उत्तराखंड : पुलिस कर्मियों को डीजीपी अशोक कुमार देंगे साप्ताहिक अवकाश का तोहफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के नवनियुक्त डीजीपी अशोक कुमार ने पुलिस सुधारों की दिशा में एक कदम और बढ़ाते हुए कहा है कि शुरुआती तौर पर प्रदेश के नौ पर्वतीय जिलों में तैनात पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने का विचार है।
यह प्रयोग सफल रहा तो प्रदेश के सभी जिलों के लिए यह व्यवस्था लागू की जाएगी। हालांकि, जरूरत पड़ने पर उन्हें ड्यूटी पर आना होगा। डीजीपी बनने के बाद अपने पहले कुमाऊं दौरे पर बुधवार को नैनीताल पहुंचे अशोक कुमार ने नैनीताल क्लब में अमर उजाला से बातचीत की।
प्रदेश में महिला थानों को लेकर किए गए सवाल पर डीजीपी ने उनकी उपयोगिता पर सवाल उठाए और कहा कि अन्य जिलों में भी यह प्रयोग सफल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के हर थाने में एक महिला एसआई और चार महिला कांस्टेबलों की तैनाती अनिवार्य की गई है। साथ ही हर थाने में कैमरे लगे हैं। ऐसे में अलग से महिला थाने की कोई जरूरत महसूस नहीं होती। महिला थाना अल्मोड़ा में है लेकिन वहां मुकदमे कम दर्ज हो रहे हैं। यह प्रयोग सफल नहीं हो पाया है।
साइबर अपराध को लेकर उन्होंने कहा कि पुलिस के जो आंकड़े हैं, उसके तहत प्रदेश में 70 प्रतिशत साइबर अपराध वित्त से संबंधित हैं, जबकि 30 प्रतिशत अन्य हैं। सूचना तकनीक (आईटी) कानून की धारा 78 में इंस्पेक्टर स्तर के पुलिस अधिकारी को ही इन मामलों में जांच का अधिकार हासिल है।
समस्या यह है कि प्रदेश में इंस्पेक्टरों की कमी है। उन पर लोड ज्यादा है और वे साइबर अपराधों की विवेचना से बचने की कोशिश भी करते हैं। इस एक्ट में बदलाव हो और एसआई स्तर के अधिकारी को भी विवेचना का अधिकार होना चाहिए।
इधर, डीजीपी ने हल्द्वानी में पत्रकारवार्ता में कहा कि साइबर अपराधियों का मुकाबला करने केलिए प्रदेश में चार हजार पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है। नैनीताल-पंतनगर के बीच एक साइबर थाना खोलने की योजना है। शासन से थाना खोलने के लिए संस्तुति मिल चुकी है। संभावना है कि जल्द ही साइबर थाना कुमाऊं को मिलेगा।
पेमेंट भी ऑनलाइन-रिश्ते भी ऑनलाइन
बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर डीजीपी ने कहा कि मौजूदा समय में पैसा और रिश्ते दोनों ही ऑनलाइन हो गए हैं। ऐसे समय में सभी को जागरूक होना बहुत जरूरी है। हम पुलिस अधिकारियों को साइबर एक्सपर्ट बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
अमर उजाला की पुलिस की पाठशाला मुहिम को भी सराहा
डीजीपी अशोक कुमार ने बच्चों को जागरूक करने के लिए अमर उजाला की पुलिस की पाठशाला मुहिम को सराहा और कहा कि उन्होंने खुद भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया है। ऐसे कार्यक्रम निरंतर होने चाहिए ताकि बच्चे जागरूक हों।
ड्रग्स पर दो तरफा अटैक
प्रदेश में बढ़ते नशे के चलन को लेकर उन्होंने चिंता जताई साथ ही बताया कि नशे की मांग और आपूर्ति चेन को खत्म करने के लिए एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स बनाई गई है और इसके परिणाम भी बेहतर आ रहे हैं।
चीन और नेपाल सीमा पर पुलिस चौकन्नी : डीजीपी
पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करके चीन और नेपाल सीमा पर चौकन्नी है। देश की स्थिति के मद्देनजर बाहरी ताकतों से मुकाबला करने के लिए पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है।
हल्द्वानी कोतवाली परिसर के हॉल में जन संवाद कार्यक्रम के बाद डीपीजी अशोक कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि तराई क्षेत्र में जन सहयोग के चलते पुलिस ने आतंकवाद का सफाया किया। भविष्य और वर्तमान में साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
.303 बोर की राइफल हटेगी
डीजीपी ने कहा कि पुलिस की सक्रियता मजबूत करने के लिए अब .303 बोर की रायफल हटाई जा रही है। इसके स्थान पर सिपाहियों को अन्य रायफल दी जाएगी।
अपराधियों से रिश्ता रखने वाले बख्से नहीं जाएंगे
डीजीपी ने कहा कि अपराधियों से रिश्ता रखने वाले पुलिसकर्मी बख्शे नहीं जाएंगे। पुलिस को आम जनता के साथ मित्रता पूर्वक व्यवहार रखना होगा। प्रदेश की पुलिस कुंभ मेला कराने के लिए तैयार है। इस मौके पर आईजी रेंज अजय रौतेला, एसएसपी सुनील कुमार मीणा, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव मौजूद थे।