Uttarakhand Weather: पहाड़ से मैदान तक हुई बारिश, जसपुर में कच्ची दीवार गिरने से युवक की मौत
Uttarakhand Weather News: तीन जुलाई तक प्रदेश के इन जनपदों में भारी बारिश के आसार हैं साथ ही पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने और हवा के साथ तीव्र से अति तीव्र बौछार पड़ सकती है।
विस्तार
उत्तराखंड में शुक्रवार को भी मौसम बिगड़ा रहा। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई। वहीं, जसपुर के भोगपुर गांव की बंगाली कॉलोनी में भारी बारिश के चलते कच्ची दीवार गिर गई। इस दौरान हादसे में एक युवक राजेश कुमार की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
चार दिन बिगड़ा रहेगा मौसम
देहरादून सहित नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, चमोली और बागेश्वर में अगले चार दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इन जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली चमक सकती है।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, तीन जुलाई तक प्रदेश के इन जनपदों में भारी बारिश के आसार हैं। साथ ही पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने और हवा के साथ तीव्र से अति तीव्र बौछार पड़ सकती है।