Uttarakhand Weather: भारी बारिश का अलर्ट जारी, कोटद्वार में एक युवक बहा, बनियानाले में पहाड़ी दरकी, दो घंटे बंद रहा बदरीनाथ हाईवे
मौसम विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के कुछ इलाकों में जहां हल्की बारिश होगी, वहीं कई ऐसे इलाके हैं जहां भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के लगभग सभी इलाकों में शुक्रवार तड़के से बारिश जारी है। राजधानी देहरादून में तो गुरुवार देर रात से बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं कहीं-कहीं जलभराव भी देखने को मिल रहा है। रुद्रप्रयाग जिले में सुबह से बारिश हो रही है। सुबह से बंद गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग दोपहर डेढ़ बजे खुल गया। बदरीनाथ-गौरीकुंड राजमार्ग बंद पड़ा हुआ है।
कोटद्वार में में एक बाइक सवार बहा
वहीं कोटद्वार में नदी उफनाने से चिलरखल लालढांग मार्ग बाधित हो गया है। वहीं उफनाई नदी में बाइक सवार एक युवक भी बह गया है। यूपी पुलिस ने उक्त युवक का शव बरामद कर लिया है।
बनियानाले में पहाड़ी दरकी
उधर, नैनीताल-ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरभट्टी पुल से सटी बलियानाला की पहाड़ी से पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा गिर कर हाइवे पर आ गया। हाईवे पर मलबा आने से सड़क के दोनों ओर यातायात अवरुद्ध हो गया है।
बलियानाला में 2016 में गैस वाहन हादसे से पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इस पुल के स्थान पर डबल लेन पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में एनएच द्वारा सड़क चौड़ीकरण के लिए बलियानाला से सटी पहाड़ी को पिछले 15 दिनों से काटा जा रहा है, लेकिन आज काम बंद था। वहीं, इस दौरान शुक्रवार देर शाम साढ़े पांच बजे पहाड़ी से एक बड़ा हिस्सा खिसक कर एनएच पर आ गया। गनीमत रही कि मलबा गिरने के दौरान कोई वाहन चपेट में नहीं आया।
जोशीमठ-मलारी हाईवे सातवें दिन भी अवरुद्ध
वहीं भारत-चीन सीमा पर जोशीमठ-मलारी हाईवे सातवें दिन भी अवरुद्ध पड़ा हुआ है। आज नीती घाटी में हेली सेवा शुरू होनी थी, लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर गौचर से उड़ान नहीं भर पाया है। चमोली जिले में देर रात से हो रही बारिश अभी भी जारी है। बारिश होने से मौसम में ठंडक आ गई है।
राज्य में मैदान से लेकर पहाड़ तक शुक्रवार को हल्की से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के कुछ इलाकों में जहां हल्की बारिश होगी। वहीं कई ऐसे इलाके हैं जहां भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
भारत-चीन सीमा: मलारी हाईवे की पहाड़ी पर पड़ी बड़ी-बड़ी दरारें, देश-दुनिया से कटा 16 गांवों का संपर्क, तस्वीरें...
इतना ही नहीं मौसम विभाग की ओर से राज्य के पर्वतीय इलाकों में तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। राजधानी दून व आसपास के इलाकों में भी अगले 24 घंटे में तेज गर्जना के साथ दो दौर की बारिश हो सकती है।
हाईवे पर मलबा आने से घंटों फंसे रहे वाहन
वहीं शुक्रवार को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग में नगुण के पास मलबा आने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया है। उक्त स्थान पर बीआरओ की मशीनरी तैनात है। वर्तमान में यहां पत्थर गिर रहें हैं। बड़कोट में यमुनोत्रीधाम सहित यमुनाघाटी में तड़के से रिमझिम बारिश हो रही है। यमुनोत्री हाईवे फिलहाल सुचारू है।
मलबा आने से दो घंटे बंद रहा बदरीनाथ हाईवे
तोताघाटी के पास मलबा गिरने से बदरीनाथ हाईवे दो घंटे तक बाधित रहा। इस दौरान वाहनों को मलेथा से चंबा और ऋषिकेश से वाया नरेंद्रनगर के रास्ते भेजा गया। शुक्रवार तड़के हुई बारिश के कारण बदरीनाथ हाइवे पर कई स्थानों पर पत्थर गिर रहे थे। लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड श्रीनगर गढ़वाल के सहायक अभियंता बीएन द्विवेदी ने बताया कि 11 बजे तोताघाटी के पास पहाड़ी से अचानक मलबा हाईवे पर आ गया था।
मलबे आने की सूचना मिलने के बाद दोनों ओर से वाहनों को रोका गया। इस दौरान इस दौरान वाहनों को मलेथा से चंबा और ऋषिकेश वाया नरेंद्रनगर के रास्ते भेजा गया। करीब दो घंटे बाद मलबा साफ हो सका। उसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरु हो गई। वहीं जोशीमठ और ऊखीमठ से आने वाली रोडवेज की बस वाया मलेथा, बीपुरम चंबा होकर ऋषिकेश पहुंची। रोड खुलने के बाद भी कुछ वाहन चालकों ने नरेंद्रनगर, चंबा के रास्ते श्रीनगर गढ़वाल जाने में भलाई समझी।
हाईवे पर मलबा आने से घंटों फंसे रहे वाहन
पिंडरघाटी में हुई भारी बारिश से कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे मींगगदेरा और थराली के बीच कई स्थानों पर मलबा गिरने से बंद हो गया। इस दौरान सुबह चार बजे से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। इस दौरान देहरादून, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग, श्रीनगर सहित थराली, ग्वालदम जाने वाले सैकड़ों वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। थानाध्यक्ष डीएस पंवार ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11 बजे करीब सात घंटे बाद हल्के वाहनों के लिए मार्ग खोल दिया गया, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही दोपहर एक बजे सुचारु हो पाई।
दोपहर बाद ही पिंडरघाटी में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बहाल की गई। वहीं थराली में भारी बारिश से कर्णप्रयाग-ग्वालदम-अल्मोड़ा हाईवे हरमनी, कालजाबर और कुलसारी में मलबा और बोल्डर आने से कुछ घंटे बंद रहा। वहीं थराली से सोल घाटी को जोड़ने वाली एक मात्र थराली-डुंगरी-घाट मार्ग प्राणमति के पास मलबा आने से बंद हो गया। पीएमजीएसवाई मार्ग खोलने में जुटी है।