विधानसभा चुनाव 2022: गारंटी योजनाओं से उत्तराखंडियों को लुभा रही आप, पार्टी का दावा लाखों जुडे़
आम आदमी पार्टी के दावों पर यकीन करें तो दो माह के भीतर अरविंद केजरीवाल की ओर से जनता को दी गई गारंटी योजना से अब लाखों परिवार जुड़ चुके हैं।
विस्तार
आम आदमी पार्टी की गारंटी योजनाओं से जुड़ने वाले लोगों की संख्या प्रदेश में लगातार बढ़ रही है। इस खबर से आम आदमी पार्टी के लोग जहां खुश नजर आ रहे हैं, वहीं भाजपाई और कांग्रेसी इन आंकड़ों को जनता को बरगलाने के लिए छोड़ा गया आम आदमी पार्टी का शिगूफा बता रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के दावों पर यकीन करें तो दो माह के भीतर अरविंद केजरीवाल की ओर से जनता को दी गई गारंटी योजना से अब लाखों परिवार जुड़ चुके हैं। पार्टी का दावा है कि बिजली गारंटी से 14.50 लाख लोग, रोजगार गारंटी से 8.52 लाख लोग तो तीर्थ यात्रा गारंटी योजना से 2 लाख से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं। आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरा कर्नल (रि.) अजय कोठियाल का दावा है कि महिला को हजार रुपये गारंटी योजना से तो महज 16 दिन के भीतर एक लाख से अधिक महिलाएं जुड़ गईं हैं।
Uttarakhand Election 2022: युवा वोटरों को साधने के लिए रोजगार गारंटी का दांव, इस बार छाया रहेगा यह मुद्दा
आम आदमी पार्टी के ये आंकड़े आगामी विधानसभा चुनाव में क्या गुल खिलाएंगे यह तो भविष्य के गर्त में छिपा है। इस आंकडे़बाजी से दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के चेहरे पर जहां मुस्कान आ गई होगी वहीं सत्ताधारी भाजपा और गुटबाजी के भव सागर से उबरने की कोशिश में लगी कांग्रेस को इसकी काट जल्द ही खोजनी होगी। हालांकि हाल ही में हल्द्वानी में हुई प्रधानमंत्री की रैली में मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी की मुफ्त गारंटी योजनाओं पर तंज कसते हुए कहा था कि उत्तराखंड के लोग स्वाभिमानी हैं जो मुफ्त के चक्कर में आने वाले नहीं हैं।
केजरीवाल का नाम लिए बगैर मुख्यमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों को मंच से ही कोसा था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी हाईकमान से मिली फुल पावर से पूरी रौ में नजर आ रहे हैं और बिजली और मुफ्त सिलिंडर जैसी घोषणाएं करके कहीं न कहीं आम आदमी पार्टी की गारंटी योजनाओं की काट कर रहे हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि केजरीवाल की गारंटी योजनाएं कांग्रेस की ही अतीत में की गई घोषणाओं का नया वर्जन है।
मैदानी जिलों को ज्यादा भा रही आप की योजनाएं
अल्मोड़ा, पौड़ी को अपवाद मान लिया जाए तो पर्वतीय जिलों की अपेक्षा हरिद्वार, देहरादून और ऊधमसिंह नगर जैसे जिलों के लोगों को आम आदमी पार्टी की गारंटी योजनाएं ज्यादा लुभा रही हैं। महज दो महीने के भीतर ऊधमसिंह नगर में 2.46 लाख, देहरादून में 2.22 लाख जबकि हरिद्वार में 2.0 लाख लोग आप की बिजली गारंटी योजना से जुड़ चुके हैं।
जिलेवार आप की गारंटी योजनाओं से जुड़े लोग
जिला - बिजली मुफ्त गारंटी - रोजगार गारंटी - तीर्थ यात्रा गारंटी - महिला गारंटी
अल्मोड़ा - 145654 - 83812 - 20789 - 10014
बागेश्वर - 53843 - 41906 - 10395 - 5007
चंपावत - 32093 - 34922 - 8662 - 4172
पिथौरागढ़ - 29687 - 19556 - 3985 - 2336
ऊधमसिंह नगर - 246871 - 132702 - 32917 - 15855
नैनीताल - 154295 - 93590 - 23215 - 11182
चमोली - 39031 - 22953 - 5197 - 2503
देहरादून - 222184 - 118434 - 29452 - 14186
रुद्रप्रयाग - 41265 - 16064 - 3985 - 1919
उत्तरकाशी - 49437 - 41937 - 6930 - 5338
हरिद्वार - 209841 - 108257 - 28585 - 13769
टिहरी - 96721 - 55875 - 13860 - 6676
पौड़ी - 129607 - 82415 - 20443 - 9847
--------------------------------------------------------------------------------------------------------------
कुल - 1450529 - 852724 - 209280 - 102803
दो महीने में लाखों परिवार जुड़ गए : कोठियाल
आम आदमी पार्टी की लोक कल्याणकारी योजनाओं से मात्र दो महीने में लाखों परिवार जुड़ गए हैं। ये आंकड़े साबित करने के लिए काफी हैं कि उत्तराखंड के लोग केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस को दिल से स्वीकार कर रही है। अन्य दलों की तरह हम केवल चुनावी घोषणाएं ही नहीं करते बल्कि उन्हें लागू करने की गारंटी भी देते हैं। दिल्ली में हमने इसे करके दिखाया है और आने वाले सालों में उत्तराखंड में भी करेंगे।
- कर्नल अजय कोठियाल, सीएम उम्मीदवार
उत्तराखंड को समझने के लिए आम आदमी पार्टी को काफी वक्त लगेगा। अरविंद केजरीवाल लोकलुभावनी बातें करके उत्तराखंडियत को पहचान पाए यह मुझे मुश्किल लगता है। जहां तक कल्याणकारी योजनाओं की बात है तो इस मामले में हरीश रावत सरकार की पेंशन योजनाओं को बहुत से लोग भूले नहीं हैं। इन योजनाओं को वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया है। अरविंद केजरीवाल कांग्रेस की ही अतीत में घोषित की गई योजनाओं की नकल कर रहे हैं। उनके अरमान उत्तराखंड में परवान चढ़ने वाले नहीं हैं।
- गणेश गोदियाल, प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस
जिस पार्टी का राज्य में एक ग्राम प्रधान तक नहीं है वह पार्टी सरकार बनाने का ख्वाब देख रही है। यह वह पार्टी है जिसने राज्य के लोगों और देश के लोगों को हमेशा धोखा देने का काम किया है। जब कोविड चरम पर था तब इन्होंने जनता से झूठ बोला कि दिल्ली के बॉर्डर पर आपको आपके राज्य छोड़ने के लिए बसें लगाई हुई हैं और उत्तराखंड के लोगों को गाजियाबाद बॉर्डर पर ले जाकर छोड़ दिया। ऐसे छलावा देने वाले लोगों को प्रदेश की जनता जानती है और उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
- मनवीर सिंह चौहान, मीडिया प्रभारी उत्तराखंड भाजपा