Election 2022: दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड में मनीष सिसोदिया, कहा- राज्य बनने का फायदा सिर्फ भाजपा-कांग्रेस को मिला
प्रवक्ता नवीन पिरशाली ने बताया कि आप की विशेषज्ञता डोर-टू-डोर प्रचार में है, जो दिल्ली में पार्टी का सबसे बड़ा हथियार है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने उत्तराखंड में 21 साल राज कर राज्य को गर्त में धकेला है। भाजपा, कांग्रेस के इस अघोषित गठबंधन को तोड़ने के लिए आम आदमी पार्टी ही सक्षम है। कहा कि लखनऊ से उत्तराखंड की दूरी ज्यादा थी, इसलिए यहां के लोगों ने अलग राज्य की मांग की। राज्य बनने का लाभ सिर्फ भाजपा और कांग्रेस के नेताओं को हुआ। भाजपा और कांग्रेस की नूरा-कुश्ती को खत्म करने का समय आ गया है। उत्तराखंड की जनता को अब आप के रूप में मजबूत विकल्प मिल गया है। दिल्ली की तर्ज पर केजरीवाल उत्तराखंड को भी संवारेंगे।
कहा कि उत्तराखंड में सरकार बनी तो टिहरी डैम की हिस्सेदारी यूपी से वापस दिलाकर इस राजस्व राशि से निशुल्क बिजली, पानी और रोजगार दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए टिहरी जिले में डोर टू डोर चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बौराड़ी, कुठ्ठा और साबली गांव पहुंचकर लोगों से टिहरी सीट से पार्टी प्रत्याशी त्रिलोक सिंह नेगी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
उत्तराखंड चुनाव 2022: राज्य में 70 बूथों पर वोटरों को लाना चुनौती, इन पर जागरुकता के लिए विशेष जोर
बौराड़ी में पत्रकार वार्ता में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड में आप की सरकार बनी तो टिहरी बांध प्रभावित परिवारों का पुनर्वास प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। कहा कि उत्तराखंड में बदहाली की जिम्मेदार भाजपा और कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि 21 साल में दिल्ली में जो भाजपा-कांग्रेस नहीं कर पाई। केजरीवाल ने पांच साल में करके दिखाया। सरकारी स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाएं आज दिल्ली में वर्ल्ड क्लास हैं। पांच साल में 10 लाख लोगों को सरकारी रोजगार दिया। उत्तराखंड की जनता पूछे 21 साल में कितने रोजगार दिए।
कहा कि केजरीवाल ने कर्नल अजय कोठियाल जैसे ईमानदार व्यक्ति को सीएम का चेहरा बनाया है। सरकार बनी तो प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट बिजली फ्री, बेरोजगारों को नौकरी मिलने तक पांच हजार भत्ता, प्रत्येक परिवार में 18 साल से ऊपर की महिलाओं को एक हजार मासिक भत्ता, शहीद सैनिकों के परिजनों को एक करोड़, पूर्व सैनिकों को सरकारी रोजगार, उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी बनाई जाएगी। पत्रकार वार्ता में पार्टी के सह प्रभारी राजीव चौधरी, टिहरी विधानसभा के प्रत्याशी त्रिलोक सिंह नेगी, मीडिया प्रभारी अमित रावत, प्रदेश कार्य समिति सदस्य समीर रतूड़ी, रवीश उनियाल आदि उपस्थित रहे।
भाजपा-कांग्रेस के लोगों से 21 साल का हिसाब मांगे जनता
आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए टिहरी जिले में डोर टू डोर चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बौराड़ी, कुठ्ठा और साबली गांव पहुंचकर लोगों से टिहरी सीट से पार्टी प्रत्याशी त्रिलोक सिंह नेगी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। जन संपर्क के दौरान उन्होंने सीधे लहजे में जनता के मूलभूत मुद्दों को छुआ। कहा दिल्ली में बिजली नहीं बनती है वहां लोगों को निशुल्क बिजली मिलती है।
टिहरी में बिजली बनती है तो यहां के लोगों को निशुल्क बिजली क्यों नहीं मिल सकती है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग विस्थापन के लिए दर-दर भटक रहे हैं। सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। भाजपा-कांग्रेस के लोगों से 21 साल का हिसाब मांगे। कुठ्ठा गांव में सिसोदिया ने जोत सिंह रावत के घर पर उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों का भी लुत्फ लिया।
