फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   uttarakhand news : pan khokha owner asked cigarette money police constable crush him from car

Uttarakhand News : पान खोखा व्यवसायी ने सिगरेट के रुपए मांगे तो कांस्टेबल ने उस पर चढ़ा दी कार, मौत

Thu, 31 Dec 2020 10:32 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, बाजपुर
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, बाजपुर Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Thu, 31 Dec 2020 10:32 PM IST
विज्ञापन
uttarakhand news : pan khokha owner asked cigarette money police constable crush him from car
बाजपुर कोतवाली में भारी पुलिस बल तैनात - फोटो : amar ujala

उत्तराखंड के बाजपुर में सिगरेट के रुपये मांगने से गुस्साए कोतवाली के एक कांस्टेबल ने तैश में आकर बुधवार देर रात खोखे वाले को कार से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक के दो चचेरे भाई और उनका दोस्त घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल एक युवक का हल्द्वानी के अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस वाले के इस क्रूर कृत्य से आक्रोशित लोगों ने रात में ही कोतवाली परिसर में शव रखकर हंगामा किया।

विज्ञापन


हालात को देख आसपास के थानों समेत नैनीताल जिले से भी पुलिस फोर्स बुला लिया गया। पुलिस के आला अफसरों के निर्देश पर मृतक के भाई की तहरीर पर कांस्टेबल सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। नाइट अफसर बन्नाखेड़ा चौकी प्रभारी अनिल जोशी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते कुमाऊं परिक्षेत्र के आईजी अजय रौतेला, एसएसपी डीएस कुंवर सहित अन्य अफसर भी रात में ही मौके पर पहुंच गए थे। 
विज्ञापन


हल्द्वानी जाने वाली बसों के लिए बने निजी बस स्टैंड के पास अजय रूहेला और उसके भाई गौरव रूहेला (26) का पान का खोखा है। बुधवार देर रात करीब साढ़े 10 बजे गौरव रूहेला अपनी दुकान का सामान अंदर रख रहा था। पास में ही उसके चचेरे भाई विशाल रूहेला (31) और शिभम रूहेला (25) के अलावा उनका दोस्त अजय यादव (25) निवासी राजीवनगर खड़े थे। इसी बीच कोतवाली में तैनात कांस्टेबल प्रवीन कुमार, उसका साला जीवन और साथी गौरव राठौर पान के खोखे पर आए।
विज्ञापन
विज्ञापन


आरोप है कि उन्होंने सिगरेट लेकर रुपये नहीं दिए। रुपये मांगने पर कार सवार कांस्टेबल और उसके साथियों ने गालीगलौज और मारपीट कर धमकी दी, जिस पर हंगामा हो गया। गुस्से में कार सवार कांस्टेबल ने खोखा स्वामी गौरव रूहेला के ऊपर पीछे से कार चढ़ा दी। घटना में गौरव के अलावा उसके चचेरे भाई विशाल रूहेला, शिभम रूहेला और साथी अजय यादव घायल हो गए। आरोपी कांस्टेबल कार को बैक कर अपने साले और साथी के साथ मौके से फरार हो गया। 

Trending Videos

कांस्टेबल सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आसपास के लोगों ने सभी घायलों को आननफानन में सीएचसी पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल खोखा स्वामी गौरव और विशाल को डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों से गौरव को मृत घोषित कर दिया जबकि विशाल का इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 

इधर, आक्रोशित परिजन देर रात करीब ढाई बजे ही शव लेकर आए और सीधे कोतवाली पहुंच गए। यहां शव को कोतवाली परिसर में रखकर परिजनों और लोगों ने खूब हंगामा किया। इस बीच लोगों की एएसपी राजेश भट्ट से तीखी नोकझोंक भी हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी (कुमाऊं) अजय रौतेला, एसएसपी डीएस कुंवर सहित अन्य अफसर भी रात में ही मौके पर पहुंच गए। पुलिस अफसरों ने परिजनों और लोगों से बात कर उन्हें समझाने की कोशिश की। पूरी रात कोतवाली में हंगामा चलता रहा। 

