उत्तराखंड: राज्य ओलंपिक खेलों में कुश्ती खेलने से रोके गए 15 पहलवान, ये है वजह
राज्य ओलंपिक खेलों में कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान काशीपुर और हरिद्वार से आए पहलवानों में विवाद हो गया। हरिद्वार के खिलाड़ियों ने काशीपुर से आए पहलवानों पर दूसरे राज्य का होने का आरोप लगाया। मैच करा रहे अधिकारियों ने मामले की सूचना राज्य ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों को दी। मामले की जांच के बाद राज्य ओलंपिक संघ के सचिव ने 15 खिलाड़ियों को राज्य का निवास प्रमाण पत्र नहीं दिखाने पर खेल में प्रतिभाग करने से रोक दिया।
सोमवार को 31वीं वाहिनी पीएसी में कुश्ती प्रतियोगिता शाम को होनी थी। इसके लिए खिलाड़ी वजन करा रहे थे। इसी बीच हरिद्वार के खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि काशीपर से आए पहलवान दूसरे राज्य के निवासी हैं। इस पर दोनों जिलों के खिलाडिय़ों में विवाद हो गया। कुछ खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसमें एक खिलाड़ी मोहित को मामूली चोट भी आई। इधर, कुश्ती करा रहे अधिकारियों ने इसकी सूचना ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों को दी। राज्य ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. डीके सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
काशीपर के 15 पहलवानों से राज्य का निवास प्रमाण पत्र मांगा गया। जिस पर वह प्रमाण पत्र नहीं दिखा सके। इस कारण 15 पहलवानों को कुश्ती में भाग लेने से रोक दिया गया। राज्य ओलंपिक संघ के सचिव ने बताया कि नियमानुसार राज्य का खिलाड़ी ही ओलंपिक खेलों में प्रतिभाग कर रहा था। इसकी जानकारी जब संघ को हुई तो सभी 15 खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल होने से रोक दिया गया।
अल्मोड़ा के खिलाड़ी को दो ग्रीन कार्ड
राज्य ओलंपिक खेलों में सोमवार को पहली बार किसी खिलाड़ी को दो ग्रीन कार्ड दिखाए गए। मैच के निर्णायकों ने उसे फिर गलती करने पर मैच से बाहर करने की चेतावनी दी। इसके बाद खिलाड़ी शांत हुआ।
सोमवार को अल्मोड़ा और देहरादून के बीच कबड्डी का मैच चल रहा था। मैच के दौरान अल्मोड़ा के खिलाड़़ी नवल ने निर्णायकों से कई बार बहस की और कई निर्णयों पर आपत्ति भी जताई। इस पर उसे पहले तो एक ग्रीन कार्ड जारी कर चेतावनी दी गई। इसके बाद भी जब वह नहीं माना तो उसे दूसरा ग्रीन कार्ड जारी कर किया गया। इस कारण कुछ देर के लिए खेल को भी रोकना पड़ा। निर्णायकों ने नवल को आगे गलती करने पर मैच से पूरी तरह बाहर करने की चेतावनी दी। इस पर नवल के तेवर शांत पड़ गए।
दो खिलाड़ियों को लगी चोट
रुद्रपुर। राज्य ओलंपिक खेलों में दो खिलाड़ियों को मैच के दौरान चोट लग गई। पिथौरागढ़ और हरिद्वार के बीच सोमवार दोपहर हॉकी मैच खेला जा रहा था। दूसरे हाफ में हरिद्वार की महिला खिलाड़ी परमा को मुंह पर हॉकी स्टिक से चोट लग गई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। वहां मौजूद मेडिकल स्टॉफ ने उसका इलाज किया। वहीं कबड्डी मैच के दौरान देहरादून के अमन को चोट लग गई। नाक में चोट लगने से काफी देर तक रक्तस्राव होता रहा लेकिन अमन ने इसके बाद भी खेलना जारी रखा।