उत्तराखंड: शिक्षा मंत्री समेत वांछित विधायकों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें शुरू, चार टीमें गठित
- एसएसपी ने गठित की चार टीमें, हाईवे जाम करने का है मामला
विस्तार
उत्तराखंड के जसपुर में हाईवे जाम करने के मुकदमे में अदालत से एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी ने चार टीमों का गठन किया है। इन टीमों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए काशीपुर, जसपुर और बाजपुर में दबिशें दीं लेकिन अभी तक कोई भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका।
जून 2012 में जसपुर में एक युवती की बरामदगी की मांग को लेकर भाजपा नेताओं संग लोगों ने हाईवे जाम कर दिया था। इस मामले में में पूर्व सांसद बलराज पासी, काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा, गदरपुर विधायक (अब शिक्षा मंत्री) अरविंद पांडेय, रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल, आदेश चौहान (अब जसपुर विधायक) समेत 15 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
मामले में हाईकोर्ट से भी राहत न मिलने पर राज्य सरकार ने मुकदमा वापस लेने की घोषणा की थी लेकिन कोर्ट ने इसे जनहित में नहीं माना और अदालत ने मुकदमा वापसी की अर्जी खारिज कर दी। इसके खिलाफ दायर निगरानी याचिका भी बेअसर रही।
कोर्ट ने इस मामले में वांछित 16 आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी अधिपत्र जारी कर एएसपी राजेश भट्ट को आदेशित किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया जाए।
कोताही बरतने पर अवमानना माना जाएगी
साथ ही इन टीमों की निगरानी के लिए सर्विलांस लोकेशन के साथ अदालत को पुलिस की कार्रवाई के संबंध में रिपोर्ट पेश की जाए। अदालत ने कहा कि ऐसा करने में कोताही बरतने पर इसे सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और जिला न्यायालय के आदेशों की अवमानना माना जाएगा।
एएसपी राजेश भट्ट ने बताया कि शिक्षा मंत्री समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जसपुर पुलिस की चार टीमों का गठन किया है। इसमें से प्रत्येक टीम को चार-चार आरोपियों की गिरफ्तारी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिशें दे रही है।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री और तीन विधायकों समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगातार दबिशें दे रही है। अभी तक कोई आरोपी पुलिस के हत्थे नही चढ़ सका है। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
- नंदा बल्लभ भट्ट, कोतवाल जसपुर।
