Uttarakhand News: उत्तराखंड के लिए बुरी खबर, जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में दो और जवान शहीद
नरेंद्रनगर ब्लाक के खाड़ी-रामपुर गांव निवासी सूबेदार अजय रौतेला पुत्र स्व. अब्बल सिंह रौतेला और लैंसडोन के नायक हरेंद्र सिंह आतंकियों से हुई मुठभेड़ में शहीद हो गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में उत्तराखंड के दो और लाल शहीद हो गए हैं। टिहरी निवासी सूबेदार अजय रौतेला और पौड़ी निवासी नायक हरेंद्र सिंह शहादत को प्राप्त हुए हैं। सूबेदार अजय रौतेला और नायक हरेंद्र सिंह भी सेना के उस सर्च ऑपरेशन में शामिल थे, जिसमें गुरुवार को उत्तराखंड के दो जवान शहीद हो गए थे। इस दौरान दोनां घायल हो गए थे और लापता हो गए थे।
मुख्यमंत्री ने शहीद अजय और हरेंद्र की शहादत को किया सेल्यूट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए सूबेदार अजय रौतेला और नायक हरेंद्र सिंह रावत की शहादत को सेल्यूट किया है। मुख्यमंत्री ने शहीद के परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
आतंकियों से हुई मुठभेड़ में शहीद
नरेंद्रनगर ब्लाक के खाड़ी-रामपुर गांव निवासी सूबेदार अजय रौतेला पुत्र स्व. अब्बल सिंह रौतेला और लैंसडोन के नायक हरेंद्र सिंह आतंकियों से हुई मुठभेड़ में शहीद हो गए हैं। मेंढर तहसील में भाटादूड़ियां के नाड़ खास जंगल से शनिवार शाम को शहीद अजय सिंह और हरेंद्र सिंह का शव निकाल लिया गया।
सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि 14 अक्तूबर को आतंकियों से भाटादूड़ियां के नाड़ खास जंगल में आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई थी। सूबेदार अजय सिंह और हरेंद्र सिंह से संपर्क टूट गया था। इसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी। आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन के बीच शनिवार की शाम को उनके शव बरामद कर लिए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर आतंकी मुठभेड़: शहीद होने से चंद घंटे पहले योगंबर ने की थी पत्नी से बात, किया था ये वादा
12 सितंबर को ही छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर गए थे अजय
सूचना मिलते ही अजय रौतेला के परिजन देहरादून से रामपुर गांव पहुंच गए। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। पत्नी विमला देवी, जुड़वां पुत्र सुमित और अमित का रो-रोकर बुरा हाल है।
उनके भाई दीपक रौतेला ने बताया कि 46 वर्षीय अजय रौतेला 17 गढ़वाल राइफल में थे और वर्तमान में आरआर 48 (राष्ट्रीय राइफल) में जम्मू कश्मीर में तैनात थे। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को ही उनके भाई अजय छुट्टी बिताकर जम्मू-कश्मीर ड्यूटी पर गए थे।
दो साल बाद उनका रिटायरमेंट था। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि रामपुर निवासी सूबेदार अजय रौतेला के लापता होने की सूचना मिली है। आर्मी हेडक्वार्टर से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है।
आतंकी मुठभेड़ में उत्तराखंड के दो जवान शहीद
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकी मुठभेड़ में उत्तराखंड के दो जवान शहीद हुए थे। सैन्य प्रवक्ता ने बताया था कि गुरुवार शाम से पुंछ जिले के मेंढर में काउंटर टेररिस्ट ऑपरेशन के दौरान भारी गोलीबारी हुई। जिसमें राइफलमैन विक्रम सिंह नेगी और राइफलमैन योगंबर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में शहादत को प्राप्त हुए। शहीद राइफलमैन विक्रम सिंह नेगी (उम्र 26 साल) जिला टिहरी गढ़वाल और रायफलमैन योगंबर सिंह (उम्र 27 साल) जिला चमोली के रहने वाले थे।
विधानसभा अध्यक्ष ने शहीद अजय रौतेला की शहादत पर शोक जताया
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद टिहरी जिले के नरेंद्र नगर ब्लॉक के रामपुर खेड़ी गांव निवासी सूबेदार अजय रौतेला की शहादत पर शोक व्यक्त किया है। अग्रवाल ने शहीद सूबेदार अजय रौतेला की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के जवानों ने अपने प्राणों की चिंता किए बिना देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च न्योछावर किया है। शहीद हुए जवानों के बलिदान को जाया नहीं होने दिया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार हर तरह से शहीद के परिजनों के साथ हैं।