अंदाजा भी पुलिस लगा रही है। तीनों को निरंजनपुर, हरिद्वार, टिहरी आदि जगह मौजूद उनके रिश्तेदारों के यहां भी तलाश किया जा चुका है।