उत्तराखंड जिला पंचायत उपचुनाव : झबरेड़ा में 54.47, खानपुर में 73 फीसदी हुआ मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झबरेड़ा में कोटवाल आलमपुर जिला पंचायत सीट पर बृहस्पतिवार को शांतिपूर्ण ढंग से उपचुनाव संपन्न हो गया। इस दौरान तीन सेक्टरों में 54.45 प्रतिशत मतदान हुआ। 18,214 मतदाताओं में 9785 पुरुष और 8428 महिलाएं शामिल थीं, जिनमें से कुल 9918 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। इनमें पुरुष मतदाता 5547, महिला मतदाताओं की संख्या 4391 रही। 21 दिसंबर को मतगणना में हारजीत का फैसला होगा।
जिला पंचायत सीट पर कुल 31 बूथों पर मतदान हुआ। सुबह आठ 8 बजे से वोटिंग शुरू हो गई, लेकिन दोपहर तक मतदाताओं ने कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। वह इक्का-दुक्का ही आते रहे। किसी भी बूथ पर लाइन लगने की नौबत तक भी नहीं आई। इसकी एक वजह सर्दी भी रही।
निर्वाचन अधिकारी विकेश यादव ने बताया कि दोपहर दो बजे तक 40 फीसदी मतदान हो गया था और शाम पांच बजे तक मतदान का प्रतिशत 50 के आंकड़े को पार कर गया। वोटिंग खत्म होने तक वोटिंग प्रतिशत सेक्टर एक में 59.12, दूसरे 47.17, जबकि तीसरे सेक्टर में 58.83 रहा। पोलिंग बूथों पर ज्यादा भीड़ न होने से सुरक्षाबलों को भी ज्यादा दिक्कत नहीं उठानी पड़ी।
मतदान के बाद सभी ने किए जीत के दावे
कोटवाल आलमपुर जिला पंचायत सीट पर पिछले चुनाव में सविता चौधरी विजयी हुई थीं और फिर वही जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर आसीन रहीं। लेकिन पिछले दिनों शासन ने उन्हें बर्खास्त कर दिया था, जिसके बाद खाली हुई सीट पर बृहस्पतिवार को उपचुनाव कराया गया। जिला पंचायत के धुरंधर नेता चौधरी राजेंद्र सिंह जीत के प्रति पूरे आश्वस्त हैं, वहीं निशा चौधरी के समर्थक भी अपनी जीत पक्की मानकर चल रहे हैं।
बुजुर्ग के मतदान करने के जज्बे को सलाम
कोटवाल आलमपुर निवासी बुजुर्ग घनश्याम शर्मा को बीमारी की वजह से चलने में दिक्कत थी, लेकिन वह वोट डालने की चाह में आयरन स्टैंड का सहारा लेकर मतदान करने आए। उन्होंने बताया कि ज्यादा सर्दी की वजह से भी उसको कई लोगों ने उनको घर से बाहर जाकर मतदान करने से मना किया, लेकिन वह अपन जिम्मेदारी निभान से नहीं चूके।
कोटवाल आलमपुर जिला पंचायत सीट में ये गांव शामिल
शीतलपुर, मखदुमपुर, शेरपुर खेलमऊ, लखनोता, रामनगर, टिकोला कला सूसाड़ी सुसाडा गोकुलपुर सढोला माजरा सढोली, श्यामपुर, कोटवाल आलमपुर।
खानपुर में पूर्व ग्राम प्रधान अनिल कुमार के निधन के बाद खाली हुई थी सीट
खानपुर में गोवर्धनपुर पंचायत में ग्राम प्रधान पद के उपचुनाव में मतदाताओं ने जमकर मतदान किया। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक कुल 72.59 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे।
कुछ समय पहले गोवर्धनपुर पंचायत के ग्राम प्रधान अनिल कुमार का निधन हो गया था। तब से उपप्रधान वीरेंद्र कुमार को चार्ज सौंपा गया था। अब पूरे जनपद में खाली हुए पदों पर शासन चुनाव करा रहा है। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को गोवर्धनपुर पंचायत में ग्राम प्रधान पद के लिए उपचुनाव कराया गया। इस पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में थे।
ग्राम पंचायत के 1810 मतदाताओं में से 620 महिलाओं और 694 पुरुषों सहित कुल 1314 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। रिटर्निंग अफसर नरेंद्र यादव ने बताया कि मत पेटियों को सील कर ब्लॉक मुख्यालय में रखवा दिया गया है। आगामी 21 दिसंबर को मतगणना होगी।
शांतिपूर्ण तरीके से मतदान सम्पन्न
गढ़वाल के दुगड्डा ब्लॉक मेें त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के लिए मतदान हुआ। सुबह निर्धारित समय पर मतदान शुरू होकर शाम पांच बजे शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन हुआ। बृहस्पतिवार को विकास खंड दुगड्डा की ग्राम पंचायत पुलिंडा के ग्राम प्रधान और भानकोट पठूड अकरा के ग्राम पंचायत सदस्य के एक- एक पद के लिए मतदान हुआ।
जिला निर्वाचक अधिकारी के निर्देश पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। पर्वतीय क्षेत्र में कोहरा छाए रहने से कड़ाके की सर्दी के बीच लोग बोट डालने पहुंचें। पुलिंडा में कुल मतदान 322 के सापेक्ष 199 वोट पड़े। भानकोट में मतदान 112 केे सापेक्ष 45, पठूड अकरा मतदाता 68 के सापेक्ष 33 लोगों ने वोट डाले।
पछवादून में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए उपचुनाव
पछवादून के सहसपुर, विकासनगर और कालसी प्रखंड के विभिन्न ग्राम पंचायत के कुल 17 वार्डों में उपचुनाव की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मतदान पेटियों को तीनों विकासखंडों में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रख दिया गया है। 21 दिसंबर को मतों की गणना की जाएगी।
विकासनगर ब्लॉक में जहां पृथ्वीपुर, बुलाकीवाला, डाकपत्थर और ढकरानी गांव के एक-एक वॉर्ड के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई वहीं, कुंजा गांव में दो वार्डों के लिए मत डाले गए। सहसपुर ब्लॉक में गुजराड़ा करनपुर, धूलकोट, अंबीवाला, बडोवाला और ठाकुरपुर परवल में एक-एक वॉर्ड के लिए मत डाले गए। कालसी में ग्राम पंचायत लेल्टा के पांच और रूपऊ में एक वॉर्ड के लिए मतदान हुआ। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पोलिंग बूथों पर पुलिस तैनाती की गई थी। सहायक खंड विकास अधिकारी (विकासनगर) मीना बिष्ट ने बताया कि मतदान पेटियों को कड़ी सुरक्षा निगरानी के बीच रखा गया है।