उत्तराखंड : पौड़ी के आयुष नेगी और कोटद्वार की सौम्या ढौंडियाल बने नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट
मरोड़ा गांव निवासी नौ सैनिक आयुष सिंह नेगी कमीशन प्राप्त कर सब-लेफ्टिनेंट बन गए हैं।
विस्तार
गढ़वाल की बेटी सौम्या ढौंडियाल और पौड़ी के आयुष सिंह नेगी ने भारतीय नौ सेना में सब लेफ्टिनेंट का पद हासिल कर अपने परिजनों और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
पौड़ी के मरोड़ा गांव निवासी नौ सैनिक आयुष सिंह नेगी कमीशन प्राप्त कर सब-लेफ्टिनेंट बन गए हैं। आयुष के पिता नौ सेना से जेसीओ के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। बेटे ने पिता से प्रेरित होकर नौ सैनिक अफसर बनने का अपना सपना आज साकार कर लिया है। बेटे की उपलब्धि से दादी, माता-पिता सहित पूरे गांव में खुशी की लहर है।
शनिवार को नौसेना के आईएनए इझीमला में 100वें बैच की पासिंग आउट परेड हुई, जिसमें पौड़ी जिले के ब्लाक पाबौ स्थित मरोड़ा गांव निवासी आयुष सिंह नेगी ने कमीशन प्राप्त कर सब-लेफ्टिनेंट की रैंक हासिल की। आयुष का जन्म 21 जुलाई 1999 को दिल्ली में हुआ। प्राथमिक शिक्षा गोवा के केंद्रीय विद्यालय से पूरी की।
हाईस्कूल वर्ष 2015 और इंटरमीडिएट 2017 में पोर्ट ब्लेयर से उत्तीर्ण करने के बाद आयुष का नौ सेना में चयन हो गया। चार साल के प्रशिक्षण के बाद 29 मई को आईएनए इझीमला में 100वें बैच के पासिंग आउट परेड में आयुष ने कमीशन प्राप्त किया। आयुष के पिता नौ सेना जेसीओ सुरेंद्र सिंह नेगी सेवानिवृत्त, माता गृहणी शकुंतला नेगी, दादी बूथी देवी हैं। उनके दादा बसंत सिंह का निधन हो चुका है। आयुष की एक दीदी निधि और दूसरी बहन अंकिता हैं।
कोविड महामारी के चलते परिवार पासिंग आउट परेड का हिस्सा नहीं बन पाया। पिता जेसीओ सुरेंद्र सिंह नेगी सेनि. ने बताया कि आयुष बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रहा है। हमेशा ही नौ सेना में अफसर बनने का सपना देखा करता था, जिसे उसने आज पूरा कर लिया है। कहा कि बेटे की उपलब्धि से आज पूरे देश में परिवार व क्षेत्र का मान बढ़ा है। ग्रामीण व जिलाध्यक्ष उक्रांद मनमोहन पंत ने बताया कि आयुष मरोड़ा गांव से नौ सेना अफसर बनने वाला पहला बेटा है।
कोटद्वार की सौम्या ढौंडियाल बनी नौ सेना में सब लेफ्टिनेंट
कोटद्वार की बेटी सौम्या ढौंडियाल ने भारतीय नौ सेना मेें सब लेफ्टिनेंट का पद हासिल कर अपने परिजनों और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सौम्या के नौ सेना अधिकारी बनने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।
कोटद्वार के कुंभीचौड़ निवासी सौम्या के पिता सुनील ढौंडियाल नेवी के चीफ पेटी ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हैं और माता सुषमा ढौंडियाल गृहणी हैं। छोटी बहन सुचिता ढौंडियाल दिल्ली में मेडिकल की तैयारी कर रही है, जबकि छोटा भाई सुभिन ढौंडियाल 11वीं में पढ़ रहा है।
सौम्या के पिता सुनील ढौंडियाल ने बताया कि बचपन से ही सौम्या पढ़ने में होशियार थी। उसने प्राथमिक से लेकर 12वीं तक की शिक्षा उनकी नौकरी के दौरान मुंबई, चेन्नई, अंडमान निकोबार से की। उसने बंगलूरू से बीटेक किया है। इसके बाद उसने नेवी में अधिकारी बनने के लिए वर्ष 2019 में परीक्षा पास की और साथ ही एसएसबी में भी कामयाबी पाई।
लॉकडाउन होने के कारण बीच में ट्रेनिंग बंद थी, जिसके कारण उसने दिसंबर 2020 में आईएनए इझीमला में ट्रेनिंग शुरू की। शनिवार को नौ सेना के आईएनए इझीमला में नेवी के 100वें बैच से वह पासिंग आउट होकर और नौ सेना में सब लेफ्टिनेंट बन गईं। उन्होंने बताया कि सौम्या का बचपन से ही नौ सेना अधिकारी बनने का सपना था, जो आज पूरा हो गया है।