विजय हजारे ट्रॉफी 2018: करणवीर के दोहरे शतक से रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया टीम उत्तराखंड का नाम
राज्य गठन के 18 वर्ष बाद बीसीसीआई की क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का नाम भी गूंजा। अब तमाम प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड के खिलाड़ी और टीमें हिस्सा लेंगी। लेकिन, विजय हजारे ट्रॉफी खेलने वाली टीम का नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया। आइये एक नजर डालते हैं प्रतियोगिता में टीम के प्रदर्शन पर:
- उत्तराखंड के करणवीर कौशल ने 202 रनों की व्यक्तिगत पारी खेलकर विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज के रूप में अपना नाम दर्ज कराया। करणवीर ने प्रतियोगिता में कुल तीन शतक लगाए।
- ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक लगाने वालों में वह संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। वहीं, विनीत सक्सेना ने भी एक शतक लगाया। उत्तराखंड के लिए विकेटकीपर सौरभ रावत व विनीत सक्सेना ने तीन-तीन, वैभव भट्ट, आर्य सेठी, मलोलन रंगराजन और वैभव पंवार ने एक-एक अर्द्धशतक लगाया।
- ओपनर करणवीर कौशल और विनीत सक्सेना ने 6 अक्टूबर को सिक्किम के खिलाफ पहले विकेट के लिए 42.2 ओवर में 296 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। इसी मुकाबले में टीम ने प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर 366 रन भी बनाया। साथ ही रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत (199 रन) भी हासिल की।
- प्रतियोगिता में उत्तराखंड के लिए कप्तान रजत भाटिया ने सबसे किफायती गेंदबाजी की। रजत ने पूरी सीरीज में केवल 2.88 रन प्रतिओवर खर्च किए। वहीं, मलोलन रंगराजन ने हर ओवर में 3.15, दीपक धपोला ने 3.45, मयंक मिश्रा ने 3.48, सनी राणा ने 3.80, वैभव पंवार ने 3.95 रन दिए।
- हालांकि मयंक मिश्रा ने 291 गेंदों पर कोई रन नहीं दिया। मलोलन रंगराजन ने 247, दीपक धपोला ने 245, सनी राणा ने 241 डॉट गेंदे फेंकी। दीपक धपोला ने पूरी प्रतियोगिता में सबसे अधिक 11 ओवर मेडन फेंके। रंगराजन व मयंक मिश्रा ने 9-9, सनी राणा ने छह, रजत भाटिया ने पांच और वैभव पंवार ने चार ओवरों में कोई रन नहीं दिया।
टॉप तीन बल्लेबाज
बल्लेबाज रन औसत
करणवीर कौशल 489 69.85
विनीत सक्सेना 345 57.50
सौरभ रावत 223 55.75
टॉप तीन गेंदबाज
गेंदबाज विकेट
दीपक धपोला 14
सनी राणा 12
मयंक मिश्रा 12
मलोलन रंगराजन 09
सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर
बल्लेबाज स्कोर
करणवीर कौशल 202
करणवीर कौशल 118
करणवीर कौशल 101
विनीत सक्सेना 100
पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी
दीपक धपोला 34/4
वैभव पंवार 9/3
रजत भाटिया 17/3
दीपक धपोला 19/3
सिक्सर किंग
बल्लेबाज छक्के
करणवीर कौशल 15
सौरभ रावत 6
मयंक मिश्रा 4