72 घंटे में उत्तराखंड पहुंच सकता है मानसून
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 72 घंटे में मानसून उत्तराखंड में दस्तक दे सकता है। फिलहाल बन रही स्थिति यही संकेत दे रही है। विभाग का कहना है कि आगामी 48 से 72 घंटे में मानसून के प्रति अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं।
हालांकि यह मानसून होगा या नहीं अभी कहना मुश्किल है। सोमवार से अगले 48 घंटों में सूबे में प्री मानसून की बारिश की उम्मीद है।
मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद सिंह ने बताया कि सोमवार से दून सहित उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में 20 से 40 मिमी यानी मध्यम बारिश हो सकती है। कुमाऊं के कुछ इलाकों में मध्यम से अधिक बारिश की संभावना है।
पहाड़ों पर बारिश, भाबर को गर्मी से राहत
हल्द्वानी के तराई भाबर में गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को रविवार दोपहर बाद हुई बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने कुछ राहत दी। रविवार सुबह देवलचौड़ से रामपुर रोड तक बूंदाबांदी हुई। इसके बाद दिन में उमस बढ़ गई। दोपहर तीन बजे काले बादल छा गए और बूंदाबांदी होने के साथ ही ठंडी हवा चलने लगी।
भीमताल में रविवार दोपहर झमाझम बारिश हुई। इससे सैलानियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते भीमताल-रानीबाग रोड में कई जगह मलबा आने से यातायात बाधित हुआ। रामनगर में शनिवार रात 15 मिनट तक 10 एमएम बारिश हुई इससे कोसी बैराज का जलस्तर 158 क्यूसेक पहुंच गया।
सरोवर नगरी नैनीताल में दोपहर तीन बजे से साढ़े चार बजे तक मूसलाधार बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक इस दौरान नगर में 20 मिमी बारिश हुई। उधर, अल्मोड़ा में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। सितारगंज में भी आधे घंटे झमाझम बारिश हुई।
मौसम विज्ञानियों का है कहना
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 48 से 72 घंटे में मानसून के प्रति अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं। मौसम विभाग बारीकी से मॉनिटरिंग कर रहा है। फिलहाल सभी को मानसून का इंतजार है।
‘चौबीस घंटे में मैदानी क्षेत्रों में पांच मिमी तथा अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली और बागेश्वर में 20 से 25 मिमी बारिश हो सकती है। जुलाई प्रथम सप्ताह से मानसून सक्रिय होने की उम्मीद है।’
-डॉ. एचएस कुशवाहा, मौसम विज्ञानी पंत विवि।
‘कुमाऊं के अधिकांश हिस्सों में मध्यम स्तर की बारिश होगी। अगले 48 घंटे में पूरे कुमाऊं में भारी बारिश की संभावना है।’ -डा. -आनंद शर्मा, निदेशक मौसम विभाग।