किसान की बेटी अंकिता ने रोशन किया उत्तराखंड का नाम, नेशनल जूनियर फेडरेशन कप में नए रिकॉर्ड के साथ जीते दो गोल्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसान महिमानंद ध्यानी की होनहार बिटिया अंकिता ध्यानी ने उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। अंकिता ने भोपाल में चल रहे नेशनल जूनियर फेडरेशन कप में नए रिकॉर्ड के साथ दो गोल्ड अपने नाम किए हैं। अंकिता ने 1500 मीटर और पांच हजार मीटर स्पर्धा में देशभर के खिलाड़ियों को पछाड़कर गोल्ड जीता।
अंकिता ने सोमवार को 16.37.90 मिनट के रिकॉर्ड समय में पांच हजार मीटर की दौड़ पूरी की। इससे पहले मीट में पांच हजार मीटर का रिकॉर्ड 17.02 मिनट था। इसके अलावा 1500 मीटर में भी अंकिता ने बड़े अंतर के साथ जीत हासिल की। मूलत: पौड़ी, रूड़ा गांव निवासी अंकिता अभी एलपीयू में पीटीई प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। अंकिता ने इससे पहले अगस्त्यमुनि खेल छात्रावास में रहने के दौरान कई प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
उत्तराखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव केजेएस कलसी ने बताया कि अंकिता के प्रर्दशन को देखकर वहां मौजूद दर्शक भी खासे उत्साहित दिखे। सभी को अंकिता का खेल बहुत पसंद आया। उन्होंने कहा कि अंकिता ने अपने खेल में बहुत अधिक सुधार किया है। अंकिता ओलंपिक में भी पदक लाने की क्षमता रखतीं हैं।
पढ़ो दून-बढ़ो दून अभियान से जुड़े लोग सम्मानित
राजधानी में पढ़ो दून-बढ़ो दून का टारगेट पूरा हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव के दिशा निर्देशन मेें विभिन्न विभागों ने सामंजस्य स्थापित कर योजना पर काम किया। इसमें उत्कृष्ट कार्य करने वालों को जिलाधिकारी ने सम्मानित किया।
जिले में निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए पढ़ो दून-बढ़ो दून अभियान की शुरूआत की गई थी। कोरोना काल के दौरान आशा और आंगनबाड़ी की मदद से मोहल्लावार निरक्षर लोगों का सर्वे कर सूची तैयार की गई।
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी नितिका खंडेलवाल ने तमाम विभागों के साथ मिलकर 30 हजार से ज्यादा लोगों को साक्षर किया। सोमवार को जिलाधिकारी ने योजना में बेहतर कार्य करने पर ब्लॉक प्रमुख कालसी मठोर सिंह, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, पार्षद, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, बाल विकास अधिकारी, आंगनबाड़ी, गैर सरकारी संगठन और सामान्य नागरिकों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।