आला अफसरों के निर्देश परपुलिस ने मृतक के भाई अजय रूहेला की तहरीर पर आरोपी कांस्टेबल प्रवीन कुमार, उसके साले जीवन और साथी गौरव राठौर के विरुद्ध धारा 302, 504 व 506 के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच काशीपुर कोतवाल संजय पाठक को सौंपी। एसएसपी डीएस कुंवर ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल प्रवीन, उसके साले जीवन और गौरव राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहां एसपी क्राइम प्रमोद कुमार, एएसपी राजेश भट्ट, एसडीएम एपी वाजपेयी, सीओ दीपशिखा अग्रवाल, तहसीलदार प्रेम सिंह चौहान सहित अन्य थाना क्षेत्रों से भारी पुलिस बल तैनात रहा।

नाइट अफसर एसआई अनिल जोशी लाइन हाजिर 
देहरादून से पहुंचे डीआईजी (कानून व्यवस्था) नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि लापरवाही बरतने पर नाइट अफसर बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल जोशी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सिपाही प्रवीन कुमार ने जानबूझकर और बेरहमी से गाड़ी चढ़ाई है, जो जघन्य अपराध है। आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीजी अशोक कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर उन्हें भेजा है। चौकी इंचार्ज अनिल जोशी को फिलहाल लाइन हाजिर किया गया है। जांच में तथ्य आने पर निलंबित भी किया जाएगा। जांच प्रभावित न हो इसके लिए दूसरे थाना प्रभारी को निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईजी भरणे ने घटना को दुखद बताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की है।  

आरोपी कांस्टेबल समेत तीनों को भेजा जेल

सीओ दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल प्रवीन सहित तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। आरोपी सिपाही प्रवीन के निलंबन की संस्तुति रिपोर्ट कोतवाली से एसएसपी कार्यालय भेजी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी सिपाही प्रवीन कोतवाली की हाइवे गाड़ी पर चालक था। 

सीएण ने डीजीपी को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने फोन पर डीजीपी अशोक कुमार से बाजपुर में हुई घटना की पूरी जानकारी ली। कहा कि घटना की पूरी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। डीजीपी ने बताया कि तुरंत कार्रवाई करते हुए घटना में लिप्त पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के साथ ही उन पर केस दर्ज किया जा चुका है। 

बाजपुर कोतवाली से दो बार पहले भी हटे थे एसआई अनिल जोशी 
लाइन हाजिर किए गए बन्नाखेड़ा चौकी इंचार्ज अनिल जोशी पहले बाजपुर कोतवाली के अधीन दोराहा पुलिस चौकी और सुल्तानपुर पट्टी पुलिस चौकी में रह चुके हैं। दोनों चौकियों से एसआई जोशी को हटाया गया था। एसआई जोशी की तीसरी तैनाती बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी में की गई थी। अब यहां भी उन्हें लाइन हाजिर किया जाना लोगों में चर्चा का विषय है। 

छावनी में तब्दील हुआ बाजपुर 
सिपाही के कार से खोखा स्वामी को कुचलने की खबर शहर में आग की तरह फैल गई। शोक संवेदना व्यक्त करने वाले जनप्रतिनिधियों सहित अन्य लोगों का मृतक के घर तांता लग गया। इसे पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए नैनीताल, ऊधमसिंह नगर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से फोर्स को बुला लिया। शहर के मुख्य मार्ग, बेरिया दौलत रोड, हल्द्वानी बस स्टैंड, मझरा प्रभु, रामलीला मैदान सहित अन्य स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिससे बाजपुर शहर छावनी में तब्दील नजर आया।

इधर, समाज कल्याण अनुश्रवण समिति अध्यक्ष राजेश कुमार, पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते, नैनीताल सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष अविनाश शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, ब्लॉक प्रमुख पति राजकुमार, कांग्रेस जिला प्रवक्ता प्रेम सिंह यादव, डॉ. नरेंद्र खत्री और सभासद सहित अन्य लोगों ने सूझबूझ से आक्रोशित लोगों को शांत किया। इस पर बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed