जहरीला कुट्टू: उत्तराखंड में 1500 से अधिक दुकानों पर छापा, दो दर्जन दुकानदारों को नोटिस, जांच समिति गठित
Uttarakhand News: जांच के लिए एफडीए व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया है। एफडीए के अपर आयुक्त ताजबर सिंह समिति के अध्यक्ष होंगे।
विस्तार
कुट्टू के आटे का सेवन करने से 325 लोगों के बीमार होने के मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। यह समिति तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट शासन को देगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देश है कि मिलावटखोर बख्शे नहीं जाएंगे। उधर, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने अब तक प्रदेश भर में 1500 से अधिक दुकानों पर छापा मारा है। जिसमें दो दर्जन दुकानों को नोटिस देने के साथ 100 किलो कुट्टू आटा नष्ट कराया गया है।
एफडीए आयुक्त डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि जांच के लिए एफडीए व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया है। एफडीए के अपर आयुक्त ताजबर सिंह समिति के अध्यक्ष होंगे। इसके अलावा समिति में उपायुक्त एफडीए राजेंद्र सिंह रावत, सतर्कता सह अभिसूचना शाखा के अधिकारी, स्वास्थ्य महानिदेशक की ओर से नामित दो वरिष्ठ अधिकारी सदस्य होंगे। समिति को निर्देश दिए गए कि सभी पहलुओं की गहन जांच कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल करें।
Uttarakhand: सीएम धामी ने 20 पदाधिकारियों को सौंपे दायित्व, पहली सूची जारी, देखें किसे कहां मिली जिम्मेदारी
1500 से अधिक दुकानों पर छापेमारी
खाद्य संरक्षा और औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मिलावटखोरों के खिलाफ मंगलवार को प्रदेशभर में दुकानों और खाद्य गोदामों में छापामारी की। एफडीए की टीमों ने सभी 13 जनपदों में अब तक 1500 सौ से अधिक दुकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान 100 से अधिक सैंपल लिए गए और दो दर्जन से अधिक दुकानों को नोटिस थमाए गए हैं। एफडीए अपर आयुक्त ताजबर सिंह ने कहा, कुट्टू आटा में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
देहरादून जिले में 100 किलो कुट्टू आटा किया नष्ट
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने उपायुक्त गढ़वाल आरएस रावत और जिला अभिहित अधिकारी के नेतृत्व में रेसकोर्स, आराघर, धर्मपुर, नेहरू कॉलोनी, आढ़त बाजार, हनुमान चैक सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 21 प्रतिष्ठानों में कुट्टू का आटा विक्रय के लिए नहीं पाया गया। केवल गोयल आटा चक्की रेस्ट कैंप में पैक्ड कुट्टू का आटा बिक्री के लिए उपलब्ध पाया गया। जिसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए। जांच दल ने करीब 100 किलो कुट्टू आटा कारगी ट्रचिंग ग्राउंड में नष्ट कर दिया।
आयुक्त ने ली एफडीए अधिकारियों की बैठक
खाद्य संरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त डॉ. आर राजेश कुमार ने प्रदेशभर में युद्धस्तर पर हुई छापा मारी कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अभियान लगातार जारी रहे। अभियान को व्यापक बनाकर चलाया जाए। इसी माह चारधाम यात्रा भी शुरू हो रही है। इसलिए यात्रा से संबंधित जनपदों व यात्रा मार्ग पर खास फोकस किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अभियान में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.