उत्तराखंड : कोविशिल्ड टीका खत्म, केंद्रों पर पसरा सन्नाटा, वैक्सीन खत्म होने पर भड़के लोग
हरिद्वार जनपद में कोरोना वैक्सीन की डोज खत्म होने पर शहर से देहात तक के अधिकांश टीकाकरण केंद्रों पर ताले लटक गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देहरादून जिले में कोविशिल्ड के टीके का कोटा लगभग खत्म हो गया है। टीकों की संख्या कम होने के कारण विभिन्न टीकाकरण केंद्रों पर स्लॉट भी सीमित ही बुक किए गए थे। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल और पुलिस लाइन समेत विभिन्न टीकाकरण केंद्रों में 12 बजे ही कोविशिल्ड के टीके खत्म होने से सन्नाटा नजर आने लगा था।
कुछ ऐसे भी लोग आए थे जो मौके पर ही पंजीकरण कर टीका लगाना चाहते थे। हालांकि, बिना पंजीकरण के उन्हें टीका नहीं लग पाया। इसके अलावा विभिन्न केंद्रों पर कोवाक्सीन के टीके की पहली और दूसरी खुराक लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार पांडेय ने बताया कि गुरुवार को जिले में लगभग सात हजार लोगों को कोरोना टीके की पहली और दूसरी खुराक लगाई गई।
जिला देहरादून में दो जुलाई (शुक्रवार) को 12470 लोगों को कोविड का टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। टीकाकरण के लिए जनपद में कुल 90 केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें से 62 केंद्रों पर लाभार्थियों को पहली व दूसरी खुराक दी जाएगी। 20 केंद्रों पर पहली डोज और आठ केंद्रों पर दूसरी खुराक लगाई जाएगी। 28 केंद्र 18-44 वर्ष आयु के लाभार्थियों के लिए, जबकि 62 केंद्र 45 प्लास आयु के लाभार्थियों के लिए बनाए गए हैं। डॉ. पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को टीके की कुछ और खुराक मिलने वाली है।
सुबह से दोपहर तक इंतजार, नहीं लगी वैक्सीन की डोज
हरिद्वार जनपद में कोरोना वैक्सीन की डोज खत्म होने पर शहर से देहात तक के अधिकांश टीकाकरण केंद्रों पर ताले लटक गए हैं। डोज नहीं होने का नोटिस चस्पा होने के बाद भी बड़ी संख्या में लोग टीका लगाने के लिए पहुंचे। कई घंटा इंतजार करने के बाद मायूस होकर लौट गए। मालूम हो कि पिछले हफ्ते चार दिन तक डोज नहीं मिलने के कारण टीकाकरण बंद पड़ा था।
इस सप्ताह मंगलवार को जनपद साढ़े सोलह हजार डोज मिली थी। स्वास्थ्य विभाग ने 57 केंद्रों पर टीकाकरण किया था। यह डोज भी खत्म हो गई। बुधवार को विभाग के पास करीब एक हजार डोज बची थी। गुरुवार को केवल 11 केंद्रों पर ही टीका लगाया गया। शहर के प्रेमनगर आश्रम, देवपुरा आश्रम और ऋषिकुल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के केंद्र पर सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। इन तीनों केंद्रों के गेट पर ताला लटका था और डोज नहीं होने का नोटिस चस्पा था।
रुद्रपुर : वैक्सीन खत्म होने पर भड़के लोगों का हंगामा
निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के टीकाकरण केंद्र पर गुरुवार को वैक्सीन खत्म होने पर टीका लगवाने का इंतजार कर रहे सैकड़ों लोग भड़क उठे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पर जनता के स्वास्थ्य के प्रति जवाबदेही का निर्वहन न कर पाने का आरोप लगाया। आक्रोशित लोगों को समझाने के बावजूद हंगामा बढ़ने पर वैक्सीन लगा रही एएनएम परेशान होकर रोने लगी।
रुद्रपुर समेत जिलेभर में वैक्सीन की कमी के कारण केंद्रों पर पहुंचे सैकड़ों लोगों को वैक्सीन नहीं लग पाई। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के टीकाकरण केंद्र पर भी वैक्सीन खत्म होने के कारण सुबह से वैक्सीन लगाने के लिए लाइन में खड़े लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पंजीकरण के लिए माथापच्ची करनी पड़ रही है और फिर चिलचिलाती धूप में इतनी दूर आकर टीकाकरण के लिए लाइन में खड़े हैं। इसके बाद भी जब नंबर आया तो वैक्सीन खत्म होने की बात कहकर उन्हें लौटाया जा रहा है।
हंगामा बढ़ने पर एएनएम दीपा जोशी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग सुनने को तैयार नहीं हुए। इस पर परेशान होकर एएनएम दीपा फफककर रो पड़ीं। बाद में आक्रोशित लोग बगैर वैक्सीन लगवाए लौट गए। इधर, टीकाकरण अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने कहा कि जिले में वैक्सीन की कमी के कारण केंद्रों पर पहुंचे सभी को वैक्सीन नहीं लग पाई। शुक्रवार शाम तक जिले को करीब 40 हजार वैक्सीन मिलने की उम्मीद है।