होली के बाद और स्कूल-कालेजों में छुट्टियां शुरू होने के साथ ही हरियाणा, नई दिल्ली, राजस्थान, पंजाब समेत दूसरे राज्यों के पर्यटकों ने उत्तराखंड की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। पर्यटकों की भारी भीड़ राज्य के पर्यटन स्थलों पर पहुंचने के साथ ही राजाजी टाइगर रिजर्व भी पहुंच रही है। इतनी अधिक संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से पर्यटकों के लिए सफारी गाड़ी की कमी हो गई है। दरअसल चीला रेंज में सिर्फ 55 सफारी गाड़ियां हैं। एक सफारी गाड़ी दिन में सिर्फ दो बार पर्यटकों को सफारी करा पा रही है।
टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट के निदेशक अखिलेश तिवारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड जैसे राज्यों में विधानसभा चुनाव होने और होली का पर्व समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक राजाजी टाइगर रिजर्व पहुंच रहे हैं। वैसे तो टाइगर रिजर्व के मोतीचूर, आशारोड़ी जैसे गेट पर यात्री काफी संख्या में आ रहे हैं लेकिन पर्यटकों की सबसे अधिक भीड़ चीला रेंज में दिख रही है। यहां बहुत अधिक संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। बता दें कि पिछले दो साल कोरोना संकट खड़ा होने की वजह से राजाजी टाइगर रिजर्व और जिम कार्बेट टाइगर रिजर्व में बेहद कम संख्या में पर्यटक आए लेकिन अब कोरोना को लेकर काफी हद तक स्थितियां सामान्य हो चुकी हैं। ज्यादातर राज्यों के स्कूल-कालेजों में गर्मी की छुट्टियां हो रही हैं तो फिर से पर्यटक राजाजी टाइगर रिजर्व, जिम कार्बेट टाइगर रिजर्व पहुंच रहे हैं।