फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   uttarakhand weather update 24 hours dangerous for these areas

उत्तराखंड: 19 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, माणा गांव में पहाड़ी से गिरे बोल्डर, रामगंगा में एक बहा

Thu, 15 Aug 2019 09:08 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Thu, 15 Aug 2019 09:08 AM IST
विज्ञापन
uttarakhand weather update 24 hours dangerous for these areas
- फोटो : अमर उजाला

उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में 19 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी से माणा गांव में बोल्डर गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। बदरीनाथ हाईवे बार-बार बंद हो रहा है और खुल रहा है। छह दिन से रुद्रप्रयाग गौरीकुंड हाईवे बंद है।

विज्ञापन


राजधानी देहरादून समेत छह अन्य जिलों में 19 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार राजधानी देहरादून, चमोली, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और पौड़ी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश होने के आसार हैं। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में अगले कुछ दिन भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। राजधानी देहरादून में भी आज पूरे दिन बादल छाये रह सकते हैं। दिन में दो से तीन दौर की तेज बौछारें पड़ सकती हैं। 
विज्ञापन


पहाड़ी से माणा गांव में गिरे बोल्डर, मकान क्षतिग्रस्त 
भारी बारिश के दौरान मंगलवार देर रात को माणा गांव (बदरीनाथ) के पीछे पहाड़ी से छिटककर बोल्डर गांव में आ गए, जिससे एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि दो अन्य मकान और निर्माणाधीन पर्यटन सुविधा केंद्र को भी क्षति पहुंची है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई है। माणा गांव में मंगलवार रात को भारी बारिश हुई। रात करीब एक बजे गांव के पीछे पहाड़ी से छिटके बोल्डर यहां आवासीय मकानों में आ गिरे, जिससे गंगी देवी बड़वाल का आवासीय मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। माहेश्वरी परमार और विसेश्वरी चौहान के आवासीय मकानों को भी पत्थरों से क्षति पहुंची है।

विज्ञापन
विज्ञापन

 

यहां निर्माणाधीन पर्यटन सुविधा केंद्र का भवन भी कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के दौरान गंगी देवी की मकान पर कोई निवास नहीं कर रहा था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। माणा गांव के पूर्व प्रधान पीतांबर मोल्फा का कहना है, कि गांव के पीछे से बोल्डर गांव की ओर आ रहे हैं। उन्होंने गांव की सुरक्षा की मांग उठाई है। इधर, जोशीमठ के एसडीएम अनिल चन्याल का कहना है  कि माणा गांव के पीछे पहाड़ी पर बीआरओ की सड़क निर्माणाधीन है। यहीं से बोल्डर छिटककर गांव में आए हैं। ग्रामीणों की सूचना पर सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को मौके पर भेज दिया गया है। गांव की सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे।

लामबगड़ में दिनभर खुलता और बंद होता रहा हाईवे 

बदरीनाथ हाईवे पर भारी बारिश के कारण जगह-जगह अवरुद्ध रहा। मंगलवार रात को हुई जोरदार बारिश से बाजपुर में हाईवे पर मलबा आने से आपदा प्रभावित घाट क्षेत्र से आ रहे मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे, अपर जिलाधिकारी मोहन सिंह बर्निया और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी भी फंसे रहे।

वहीं, बुधवार को दिनभर हाईवे बंद और सुचारु होता रहा। जिससे तीर्थयात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाजपुर में मलबा आने से रात आठ बजे हाईवे अवरुद्ध हो गया था। जिससे यहां अन्य वाहनों के साथ ही जिले के आला अधिकारियों के वाहन भी फंस गए। सूचना मिलते ही बारिश में ही दो जेसीबी मशीनों से मलबे को हटाया गया। जिसके बाद रात नौ बजे हाईवे को सुचारु किया जा सका।

वहीं, लामबगड़ में रात दो बजे से अवरुद्ध हाईवे को दोपहर बारह बजे वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गया। लेकिन फिर बारिश होने से लामबगड़ में वाहनों की आवाजाही रुक गई। एननएच की जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने के बाद अपराह्न तीन बजे यात्रा वाहनों की आवाजाही सुचारु की गई। लेकिन क्षेत्र में लगातार बारिश होने से देर शाम को फिर हाईवे के अवरुद्ध होने की आशंका है। मेकाफेरी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर शुभांकर पॉल का कहना है कि लगातार बारिश से हाईवे को सुचारु रखना मुश्किल बना हुआ है।

