उत्तराखंड: रात को ज्यादातर इलाकों में जबरदस्त ठंड, 10 साल में सबसे फीकी रही दिसंबर की धूप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीते 10 वर्षों में इस साल दिसंबर की धूप सबसे फीकी रिकार्ड की गई है। इस साल दिसंबर में दोपहर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक ही पहुंचा है।
आमतौर पर दिसंबर में प्रदेश में ठंड बहुत अधिक बढ़ जाती है। इसके बावजूद दून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में दिन में अच्छी धूप पड़ती है। दिल्ली, चंडीगढ़ समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों में कोहरे व प्रदूषण के चलते धूप के लिए तरस रहे लोग बड़ी संख्या में चमकदार और गुनगुनी धूप का आनंद लेने के लिए दून समेत अन्य पर्वतीय क्षेत्रों का रुख करते हैं, लेकिन इस साल दून की धूप में गर्माहट अपेक्षाकृत काफी कम है।
रात में हो रही जबरदस्त ठंड
मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2016 में दिसंबर के दिन सबसे ज्यादा गर्म रिकॉर्ड किए गए थे। वर्ष 2016 में तापमान अधिकतम 29.2 डिग्री तक पहुंचा था। वहीं बीते 10 वर्षों में दिसंबर में दिन का तापमान अधिकतम 25 डिग्री तक ही रिकॉर्ड किया गया, लेकिन इस वर्ष पारा 24 डिग्री पर जाकर ठिठक गया है।
रात को ज्यादातर इलाकों में जबरदस्त ठंड हो रही है। हालांकि अभी अन्य वर्षों की तुलना में तापमान अधिक बना हुआ है। अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में कमी आ सकती है। पिछले 10 वर्षों के दौरान 24 दिसंबर 2011 को सबसे ठंडी रात रही थी, जब तापमान 2.6 डिग्री तक पहुंच गया था। दून में अभी रात का तापमान पांच डिग्री के आसपास बना हुआ है।
बीते 10 वर्षों में दिसंबर का अधिकतम तापमान
वर्ष तापमान
2017 26.7
2016 29.2
2015 28.7
2014 27
2013 25.2
2012 26.7
2011 27
2010 25.8
2009 25.7
2008 27.4
नए साल पर बर्फबारी के आसार कम
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल नए साल पर बर्फबारी के आसार बेहद कम हैं। 27 दिसंबर को मौसम में बदलाव हो सकता है। इसके चलते बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। हालांकि इसके बाद मौसम साफ रहने का अनुमान है।
इस वर्ष मानसून के बाद तापमान में तेजी से कमी आई है। इसके चलते दिन का तापमान सामान्य के आसपास ही रहा। दिसंबर में कई स्थानों पर बर्फबारी भी हुई। इसका भी असर देखने को मिला है।
- बिक्रम सिंह, निदेशक, मौसम केंद्र