बुधवार को उप मुख्यमंत्री सिसोदिया के बौराड़ी पहुंचेन पर पार्टी कायकर्ताओं ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। लोनिवि मार्ग कालोनी पहुंचकर उन्होंने डोर टू डोर जन संपर्क किया। ठेली-फड वालों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तराखंड में आप की सरकार बनी तो उनकी भी सुध लेंगे। पानी के बिलों और अन्य बिलों में कटौती की जाएगी। इसके बाद कुठ्ठा गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। गांव के शिव मंदिर में आशीर्वाद लिया।
गांव के लोगों से उन्होंने पूछा कि उनके कितने रिश्तेदार दिल्ली में रहते हैं। उनसे पता करना दिल्ली में सरकारी स्कूल और अस्पताल कैसे चलते हैं। आपका गांव टिहरी झील के निकट और रमणीक स्थान होने के बावजूद यहां के लोग बाहर नौकरी के लिए जा रहे हैं। जबकि साहसिक पर्यटन से यहां हजारों लोगों को रोजगार मिल सकता है। कॉटेज, टैंट हाउस, एडवेंचर टूरिज्म के रूप में क्षेत्र को विकसित किया जाए तो यहां पर्यटकों की लाइन लगेंगी। साथ ही रिवर्स पलायन भी होगा। गांव के बुजुर्गो से उन्होंने चुनाव में जीत का आशीर्वाद मांगा।
कुठ्ठा गांव में सिसोदिया ने जोत सिंह रावत के घर पर मंडुवे की रोटी, सरसों की सब्जी,तोर की दाल का लुत्फ भी उठाया। कहा कि मंडुवे और झंगोरे की दिल्ली समेत देश-विदेश में खूब डिमांड है। क्यों नहीं सरकार स्थानीय व्यंजनों को प्रमोट कर पाई? कहा आप को मौका दो तो उत्तराखंड की दिशा बदल जाएगी। कहा कि भाजपा-कांग्रेस के लोगों से 21 साल का हिसाब मांगो। इस मौके पर रैपाल सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह, जय सिंह, अमित रावत आदि उपस्थित रहे।
प्रदेश की तरक्की के लिए कोठियाल को बनाएं सीएम
उन्होंने कहा कि आप पार्टी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी को हर उस राज्य में समर्थन मिल रहा है, जहां वो चुनावी मैदान है। कहा कि यहां की महिलाएं भी फटी जींस की सोच रखने वाली बीजेपी से परेशान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रदेश के हर घर में जाकर बताएं कि आम आदमी पार्टी ही फ्री बिजली, फ्री शिक्षा, फ्री स्वास्थ्य सेवा दे सकती है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली का मोहल्ला क्लीनिक का मॉडल पूरी दुनिया के बीच चर्चित है। न्यूयॉर्क टाइम्स में उसकी खबरें छप चुकी हैं। कहा कि आज बड़ी चुनौती के दौर से हिंदुस्तान की राजनीति गुजर रही है। जाति और धर्म के नाम पर राजनीति की जा रही है। लोगों को आपस में बांटा जा रहा है लेकिन आप की राजनीति मुद्दों की है। उन्होंने कहा कि आप के सीएम उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल ने देश के लिए गोली खाई है। वह सच्चे और ईमानदार हैं जो उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बनने के बाद विकास की नई इबारत लिखेंगे।
पूर्व आईएएस सुरेश भंडारी ने थाम आप का हाथ
पूर्व आईएएस अधिकारी सुरेश कुमार भंडारी ने कर्नल कोठियाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। उन्हें कर्नल कोठियाल ने अपने आवास पर आप पार्टी की विधिवत सदस्यता दिलाई। कर्नल कोठियाल ने बताया कि सुरेश भंडारी गोवा, दिल्ली सरकार व केंद्र सरकार में अहम पदों पर रहते हुए अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होेंने पहाड़ के बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देने के लिए लैब की स्थापना की। सदस्यता लेने के बाद सुरेश कुमार भंडारी ने कहा कि वह आप पार्टी की नीतियों से बहुत प्रभावित हैं। दिल्ली की तरह उत्तराखंड में भी आप एक ईमानदार सरकार के तौर पर स्थापित होगी।