एक व्यक्ति रामगंगा नदी में बहा

कर्णप्रयाग में गैरसैंण तहसील के उजेटिया गांव का एक व्यक्ति मंगलवार रात को रामगंगा नदी में बह गया। बुधवार सुबह पुलिस ने नदी में बहे व्यक्ति का शव बरामद कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उजेटिया गांव का शिशुपाल सिंह (45) रात्रि पूजा में रामगंगा नदी के किनारे मल्योडांग नामक स्थान पर गया था।

 

रात को 10 बजे पूजा खाने के बाद वह नदी किनारे हाथ धो रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह रामंगगा नदी में बह गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर गैरसैंण के थानाध्यक्ष रविंद्र नेगी ने पुलिस फोर्स और ग्रामीणों के साथ रात में शिशुलाल सिंह की खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे घटनास्थल से 100 मीटर दूरी पर शिशुपाल सिंह का शव बरामद कर लिया गया है।

गलनाऊं में हाईवे पर आया मलबा, लोगों को हुई दिक्कत 
कर्णप्रयाग में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गलनाऊं के पास मलबा आने से ढाई घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। इस दौरान हाईवे के दोनों तरफ कई वाहन फंसे रहे। बाद में जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।

मंगलवार रात को कर्णप्रयाग, गौचर, देवाल, गैरसैंण, आदिबदरी, थराली, नारायणबगड़, लंगासू सहित ग्रामीण क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। बारिश से कर्णप्रयाग के पास गलनाऊं में सिरण गांव को जाने वाली सड़क से सुबह लगभग छह बजे हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आ गया। इससे हाईवे पर कई वाहन फंस गये और दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। बदरीनाथ, हेमकुंड सहित ऋषिकेश और हरिद्वार जाने जाने वाले कई वाहन करीब ढाई घंटे तक गलनाऊं में फंसे रहे। बाद में स्थानीय लोगों की सूचना पर ऑलवेदर कार्यदायी संस्था ने जेसीबी मशीनों की मदद से हाईवे पर आये मलबे को हटाया गया। आज सुबह 8.30 बजे मलबा हटने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।

बांसवाड़ा में छह दिन से बंद रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग

रुद्रप्रयाग के बांसवाड़ा में छठवें दिन भी रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा। यहां पर पहाड़ी से रुक-रुककर हो रहे भूस्खलन के चलते मलबा सफाई के कार्य में भी दिक्कत हो रही हैं। दूसरी तरफ गंगानगर-बसुकेदार-गुप्तकाशी मोटर मार्ग की स्थिति भी कीचड़ के चलते कई जगहों पर दयनीय बनी हुई है। जनपद में 13 संपर्क मोटर मार्ग भी बंद पड़े हुए हैं, जिससे गांवों से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बीते पांच दिनों की अपेक्षा बुधवार को बांसवाड़ा में पहाड़ी से भूस्खलन की रफ्तार कम रही। इस दौरान एनएच व कार्यदायी संस्था द्वारा मलबा सफाई का कार्य शुरू किया गया, लेकिन रुक-रुककर गिर रहे पत्थर व मलबे के कारण दिनभर में कई बार मशीनें हटानी पड़ी। सड़क पर मलबे के भारी ढेर और कीचड़ के कारण मलबा व पत्थर हटाने में मजदूरों व मशीन ऑपरेटर को परेशानी हो रही है। यहां पर हल्की सी चूक जान पर भारी पड़ सकती है। हाईवे जामू नर्सरी और मुनकटिया में भी पहाड़ी से मलबा आने के कारण करीब चार घंटे बंद रहा।

एनएच के अधिकारियों का कहना है, कि बरसात से हाईवे पर डेंजर जोनों के सक्रिय होने से भूस्खलन व भूधंसाव का खतरा बढ़ गया है। बावजूद हाईवे कम से कम समय के लिए बाधित हो, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। दूसरी तरफ बरसात के कारण जनपद में लोक निर्माण व पीएमजीएसवाई समेत अन्य कार्यदायी संस्थाओं के 13 संपर्क मोटर मार्ग बंद पड़े हैं। इन मार्गों के बंद होने से धनपुर, रानीगढ़, केदारघाटी और जखोली के कई गांवों का ब्लॉक व जिला मुख्यालय से संपर्क कटने के साथ जरूरी सामान की आपूर्ति भी नहीं हो रही है। लोनिवि के ईई इंद्रजीत बोस ने बताया कि मौसम ठीक रहा तो दो दिन में मार्गों पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।   

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed