फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   uttarakhand assembly session 2021: congress mla protest with sugarcane

उत्तराखंड विधानसभा सत्र 2021ः सदन में पेश किए तीन विधेयक, हाथों में गन्ना उठाए कांग्रेस विधायकों ने की नारेबाजी

Fri, 05 Mar 2021 10:33 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भराड़ीसैंण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भराड़ीसैंण Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Fri, 05 Mar 2021 10:33 PM IST
विज्ञापन
uttarakhand assembly session 2021: congress mla protest with sugarcane
assembly session - फोटो : अमर उजाला

विधानसभा बजट सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को सदन पटल पर तीन विधेयक पेश किए गए। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने विधेयकों को पटल रखा। देव भूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय विधेयक, सूरजमल विश्वविद्यालय विधेयक, स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक सदन में प्रस्तुत किए गए।

विज्ञापन


यह भी पढ़ें... एक्सक्लूसिव: बदल गई उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की तस्वीर, अब कोरोना के झटके से उबरने की चुनौती
विज्ञापन


हाथों में गन्ना उठाए विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक
सदन में जाने से पहले कांग्रेस विधायकों ने गन्ना मूल्य न बढ़ाए जाने के विरोध में विधानसभा भवन के बाहर नारेबाजी के बीच धरना दिया। शुक्रवार की सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए विधानसभा परिसर में पहुंचे। हाथों में गन्ना उठाए वे गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे थे। कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह, काजी निजामुद्दीन, करन माहरा, ममता राकेश, आदेश चौहान, राजकुमार एक बार फिर विधानसभा की सीढ़ियों पर बैठ गए। सांकेतिक धरने के जरिये वह गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। करीब 15 मिनट धरना देने के बाद सदस्य सदन में चले गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


पहली बार रविवार को भी चलेगा विधानसभा सत्र
पहली बार विधानसभा सत्र रविवार को अवकाश के दिन भी चलेगा। कार्य मंत्रणा समिति ने रविवार को सत्र चलाने का निर्णय लिया है। बृहस्पतिवार को संसदीय कार्य मंत्री मदन कौशिक ने सदन में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में लिए गए एजेंडे की जानकारी सदन को दी।

इससे पहले कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में चार मार्च तक ही एजेंडा तय हुआ था। समिति ने तय किया कि रविवार को भी सत्र चलाया जाएगा। यह पहला मौका है जब रविवार को अवकाश के दिन भी विधानसभा सत्र चलेगा।

प्रश्नकाल में ये हुए सवाल जवाब

कृषि क्षेत्रफल 15 प्रतिशत घटा, उत्पादकता बढ़ी
राज्य गठन के बाद प्रदेश में कृषि क्षेत्रफल में 15 प्रतिशत की कमी आई है, लेकिन फसलों की उत्पादकता बढ़ी है। सरकार की ओर से चार सालों में कृषि क्षेत्र में किए गए सौ से ज्यादा सुधारों से उत्पादकता बढ़ रही है। प्रश्नकाल में विधायक धन सिंह नेगी के सवाल के जवाब में कृषि एवं उद्यान मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि प्रदेश में आठ लाख से अधिक काश्तकार खेतीबाड़ी करते हैं। राज्य गठन के बाद से कृषि क्षेत्रफल में 15 प्रतिशत की कमी आई है। सरकार के प्रयासों और योजनाओं से फसलों की उत्पादकता बढ़ रही है।

पहले जहां प्रदेश में कुल कृषि क्षेत्र के आठ प्रतिशत पर जैविक खेती होती थी, वहीं वर्तमान में 31 प्रतिशत कृषि क्षेत्र में चार लाख से ज्यादा किसान जैविक खेती से जुड़े हैं। प्रदेश में कृषि में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार ने 1444 फार्म मशीनरी बैंक स्थापित किए हैं। मंत्री ने कहा कि कृषि उत्पादों का न्यूनतम समर्थन मूल्य केंद्र की ओर से तय किया जाता है। वर्ष 2019-20 में प्रदेश में 18.86 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न का उत्पादन किया गया। जबकि 2020-21 में अब तक 19.69 लाख मीट्रिक टन उत्पादन हुआ है।

