देवभूमि के बेटे अभिषेक ने बढ़ाया मान, शीर्ष रैंक हासिल कर बने फ्लाइंग ऑफिसर
- हैदराबाद एयरफोर्स कॉलेज में पीओपी के बाद वायुसेना में हुए शामिल
- एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने अभिषेक को पहनाए विंग्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में पौड़ी जिले के अभिषेक पंवार वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बने हैं। शनिवार को हैदराबाद में हुई पासिंग आउट परेड में वायुसेना अध्यक्ष एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने अभिषेक को विंग्स पहनाए।
अभिषेक के चाचा मनु पंवार ने बताया कि अभिषेक ने पौड़ी जिले से ही स्कूली शिक्षा ली है। वह बचपन से ही मेहनती रहे हैं। सेंट थॉमस स्कूल से 12वीं पास करने के बाद उन्होंने 2017 में घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज से बी.टेक किया। उन्होंने एयर फोर्स कम्बाइंड एडमीशन टेस्ट में पिछले साल कामयाबी हासिल की। जिसमें उन्होंने शीर्ष रैंक हासिल की।
एयर फोर्स कॉलेज हैदराबाद में डेढ़ साल की कड़ी ट्रेनिंग लेकर आखिरकार वह वायुसेना में बतौर फ्लाइंग ऑफिसर शामिल हुए। उनके भाई अविजीत पंवार भी बीएसएफ में बेस्ट कैडेट रह चुके हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं अभिषेक
अभिषेक के पिता वीरेंद्र पंवार पौड़ी जिला अस्पताल में सीनियर फार्मासिस्ट हैं। उन्हें कवि के रूप में भी जाना जाता है। माता विजय लक्ष्मी भी जिला महिला चिकित्सालय में कार्यरत हैं। अभिषेक पौड़ी के ग्राम केसुंदर, पट्टी इडवाल्स्यूं के रहने वाले हैं।
पौड़ी को सर्वाधिक पलायन वाला जिला कहा जाता है। इस जिले से पलायन करने वाले युवाओं के लिए अभिषेक पंवार प्रेरणास्रोत हैं। अभिषेक के सामने भी तमाम चुनौतियां थी, लेकिन अभिषेक ने इन चुनौतियों से भागने की बजाय इनका सामना करने का निर्णय लिया और आखिरकार सफलता पाई।