उत्तराखंड चुनाव के बीच सीएम हरीश रावत को आराम की सलाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गर्दन में दर्द, अकड़न और बेचैनी की वजह से सीएम हरीश रावत को राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दवाई देने के साथ एहतियातन उन्हें सरवाइकल कॉलर भी लगा दिया है।
हालांकि मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अत्यधिक कार्य करने की वजह से दर्द हुआ। लेकिन चुनाव की तैयारियों में दर्द आड़े नहीं आएगा।
डॉक्टर ने उन्हें आराम की सलाह दी है। ऐन चुनाव से पूर्व सीएम की सेहत नासाज होने से कांग्रेसियों की टेंशन बढ़ गई है। दरअसल, सीएम पार्टी के इलेक्शन कैम्पेन का चेहरा हैं।
गर्दन में अकड़न, दर्द और बेचैनी की शिकायत
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे सीएम हरीश रावत राजकीय दून मेडिकल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधीक्षक एवं वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. केसी पंत ने बताया कि मुख्यमंत्री को गर्दन में अकड़न, दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया।
अस्पताल के वीआईपी वार्ड में वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. डीपी तिवारी ने उनकी जांच की। इसके बाद मेडिकल कालेज के प्राचार्य और वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. प्रदीप भारती गुप्ता, कार्डियोलोजिस्ट डॉ. केबी जोशी ने भी जांच की। ब्लड शुगर और सीसीबी समेत उनके कई टेस्ट भी किए गए।
बाद में फिजियोथेरेपी कर उनकी गर्दन और कमर की सिकाई की गई। डॉ. गुप्ता ने बताया कि फिलहाल उन्हें आराम करने की सलाह के साथ एहतियात के तौर पर कॉलर लगाने को कहा गया है। करीब डेढ़ घंटे बाद मुख्यमंत्री वापस चले गए। डॉ. केसी पंत के अनुसार मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य सामान्य है। दो चार दिनों के लिए कॉलर लगाया गया है।
2014 में हुआ था सीएम रावत एक्सीडेंट
मालूम हो कि वर्ष 2014 में बतौर मुख्यमंत्री ताजपोशी होते ही हरीश रावत एक हेलीकाप्टर दुर्घटना में घायल हो गए थे। उधर, ऐन चुनाव में सीएम की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी ने कांग्रेसियों को चिंता में डाल दिया है।
पार्टी का पूरा चुनावी कैम्पेन हरीश रावत पर फोकस है। पार्टी उनके शीघ्र स्वस्थ हो जाने की कामना कर रही है। सीएम की चोट उभरने से क्या इलेक्शन कैम्पेन पर असर पड़ेगा, इस प्रश्न पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि बिल्कुल असर पड़ता है।
मुख्यमंत्री हरीश रावत के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों की संख्या घटाने का अनुरोध किया है। सुरेन्द्र कांग्रेस भवन में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने भाजपा पर हल्की राजनीति करने का आरोप लगाया।
कहा कि उसके पास मुद्दों की कमी हो गई है इसलिए वह एससी एसटी छात्रों को लैपटॉप बांटने व आयुष चिकित्सकों को एनपीए का लाभ देने के मुद्दे को उठा रही है। उन्होंने सफाई दी कि लैपटॉप मामले में खरीद प्रक्रिया का अनुपालन हुआ है। फिर भी यदि कोई त्रुटि सामने आती है तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।