उत्तराखंड: किच्छा में झोपड़ी के अंदर सो रही सात महीने की बच्ची का अपहरण, अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में एनएच-74 पर एक पेट्रोल पंप के सामने झोपड़ी के अंदर सो रही एक लोहार की सात माह की नातिन को मंगलवार देर रात बदमाश उठा ले गए। सूचना पर एएसपी देवेंद्र पींचा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलवाने के साथ ही इलाके की सीसीटीवी की फुटेज खंगाली हैं। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बच्ची के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बिसौली जनपद बदायूं (यूपी) निवासी राजा की ससुराल क्षेत्र में है। राजा के सास ससुर हाईवे किनारे झोपड़ी बनाकर लोहार का काम करते हैं। लॉकडाउन शुरू होने से पहले राजा अपनी पत्नी नीतू, बेटी पल्लवी (छह), बेटा अभिषेक (तीन) और सात माह की नवजात बेटी माही के साथ अपनी ससुराल आया था। वह यहीं मजदूरी करने लगा था।
मंगलवार रात को झोपड़ी के अंदर राजा अपनी पत्नी नीतू और बच्चों के साथ सोया था, जबकि उसके ससुर केदार और सास दुलारी झोपड़ी के बाहर सो रहे थे। राजा ने बताया कि तड़के चार बजे जब नींद खुली तो उसकी सात माह की बेटी माही बिस्तर पर नहीं थी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध
घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई। सुबह सात बजे थाने को सूचना दी तो लगभग आठ बजे पुलभटटा थानाध्यक्ष विनोद जोशी मौके पर पहुंचे। सीओ सुरजीत कुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए अलग-अलग एओजी समेत तीन टीमें बनाई गई हैं। सीओ ने बताया कि आसपास के पेट्रोल पंपों के अलावा अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही हैं।
एएसपी देवेंद्र पींचा और सीओ सुरजीत कुमार ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी में एक व्यक्ति कंधे पर चादर जैसी कोई चीज ले जाता दिखाई दिया है। बताया कि घटना के खुलासे के लिए एसओजी के अलावा सर्विलांस की मदद ली जा रही है। उन्होंने दावा किया कि घटना का शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।