उत्तराखंडः चुड़ियाला में आज उम्मीदों की सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक गुरुवार को भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चुड़ियाला स्थित चूड़ामणि देवी इंटर कॉलेज के परिसर में दोपहर दो बजे से होगी।
बुधवार को दिनभर अधिकारियों ने बैठक की तैयारियों में व्यस्त रहे। कैबिनेट बैठक में किसानों की समस्याओं सहित कई अन्य मुद्दों पर प्रस्ताव आने की संभावना है। कांग्रेस जहां इस बैठक को लेकर उल्लासित है, वहीं भाजपा विरोध-प्रदर्शन की रणनीति बनाई है।
मुख्यमंत्री हरीश रावत की पहल पर कैबिनेट की बैठक चुड़ियाला में आयोजित की जा रही है। इसके लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही है। बुधवार को भी एसडीएम प्रत्यूष सिंह की देखरेख में इंटर कॉलेज परिसर में बैठक की तैयारियां चलती रही। मुख्य रूप से चार कमरों में बैठक की तैयारियां की गई है।
एक कक्ष में मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के लिए विश्राम की व्यवस्था की गई है। दूसरे कमरे में कैबिनेट की बैठक होगी। तीसरे कमरे में पत्रकार वार्ता और चौथे कमरे में अधिकारियों के बैठने का इंतजाम किया गया है।
मंत्रिमंडल के सदस्य और बैठक में शामिल होने वाले अधिकारी और अन्य लोगों के खानपान की व्यवस्था कालेज परिसर में लगाए जा रहे टेंट में की जाएगी। एडीएम जीवन सिंह नगन्याल और एसडीएम प्रत्यूष सिंह ने बुधवार के समय आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और प्रभावी निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
छात्र-छात्राएं नहीं देख सकेंगे बैठक
चुड़ियाला गांव में होने वाली बैठक को लेकर क्षेत्र के लोग खासे उत्साहित है। सीएमडी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रधानाचार्य को पत्र देकर इच्छा जताई थी कि वह भी कैबिनेट की बैठक देखना चाहते हैं। प्रधानाचार्य ने जिला प्रशासन को इस भावना से अवगत करा दिया था।
लेकिन, यह इच्छा पूरी नहीं हो पाएगी। प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन ने इसके लिए अनुमति नहीं दी है। फलस्वरूप उन्होंने कॉलेज में गुरुवार का विवेकाधीन अवकाश घोषित कर दिया है।
तैयारियों पर अव्यवस्था हावी
आयोजन स्थल पर चल रही कैबिनेट की बैठक की तैयारियां बुधवार को देर शाम होती रही। कॉलेज का पूरा परिसर रंग रोगन कर चमकाया जा रहा है। तमाम अव्यवस्थाएं साफ दिखाई दे रही थी। कॉलेज के कई कमरों में अभी सफाई तक नहीं हो पाई।
खुफिया तंत्र के अधिकारी बार-बार आयोजन स्थल पर यह पता करने की कोशिश करते रहे कि आकस्मिक अस्पताल की व्यवस्था कहां की जा रही है। क्योंकि अभी तक आयोजन स्थल पर तो कोई अस्थायी अस्पताल नहीं बनाया गया और न ही यह तय किया गया कि आवश्यकता पड़ने पर किसी स्वास्थ्य केंद्र को इसके लिए तैयार किया जाए।
कैबिनेट से यह हैं उम्मीदें
- किसानों को मिले गन्ने का बकाया भुगतान और बर्बाद फसलों का मुआवजा।
- युवा चाहते हैं उद्योगों में ठेका प्रथा खत्म कर स्थानीय लोगों को 70 फीसदी रोजगार मिले।
- रुड़की को जिला बनाया जाए, भगवानपुर तहसील का मुख्यालय बुग्गावाला में बनाने की मांग।
- चुड़ियाला में अस्पताल बनाने की मांग।
- घाड़ क्षेत्र में यातायात संसाधनों की उपलब्धता।
- चूड़ामणि मंदिर का विकास।
- राज्य आंदोलनकारियों ने दस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का मुद्दा बैठक में उठाने और इसे अमल में लाने की मांग।
सुरक्षा के रहेंगे प्रभावी प्रबंध
एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने बताया कि कैबिनेट की बैठक को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
मंत्रिमंडल के सदस्यों के अलावा पात्र अधिकारियों और ऐसे जनप्रतिनिधि और राजनीतिक प्रतिनिधि ही बैठक स्थल पर पहुंच सकेंगे। जिन्हें मंत्रिमंडल की ओर से अनुमति दी जाएगी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री क्षेत्रीय लोगों से भी मुखातिब होंगे।