मृदा परीक्षण से 25 प्रतिशत कम हुई उर्वरकों की खपत
विधायक प्रीतम सिंह पंवार के सवाल पर कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में रसायन उर्वरकों के इस्तेमाल से उत्पादन कम नहीं हुआ है। प्रदेश में सभी किसानों को मृदा कार्ड जारी किए गए। पहले जहां 4.33 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों की खपत थी, वो घट कर 3.34 लाख मीट्रिक टन हो गई है। खपत कम होने से 202 करोड़ के राजस्व की बचत हुई है। 

75 प्रतिशत सब्सिडी पर एंटी हेलनेट
कृषि मंत्री ने सदन को जानकारी दी कि बागवानी फसलों को ओलावृष्टि से बचाने के लिए सरकार ने दो स्थानों पर एंटी हेलगन लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए हिमाचल से एंटी हेलगन के परिणाम का परीक्षण किया गया। जिसमें ओलावृष्टि से बचाव में अच्छे नतीजे नहीं मिले। अब सरकार 75 प्रतिशत सब्सिडी पर किसानों को एंटी हेलनेट उपलब्ध करा रही है। इस पर भाजपा विधायक गणेश जोशी और कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने भी सवाल उठाए।

चिरबटिया कृषि औद्यानिक महाविद्यालय के निर्माण में देरी की होगी जांच

रुद्रप्रयाग जिले के चिरबटिया स्थित कृषि औद्यानिक महाविद्यालय के निर्माण कार्य में देरी की सरकार जांच कराएगी। पिछले कई सालों से महाविद्यालय का भवन निर्माण कार्य बंद पड़ा है। जिससे डिग्री या डिप्लोमा कोर्स संचालित नहीं हो रहे हैं। 

शुक्रवार को प्रश्नकाल में रुद्रप्रयाग के भाजपा विधायक भरत सिंह चौधरी ने कृषि औद्यानिक महाविद्यालय का निर्माण कार्य बंद होने का सवाल उठाया। जवाब में कृषि मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत महाविद्यालय में फेब्रिकेटेड प्रशासनिक भवन व चैनलिंग फैसिंग का कार्य किया। कार्यदायी संस्था की ओर से पुनरीक्षित आगणन (एस्टीमेट) का प्रस्ताव भेजा है।

कृषि विश्वविद्यालय की ओर से वर्ष 2016 में प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया था, लेकिन इसे शासन स्तर पर सही ढंग से प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। निर्माण कार्य में देरी की जांच की जाएगी। पुनरीक्षित प्राकलन की स्वीकृति के बाद धन की व्यवस्था कर निर्माण कार्य किया जाएगा। उत्तर प्रदेश निर्माण निगम के माध्यम से भवन का निर्माण कार्य किया जा रहा था। अब सरकार ने निगम से कार्यदायी संस्था की सूची से बाहर कर दिया, लेकिन महाविद्यालय भवन का निर्माण कार्य निगम के माध्यम से कराया जाएगा।

भाजपा विधायक मुकेश कोहली ने सवाल किया कि औद्यानिक विश्वविद्यालय भरसार में कुलपति के बैठने का दिन तय किया जाए। इस पर मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि वर्तमान में विश्वद्यालय के पांच कैंपस संचालित है। जिससे कुलपति को सभी कैंपस में जाना पड़ता है।

एरोमा पार्क में भूमि आवंटन के लिए रेट कम करने विचार

कृषि एवं उद्यान मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उद्योग विभाग के माध्यम से ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में एरोमा पार्क विकसित किया जा रहा है। इस पार्क में 50 प्रोसेसिंग उद्योग लगाए जाएंगे। वर्तमान में एक उद्योग स्थापित है। उद्योगों की मांग पर एरोमा पार्क में भूमि आवंटन के लिए रेट कम करने पर विचार किया जा रहा है।

भराड़ीसैंण में चल रहे बजट सत्र के पांचवें दिन प्रश्न काल में झबरेड़ा के विधायक देशराज कर्णवाल के सवाल के जवाब में कृषि एवं उद्यान मंत्री सुबोध उनियाल ने सदन को अवगत कराया कि उद्योग विभाग की ओर से एरोमा पार्क नीति बनाई गई है। सिडकुल के माध्यम से काशीपुर में 40 एकड़ भूमि पर एरोमा पार्क विकसित किया जा रहा है। पहले पार्क में प्लाट के रेट 3200 रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की थी।

