फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Uttarakhand Congress three days Manthan shivir: Former CM Harish rawat attack on bjp

कांग्रेस मंथन शिविर: पूर्व सीएम बोले- मंथन से निकलेगा जीत का अमृत, लाएंगे बदलाव की बयार

Wed, 04 Aug 2021 10:51 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून/ ऋषिकेश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून/ ऋषिकेश Published by: अलका त्यागी Updated Wed, 04 Aug 2021 10:51 PM IST
सार

ऋषिकेश में आयोजित विचार मंथन शिविर में अमर उजाला से खास बातचीत में हरीश रावत ने कहा कि चुनाव में जाने से पहले पार्टी अपने सभी कील-कब्जे दुरुस्त कर लेना चाहती है।

विज्ञापन
Uttarakhand Congress three days Manthan shivir:  Former CM Harish rawat attack on bjp
कांग्रेस का मंथन शिविर - फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो

विस्तार

इस बार कांग्रेस उत्तराखंडियत को बचाने के लिए चुनाव मैदान में उतरेगी। कांग्रेस के पास संजीवनी पहले से है, ऋषिकेश के मंथन शिविर के बाद जीत का अमृत भी मिल जाएगा। यह कहना है चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष और पूर्व सीएम हरीश रावत का। उन्होंने कहा किकांग्रेस पार्टी जल्द ही नए कलेवर में नजर आएगी। कांग्रेस बहुत बड़ा कुनबा है। अब यही कुनबा जनता के बीच जाकर राज्य में बदलाव की बयार लाएगा।

विज्ञापन


ऋषिकेश में आयोजित विचार मंथन शिविर में अमर उजाला से खास बातचीत में हरीश रावत ने कहा कि चुनाव में जाने से पहले पार्टी अपने सभी कील-कब्जे दुरुस्त कर लेना चाहती है। इसलिए वृहद स्तर पर मंथन किया जा रहा है। राज्य की भाजपा सरकार के दौरान महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे क्षेत्रों में राज्य बहुत पिछड़ गया है। उसे पटरी पर लाना है। यह काम कांग्रेस ही कर सकती है।
विज्ञापन


भाजपा की इन्हीं नाकामियों को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे। कहा भारतीय जनता पार्टी की बैठकों के दौरान जो विचार मंथन किया जाता है, उसमें से अकसर विष निकलता है, लेकिन कांग्रेस के मंथन से पार्टी के लिए जीत का अमृत और राज्य के विकास की रूपरेखा निकलेगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


केदारनाथ आपदा में फेल होने पर कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री बदला था
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि भाजपा ने दो मुख्यमंत्री बदलकर उत्तराखंड को प्रयोग की पाठशाला बनाकर रख दिया है। दो मुख्यमंत्रियों की नाकामी के बाद अब एक नौजवान को ट्रायल पर डाल दिया है। उन्हें भी कब बदल दिया जाए, पता नहीं। कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री बदला था, लेकिन उसकी वजह केदारनाथ आपदा में उनका फेल होना था। भाजपा में तो जिन मुख्यमंत्रियों को बदला गया है, वह आज तक नहीं समझ पाए, उन्हें बदला क्यों गया है।

इस बार नहीं चलेगा मोदी मैजिक : प्रीतम सिंह
ऋषिकेश में विचार मंथन शिविर में भाग लेने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इस बार मोदी का कोई मैजिक काम करने वाला नहीं है। तंज करते हुए कहा कि काठ की हांडी एक बार ही चढ़ती है, बार-बार नहीं। उत्तराखंड की जनता कांग्रेस की सरकार ही बनाएगी। उत्तराखंड में कांग्रेस को इस बार प्रचंड बहुमत मिलेगा। प्रीतम ने चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़े जाने की बात दोहराई तो चेहरे के सवाल पर कहा- पार्टी का कोई चेहरा है तो वह सोनिया-राहुल गांधी का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक ऑल वेदर रोड पर नेता प्रतिपक्ष ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि ऑल वेदर रोड का काम बेहद ही दोयम दर्जे की सामग्री से हो रहा है। यही कारण है कि जगह-जगह से सड़क टूट रही है और पहाड़ों पर रहने वाली जनता का बुरा हाल है।

राज्य में भाजपा अब चंद दिनों की मेहमान: धीरेंद्र
उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप में कहा है कि कांग्रेस के तीन दिवसीय मंथन शिविर में निकला अमृत भाजपा के ताबूत में कील ठोकने का काम करेगा। ऋषिकेश में आयोजित मंथन शिविर में भाग लेने आए धीरेंद्र ने कहा कि भाजपा अब चंद दिनों की मेहमान है। जिस तरह से भाजपा ने देश के अन्नदाता किसानों का दमन किया, उत्तराखंड में राज्य निर्माण आंदोलनकारियों की सुनवाई नहीं की, राज्य में रात दिन काम करने वाले कर्मचारियों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लेकर तमाम महिला शक्ति का अपमान किया गया, उससे आज राज्य के घर-घर में भाजपा के खिलाफ वातावरण बन गया है।

चुनाव प्रचार के लिए पीआर कंपनी को हायर कर सकती है कांग्रेस 

कांग्रेस तकनीक के साथ प्रचार के लिए नए माध्यमों का इस्तेमाल करने की तैयारी में है। चुनाव में मोबाइल, इंटरनेट और ई-मेल जैसी सुविधाओं का उपयोग भी जमकर होगा। इसके लिए ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार बुधवार को कोर कमेटी ने टीमों के साथ मंथन कर प्रचार कंपनियों को प्रजेंटेशन देने के लिए आमंत्रित करने पर चर्चा की। दरअसल 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने एक पीआर कंपनी को हायर किया था। लेकिन उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थिति के अनुरूप कंपनी कार्य नहीं कर पाई, जिसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ा था। यहीं कारण है कि इस बार उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप ही एजेंसी को हायर करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

धामी सरकार के 30 दिन पूरे, वादे अब भी अधूरे: प्रीतम 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एक माह का कार्यकाल पूरा होने पर नेता प्रतिपक्ष ने बधाई देने के साथ तमाम कमियां भी गिनाईं हैं। प्रीतम सिंह ने कहा कि एक माह बीतने के बाद भी उनकी किसी घोषणा पर अमल नहीं हुआ है। सरकार का काम सिर्फ फाइलों तक सीमित है, धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा है। युवाओं से शासकीय सेवाओं में रोजगार के वादे किए, लेकिन इस पर अभी तक कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है। मनरेगा कर्मियों के रिक्त पदों पर बाह्य स्रोत के माध्यम से भर्ती का निर्णय भी अधूरा है।

प्रदेश की डबल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर पूर्ण रूप से असफल हुई

कांग्रेस के विचार मंथन शिविर के दूसरे दिन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में अनुशासन नजर आया। बैठक के पहले दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच गुटबाजी उभरकर सामने आई थी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के समर्थकों ने आयोजन स्थल के बाहर जमकर नारेबाजी की थी। हरीश रावत समर्थकों ने तो आयोजन स्थल में दाखिल होने के लिए पदाधिकारियों के साथ धक्कामुक्की तक कर दी थी।

कांग्रेस के विचार मंथन शिविर के दूसरे दिन बेहद शांतिपूर्वक ढंग से बैठकों का दौर चलता रहा। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह सुबह 10 बजे ही बैठक में शामिल होने के लिए आयोजन स्थल पर पहुंच गए थे। उन्होंने कई पदाधिकारियों के साथ शिष्टाचार भेंट की। लेकिन इस दौरान किसी भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी ने नारेबाजी नहीं की। दोपहर करीब 1.35 पर पूर्व मुख्यमंत्री और चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरीश रावत गिने चुने नेताओं के साथ आयोजन स्थल पर पहुंचे।

इस दौरान कई पदाधिकारी उनकी अगवानी के लिए दौड़े, लेकिन किसी ने भी नारेबाजी नहीं की। हरीश रावत भी कांग्रेस की विभिन्न इकाइयों के कई पदाधिकारियों से मिले। उन्होंने पदाधिकारियों के साथ फोटो भी खिंचाई। लेकिन बेहद शांति के साथ शिष्टाचार भेंट का यह दौर चलता रहा। पत्रकारों से बातचीत के बाद हरीश रावत बैठक में शामिल हुए। दोपहर में वे भोजन के लिए अपने कक्ष में चले गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed