Uttarakhand Investor Summit: अदाणी समेत उद्योगपतियों ने खोला प्रदेश की समृद्धि के लिए पिटारा, की बड़ी घोषणाएं
Uttarakhand Investor Summit 2023: अडानी ग्रुप ने उत्तराखंड में बड़े निवेश का एलान किया। वहीं, जिंदल ग्रुप, बाबा रामदेव और आईटीसी के एमडी संजीव पुरी ने प्रदेश में निवेश के बड़े एलान किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में आज से दो दिवसीय वैश्विक निवेशक सम्मेलन का आगाज हो गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस दौरान सबसे पहले अडानी ग्रुप ने उत्तराखंड में बड़े निवेश का एलान किया। वहीं, जिंदल ग्रुप, बाबा रामदेव और आईटीसी के एमडी संजीव पुरी ने प्रदेश में निवेश के बड़े एलान किए।
निवेशक सम्मेलन में पहुंचे अडानी एंटरप्राइज के निदेशक प्रणव अडानी ने आमंत्रित करने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। कहा कि देहरादून आना हमेशा सौभाग्य की बात होती है, जो मेरे ह्रदय में विशेष स्थान रखता है। साथ ही कहा कि उत्तराखंड की भूमि लैंड ऑफ गॉड है। राज्य में निवेश को लेकर पिछले पांच साल से यहां अप्रत्याशित बदलाव हुए हैं। सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन और सीमेंट फैक्ट्री के क्षेत्र में हम उत्तराखंड में मौजूद हैं।
Uttarakhand Investor Summit: पहाड़ी टोपी और वास्केट में पीएम मोदी का खास अंदाज...देखें सम्मेलन की तस्वीरें
अदाणी ने निवेश के लिए खोला पिटारा
अदाणी समूह ने उत्तराखंड में बड़े निवेश का ऐलान किया। सम्मेलन में पहुंचे अदाणी एंटरप्राइज के निदेशक प्रणव अदाणी ने प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने राज्य में भविष्य के निवेश का खाका पेश किया।
प्रणव अडाणी ने कहा कि राज्य में निवेश के प्रति उनके समूह के आकर्षण के कारण सिंगल पॉइंट क्लियरेंस, जमीन की वाजिब कीमतें, सस्ती बिजली और बेहतर डिस्ट्रिब्यूशन, कुशल कामगार, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से करीबी और बेहतरीन कानून-व्यवस्था के माहौल हैं। वर्तमान अदाणी समूह राज्य में गैस ड्रिस्ट्रिब्यूशन और सीमेंट मैन्युफैक्चरिंग तक फैली हुई है। प्रणव अदाणी के अनुसार, इंडियन ऑयल और अदाणी टोटल गैस के जॉइंट वेंचर, आईओएजीपीएल के माध्यम से अदाणी डोमेस्टिक, कॉमर्शियल और इंडस्ट्रियल सभी ग्राहकों को प्राकृतिक गैस पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा, स्वच्छ ईंधन को सर्वसुलभ बनाने के अदाणी समूह 200 स्टेट ट्रांसपोर्ट बस को पर्यावरण अनुकूल सीएनजी बस में बदलने में योगदान दे रहा है।
राज्य में अदाणी समूह अंबुजा सीमेंट्स की मौजूदा क्षमता को बढ़ाने के लिए 1700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा। इसके तहत रुड़की प्लांट की क्षमता को मौजूदा 1.2 मिलियन टन प्रति वर्ष से अगले साल के आखिर तक 3 मिलियन टन प्रति वर्ष तक ले जाने के लिए 300 करोड़ रुपये का निवेश होगा। साथ ही 4 मिलियन टन प्रति वर्ष की क्षमता वाली ग्राइंडिंग यूनिट बनाने के लिए लगभग 1400 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
इस बड़े निवेश से उम्मीद की जा रही है कि ऋषिकेश-देहरादून क्षेत्र में करीब 6000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही, कुमाऊं में उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन के साथ पारंपरिक बिजली मीटर को स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बदलने के लिए 800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना शुरू की गई है। अदाणी समूह अब पंतनगर में 1000 एकड़ जमीन के विकास की संभावना भी तलाश रहा हैं। इन संभावनाओं में एयरो-सिटी, अंतर्देशीय कंटेनर डिपो, लॉजिस्टिक्स वेयरहाउसिंग और नॉलेज पार्क के लिए बुनियादी ढांचा शामिल है।
15 हजार करोड़ के पंप स्टोरेज, धार्मिक स्थलों पर वेंडिंग मशीन लगाएंगे : सज्जन जिंदल
जेएसडब्ल्यूए ग्रुप के एमडी व अध्यक्ष सज्जन जिंदल ने कहा कि राज्य में वह लगातार निवेश करने को प्रतिबद्ध हैं। आगामी पांच से छह साल के भीतर वह राज्य में 1500-1500 मेगावाट क्षमता के करीब 15 हजार करोड़ के प्लांट लगाने जा रहे हैं, जिससे प्रदेश में हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने केदारनाथ में क्लीन केदारनाथ प्रोजेक्ट शुरू किया है, जिसके तहत तीर्थयात्रियों को खाली प्लास्टिक बोतल वेंडिंग मशीन में देने पर 10 रुपये मिल रहे हैं। कहा कि यह प्रोजेक्ट सफल हो गया है। अब दूसरे धार्मिक स्थलों पर भी ये प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा।
राज्य में 10 हजार करोड़ निवेश करेगा पतंजलि
पतंजलि समूह राज्य में 10 हजार करोड़ का निवेश करेगा। योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि उनके इस निवेश से राज्य में 10 हजार नए रोजगार का सृजन होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तक अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने सभी कंपनियों से आह्वान किया कि वे अपने कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत राज्य में अच्छे स्कूल बनाएं। उन्होंने ये भी कहा कि राज्य की आबोहवा इतनी मुफीद है कि यहां न केवल उद्योग लंबे समय तक चलेंगे बल्कि उन्हें चलाने वाले भी दीर्घायु होंगे। उन्होंने सभी कारपोरेट हाउस से आह्वान किया कि वे अपना एक कॉरपोरेट ऑफिस उत्तराखंड में भी बना लें, इससे उनकी उम्र बढ़ जाएगी। स्वामी रामदेव ने सरकार से मांग की कि देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट को 24 घंटे के लिए खोल दिया जाए। ताकि उद्यमियों को यहां आने-जाने में आसानी हो।
राज्य में चार होटल, पल्प मिल बनाएगा आईटीसी: संजीव पुरी
आईटीसी के एमडी संजीव पुरी ने कहा कि अभी राज्य में उनके नौ होटल हैं। चार और खोले जाएंगे। फूड प्रॉडक्ट का विस्तार करेंगे। राज्य में 4000 करोड़ की लागत से पल्प मिल लगाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जूस, फ्रोजन वेजिटेबल के बिजनेस का और विस्तार करेंगे। तेलंगाना के बद्राचलम की तर्ज पर राज्य में इंटिग्रेटेड पल्प मिल लगाने जा रहे हैं, जिससे बड़ी संख्या में रोजगार सृजन भी होगा। ये पेपर बोर्ड मिल आने वाले समय में तेलंगाना की तरह बड़े स्केल पर काम करेगी।उत्तराखंड में गुलाब का शरबत बनाकर दुबई तक ले जाएगा रसना
दुनिया के 60 देशों में अपने उत्पाद से पहचान बना चुका रसना ग्रुप अब उत्तराखंड के गुलाब से बने शरबत को दुबई तक ले जाएगा। रसना ग्रुप के चेयरमैन पिरूज खंबाटा ने अमर उजाला से बातचीत में अपनी निवेश प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के उत्पादों को वैश्विक स्तर तक एक पहचान देने का अच्छा मौका है। यहां के किसान गुलाब की खेती को बढ़ावा देंगे तो निश्चित तौर पर हम उनकी आमदनी बढ़ाने वाले साबित होंगे। खंबाटा ने बताया कि वह यहां के गुलाब से रोज शरबत, रोज ऑयल और रोज वाटर बनाकर दुनियाभर में पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि वे यहां की हल्दी, शहद जैसे उत्पादों को भी वैश्विक स्तर तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पिछले 10 साल में राज्य में निवेश बढ़ रहा है। यहां की औद्योगिक नीतियां प्रोत्साहित करने वाली हैं। रसना ग्रुप यहां बड़ा निवेश करने जा रहा है।
इंटिग्रेटेड टाउनशिप बनाएगा बुर्ज खलीफा निर्माण करने वाला एमार ग्रुप
एमार ग्रुप के सीईओ कल्याण चक्रवृत्ति ने राज्य में अर्बन इको सिस्टम के क्षेत्र में काम करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि वह इंटिग्रेटेड इकोनोमिक टाउनशिप तैयार कर रहे हैं। उनकी पहचान बुर्ज खलीफा के निर्माण के तौर पर मानी जाती है। अपने देश व राज्य में भी वह कुछ इसी अंदाज में काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनका ग्लोबल हेडक्वार्टर यूएई में है। आज भारतवासियों के प्रति पूरी दुनिया का नजरिया बदल रहा है। इसका लाभ उद्योगपतियों को भी हो रहा है। उनकी कंपनी के संस्थापक का भारत के प्रति विशेष लगाव है। राज्य में वह बेहतर टाउनशिप की सुविधा देने जा रहे हैं।
हजारों करोड़ खर्च करेगा टीवीएस
टीवीएस सप्लाई चेन साल्यूशन के अध्यक्ष आर दिनेश ने बताया कि उन्होंने राज्य में टायर व ऑटो कंपोनेँट की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाई हुई हैं, जिनसे 3000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है। आने वाले समय में वे इसका विस्तार करने पर 1200 करोड़ खर्च करेंगे, जिससे 7000 और लोगों को रोजगार मिलेगा। वह राज्य में 10 मॉडल कॅरियर सेंटर बनाएंगे, जहां एक लाख से अधिक लोगों को रोजगारपरक काउंसिलिंग दी जाएगी। इसके अलावा वे विश्वस्तरीय मल्टी स्किल डेवलपमेंट सेंटर बनाएंगे, जिसमें 10 हजार लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस सेंटर से वे देश ही नहीं दुनियाभर में रोजगार हासिल कर सकेंगे।