Uttarakhand Weather: त्यूनी बाजार और मीनस पुल के पास उफनाई टौंस नदी में बहे दो युवक, दोनों लापता
- त्यूनी बाजार और मीनस पुल क्षेत्र के पास हादसे, दोनों युवक लापता
- युवकों की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम का अभियान जारी
विस्तार
देहरादून के विकासनगर में त्यूनी बाजार और मीनस पुल क्षेत्र के पास हुए दो अलग-अलग हादसों में दो युवक टौंस नदी के तेज बहाव में बह गए। दोनों युवक का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ की टीम स्थानीय पुलिस के साथ दोनों युवकों की तलाश में जुटी हुई है।
पहली घटना बीते सोमवार की शाम को त्यूनी बाजार क्षेत्र में हुई, जहां जंगल क्षेत्र में चारा पत्ती लेने गए सुरेश कुमार पुत्र देबू झरने के पास पैर फिसलने से सीधे नीचे बह रही टौंस नदी में जा गिरे। जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी युवक के परिजनों और पुलिस को दी।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम की मदद से युवक की तलाश में अभियान चलाया लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष संदीप पंवार ने बताया कि युवक की तलाश जारी है।
वहीं, दूसरी घटना मीनस पुल के पास हुई, जहां दोस्तों संग टौंस नदी में नहाने के लिए उतरा एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। उसका अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में तेज अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार हाकिल अहमद (17) पुत्र शमसाद, शहबान (16) पुत्र जाहिद हसन दोनों निवासी जाटोवाला माजरी और रहमान (22) पुत्र रमजान निवासी ग्राम ढालीपुर विकासनगर हिमाचल प्रदेश के नेरवा में मैकेनिकल का काम करते हैं। तीनों मंगलवार को मीनस पुल के पास टौंस नदी में नहा रहे थे।
इस दौरान पैर फिसलने से हाकिल अहमद पानी के तेज बहाव में बह गया। दोस्तों ने उसे बचाने का खासा प्रयास किया लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चल सका। कुछ ही देर में हाकिल पानी के तेज बहाव में लापता हो गया, जिसके बाद दोनों युवकों ने मामले की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। तहसीदार केएस नेगी ने बताया कि युवक की तलाश जारी है। युवक की तलाश में एसडीआरएफ टीम की मदद ली जा रही है।