Dehradun: उद्यमियों से बोले अमित शाह- एक सांसद के घर में इतने सारे नोट, आपने जीवन में नहीं देखे होंगे
शाह का इशारा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू की ओर था, जो एक बड़े उद्योगपति हैं और आयकर विभाग ने उनके ग्रुप के झारखंड-ओडिशा और बंगाल के 10 ठिकानों पर छापेमारी कर करीब तीन सौ करोड़ रुपये कैश बरामद किए।
विस्तार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वैश्विक निवेशक सम्मेलन के दौरान उद्यमियों से कहा, एक सांसद के घर में इतने सारे नोट मिले हैं, जो आपने जीवन में कभी नहीं देखे होंगे। कहा, दो दिन पहले मैंने अखबारों में ऐसी तस्वीरें देखी कि अचंभित रह गया। किसी पार्टी के सांसद के घर से इतने नोट निकलना, मैं कह सकता हूं कि इतने उद्योगपति बैठें हैं। आपने इतने नोट जीवन में नहीं देखे होंगे। इतने नोट सिर्फ बैंक के खजांची ने ही देखे होंगे।
शाह का इशारा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू की ओर था, जो एक बड़े उद्योगपति हैं और आयकर विभाग ने उनके ग्रुप के झारखंड-ओडिशा और बंगाल के 10 ठिकानों पर छापेमारी कर करीब तीन सौ करोड़ रुपये कैश बरामद किए।
Global Investors Summit: अमित शाह बोले- उत्तराखंड ही एक स्थान...जहां दैवीय शक्ति भी है और डेवलपमेंट भी
कोई कितना भी बड़ा क्यों न हो भ्रष्टाचारी बख्शा नहीं जाएगा
शाह ने कहा, मैं विश्वास दिलाता हूं कि भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी बड़ा व्यक्ति हो, उसको दंड मिलेगा। जहां भी भाजपा शासित सरकारें हैं, वहां पारदर्शिता जमीनी सच्चाई है। पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोरता से काम किया।
प्रदेश में कुदरत ही नहीं, भ्रष्टाचारमुक्त शासन भी है
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, उत्तराखंड में कुदरत ही नहीं, बल्कि यहां भ्रष्टाचारमुक्त शासन भी है, जो निवेश के लिए बहुत जरूरी है। कहा, जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां जमीन पर पारदर्शिता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पारदर्शी माहौल देने का काम किया गया है।
उत्तराखंड पॉलिसी ड्राइवन स्टेट बन गया
शाह ने कहा, उत्तराखंड ने पिछले छह वर्षों में 30 नीतियां बनाने का काम किया है। नीति आयोग के सुझाव पर अमल करते हुए सेतु बनाकर उसके तहत तीन सेंटर बनाए। उत्तराखंड समग्र देश की नीतियों की चिंता करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तराखंड पॉलिसी मेकिंग में भी बड़ी भूमिका तय करेगा।