Uttarakhand: पाखरो रेंज घोटाला...ED ने पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत से कार्यालय में चार घंटे की पूछताछ
टाइगर सफारी निर्माण में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले और पेड़ कटान के मामले में पहले विजिलेंस ने मुकदमा दर्ज किया था। विजिलेंस ने हरक सिंह रावत और अन्य लोगों से पूछताछ भी की थी।
विस्तार
पाखरो रेंज घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व वन मंत्री हरक सिंह रावत से अपने कार्यालय में करीब चार घंटे पूछताछ की। ईडी उनसे इससे पहले कई दौर की पूछताछ कर चुकी है। इस मामले में पिछले साल कई स्थानों पर छापा भी मार चुकी है। इस मामले से जुड़े कई लोगों के घर से नकदी व अन्य दस्तावेज बरामद भी कर चुकी है।
टाइगर सफारी निर्माण में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले और पेड़ कटान के मामले में पहले विजिलेंस ने मुकदमा दर्ज किया था। विजिलेंस ने हरक सिंह रावत और अन्य लोगों से पूछताछ भी की थी। कुछ अधिकारियों को गिरफ्तार भी किया था। इस मामले में विजिलेंस ने छापा मारा तो रावत के पारिवारिक लोगों से जुड़े संस्थानों में सरकारी जेनरेटर भी खड़े पाए गए थे। इसके बाद सितंबर 2023 में हाईकोर्ट के आदेश पर इस मुकदमे की जांच सीबीआई को सौंप दी थी।
सीबीआई ने भी हरक सिंह रावत से पूछताछ की है। पिछले दिनों सीबीआई भी पांच अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन चलाने की अनुमति शासन से मांग चुकी है। इसी के साथ ईडी भी इस मामले में जांच जारी रखे हुए है। हरक सिंह रावत को बृहस्पतिवार को ईडी कार्यालय में बुलाया गया था। पूछताछ के बाद बाहर निकले हरक सिंह रावत ने मीडिया के सामने सरकार पर कई तंज भी कसे।
NH 74 scam: उत्तराखंड में घंटों चली ईडी की कार्रवाई, अफसरों के घरों से नकदी और दस्तावेज सीज किए
हरक ने कसे तंज कहीं ये बातें
- इस तरह की कार्रवाई से मेरा आत्मबल बढ़ता है।
- राहुल गांधी ने कहा है कि ईडी, सीबीआई बुलाती है तो ये मेडल की तरह हैं।
- इन कार्रवाई से लग रहा है कि राजनीतिक विरोधी मेरा प्रभाव मानते हैं।
- सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। अब देखते हैं कब तक होता है।
- प्वाइंट वन प्रतिशत भी मैं गलत नहीं हूं, जल्द ही मीडिया के सामने रखूंगा।
- मेरे पास सभी जमीनों का 50 साल पुराना रिकॉर्ड है, ये सब राजनीति के कारण हो रहा है।