Uttarakhand Weather: सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, मद्महेश्वर को जोड़ने वाला पुल बहा, 250 यात्री फंसे
IMD Uttarakhand Weather Forecast : मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जबकि, अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दून समेत सात जिलों में आज भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जबकि, अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
चमोली और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में बिजली चमकने और तेज गर्जन के साथ भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेशभर में भारी बारिश के आसार हैं। इसके चलते संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और चट्टानों के टूटने से सड़कें बंद हो सकती हैं।
गंगा का विकराल रूप: ऋषिकेश-हरिद्वार में खतरे का निशान पार, जलमग्न हुए कई इलाके, घरों में घुसा पानी, तस्वीरें
आज की छुट्टी
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में आज (सोमवार) छुट्टी रहेगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी की ओर से आदेश जारी कर छुट्टी की घोषणा की है। मौसम विभाग की ओर से 14 अगस्त को तेज गर्जन और बिजली चमकने के साथ जिले भर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों समेत सभी निजी और सरकारी स्कूलों में छुट्टी रखने का फैसला लिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा, जिला प्रशासन की ओर से जिले के कई इलाकों में भूस्खलन होने से अप्रिय घटना होने की संभवना जताई है। ऐसे में आंगनबाड़ी केंद्रों और एक से 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी के आदेश दिए हैं।
मद्महेश्वर को जोड़ने वाला पैदल पुल बहा, 250 श्रद्धालु फंसे
बारिश और अतिवृष्टि से द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर मंदिर को जोड़ने वाला गौंडार-मद्महेश्वर पैदल मार्ग पर बणतोली के समीप सरस्वती (मोरकंडा) नदी पर बना पुल अतिवृष्टि से बह गया है। पुल के बहने से पैदल मार्ग से लेकर मंदिर तक 250 से अधिक श्रद्धालु फंसे हुए हैं। प्रशासन ने सभी यात्रियों से नदी का जलस्तर कम होने तक वहीं रुकने की अपील है।
बीते रविवार रात दो से सोमवार सुबह सात बजे तक मद्महेश्वर घाटी में भारी बारिश हुई। पांच घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से गाड़-गदेरों के साथ ही मधु गंगा और सरस्वती नदी में मलबा आने से जलस्तर बढ़ गया। इससे सरस्वती नदी पर बना पैदल स्टील गार्डर पुल का एक हिस्सा बह गया। पुल के बहने से द्वितीय केदार मद्महेश्वर का गौंडार गांव सहित तहसील मुख्यालय ऊखीमठ व जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से संपर्क कट गया है। साथ ही द्वितीय केदार की यात्रा भी ठप हो गई है। वहीं, पुल के दूसरे छोर से लेकर मंदिर तक 250 श्रद्धालु भी फंस गए हैं।
गौंडार के ग्राम प्रधान वीर सिंह पंवार ने बताया कि पुल बहने से द्वितीय केदार से संपर्क टूट गया है। तहसीलदार दीवान सिंह राणा ने बताया कि नायब तहसीलदार जयकृत सिंह रावत के नेतृत्व में एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। वहीं बारिश के बाद मधु गंगा और सरस्वती नदी उफान है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से गौंडार गांव के भू-कटाव का खतरा भी बन रहा है।
हेलिकॉप्टर से किए जाएंगे फंसे यात्री रेस्क्यू
गउप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि द्वितीय केदार मद्महेश्वर के पैदल मार्ग पर फंसे यात्रियों को रेस्क्यू के लिए हेली कंपनी ट्रांस भारत से संपर्क किया गया है लेकिन खराब मौसम के कारण सोमवार अपराह्न तक हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया। नदी का जलस्तर कम होने पर वैकल्पिक व्यवस्था कर फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने के इंतजाम किए जाएंगे।