विजय हजारे ट्रॉफी: अभ्यास मैच में उन्मुक्त ने खेली नाबाद अर्द्धशतकीय पारी, तन्मय ने भी जड़े 44 रन
अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत को चैंपियन बनाने वाले व दिल्ली टीम के धुरंधर बल्लेबाज उन्मुक्त चंद के उत्तराखंड टीम में आने से टीम को काफी मजबूती मिलेगी। उन्मुक्त चंद का करियर खासा उपलब्धियों से भरा रहा है। अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्डकप हो या घरेलू क्रिकेट और आईपीएल, उन्मुक्त ने अपने प्रदर्शन से हमेशा ध्यान खींचा है।
वहीं, तन्मय श्रीवास्तव ने भी अंडर-19 क्रिकेट में खास पहचान बनाई, जिसके बाद तन्मय ने आईपीएल तक का सफर तय किया। उन्मुक्त और तन्मय के आने से उत्तराखंड की बल्लेबाजी को टीम की ताकत के रूप में देखा जा रहा है। उन्मुक्त की सफल कप्तानी का रिकॉर्ड भी कहीं न कहीं उत्तराखंड टीम के लिए फायदेमंद साबित होगा।
उन्मुक्त ने जड़ा नाबाद अर्द्धशतक
मंगलवार को उत्तराखंड व मिजोरम के बीच खेले गए पहले अभ्यास मैच में उन्मुक्त चंद ने नाबाद अर्द्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। इस पारी में उन्मुक्त ने चारों ओर शॉट लगाए। पूरी पारी में उन्मुक्त आत्मविश्वास से लबरेज नजर आए। वहीं, तन्मय ने भी 44 रनों की शानदार पारी खेली।
मैच में मिजोरम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड के सामने 125 रनों का लक्ष्य रखा था। उत्तराखंड की तरफ से धनराज शर्मा व मयंक मिश्रा ने गजब की। गेंदबाजी करते हुए मिजोरम के तीन-तीन विकेट चटकाए।
आदित्य सेठी ने दो व आशीष चौधरी, वैभव ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज करनवीर के रूप में शून्य के स्कोर पर गिरा। इसके बाद दूसरे छोर से उन्मुक्त व बाद में आए तन्मय ने शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई।
बेस्ट प्लेइंग इलेवन पर फोकस
15 सदस्यीय टीम घोषित करने के बाद अब सीएयू को 25 सितंबर को होने वाले पहले मैच के लिए बेस्ट इलेवन प्लेयर चुनने हैं। इसके लिए उत्तराखंड टीम के अभ्यास मैच शुरू हो गए हैं। अभ्यास मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीम में प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जाएगा।
रायपुर स्टेडियम में होगा पहला मैच
25 सितंबर को उत्तराखंड व चंडीगढ़ के बीच होने वाले विजय हजारे ट्रॉफी के पहले मैच का स्थान भी लगभग तय हो गया है। पहला मैच राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
कब, किसके साथ मैच
25 सितंबर, उत्तराखंड बनाम चंडीगढ़
27 सितंबर, उत्तराखंड बनाम असम
1 अक्टूबर, उत्तराखंड बनाम पुडूचेरी
3 अक्टूबर, उत्तराखंड बनाम अरुणाचल प्रदेश
6 अक्टूबर, उत्तराखंड बनाम सिक्किम
7 अक्टूबर, उत्तराखंड बनाम नागालैंड
9 अक्टूबर, उत्तराखंड बनाम मेघालय
12 अक्टूबर, उत्तराखंड बनाम मिजोरम
14 अक्टूबर, उत्तराखंड बनाम मणिपुर