उद्योगों की मांग है कि रेट को कम कर 2500 रुपये प्रति वर्ग मीटर किया जाएत, इस पर विचार चल रहा है। एरोमा पार्क में प्रोसेसिंग उद्योग लगने से किसानों को उत्पाद का उचित मूल्य मिलेगा। एरोमा पार्क में प्लांट व मशीनरी पर किए अचल पूंजी निवेश पर उद्योगों को 40 प्रतिशत या अधिक 40 लाख तक निवेश प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ब्यूरो

ओलावृष्टि से प्रदेश में बागवानी फसलों को आंशिक नुकसान
कृषि एवं उद्यान मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्ष 2019-20 में ओलावृष्टि व बारिश से आंशिक नुकसान हुआ है। सरकार की ओर से आपदा प्रबंधन के मानकों के अनुसार किसानों को 1.10 करोड़ का मुआवजा दिया गया। विधायक राम सिंह कैड़ा के सवाल पर कृषि मंत्री ने सदन में कहा कि ओलावृष्टि व बारिश से होने फसलों को होने वाले नुकसान आकलन करने की दो तरह की व्यवस्था है। मौसम आधारित और क्रॉप कटिंग से नुकसान का आकलन किया जाता है। वर्ष 2019-20 में ओलावृष्टि से आंशिक नुकसान हुआ है। 

कृषि अवसंरचना निधि से 785 करोड़ का लक्ष्य 

कृषि अवसंरचना निधि से 785 करोड़ का वित्तीय लक्ष्य निर्धारित किया गया। उत्तरकाशी के आराकोट में 13 करोड़ की लागत से कोल्ड स्टोर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए कार्यदायी संस्था मंडी परिषद के माध्यम से शीघ्र प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

प्रश्नकाल में विधायक प्रीतम सिंह पंवार के सवाल के जवाब में कृषि मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि नौथा में एग्रो क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। कृषि अवसंरचना निधि के तहत प्रदेश में 785 करोड़ का वित्तीय लक्ष्य रखा गया। जिसमें फसलों की कटाई बाद प्रबंधन के लिए फार्म गेट, प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां, कृषि उत्पाद संगठन, कृषि उद्यमी, स्टार्टअप, बहुउद्देशीय सहकारी समितियों को कृषि अवस्थापना विकास के लिए सात साल तक ऋण पर तीन प्रतिशत ब्याज छूट अधिकतम दो करोड़ की ऋण राशि पर दी जाएगी।

कौसानी की चाय फैक्ट्री को दोबारा शुरू करेगी सरकार 

प्रदेश सरकार ने कौसानी क्षेत्र कोे चाय उत्पादन के रूप में विकसित करने के लिए चाय विकास बोर्ड की ओर से वित्तीय वर्ष में 2021-22 में 7.27 करोड़ धनराशि की व्यवस्था की है। कौसानी चाय फैक्ट्री को सरकार दोबारा शुरू करेगी। इसके लिए फैक्ट्री प्रबंधन से वार्ता की जा रही है।

मार्च तक होगी नए डाक्टरों की तैनाती : कौशिक

प्रदेश में मार्च महीने तक नए डाक्टरों की तैनाती हो जाएगी। संसदीय कार्यमंत्री मदन कौशिक ने यह जानकारी दी। कार्यस्थगन प्रस्ताव के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2016 में 1422 डाक्टर थे, जिनकी संख्या 2021 तक 2126 हो चुकी है। इस महीने के अंत तक 763 डाक्टरों की नियुक्ति हो जाएगी। 1200 नर्सों की भर्ती पर काम चल रहा है। शुक्रवार को पुरोला के विधायक राज कुमार ने पुरोला, नौगांव व मौरी में महिला डाक्टर न होने से प्रसव के दौरान महिलाओं की मौत का मामला उठाया।

उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डाक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों के पद खाली हैं। स्त्री रोग विशेषज्ञ न होने से प्रसूता को देहरादून रैफर कर दिया जाता है। देहरादून लाते समय कुछ महिलाओं की मौत भी हो चुकी है। संसदीय कार्यमंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मार्च माह तक नए डाक्टरों की नियुक्ति हो जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुरोला विधानसभा में डाक्टरों की प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति के प्रयास किए जाएंगे। संसदीय कार्यमंत्री के उत्तर से असंतुष्ट विधायक सदन से बाहर चले गए। 

भोटिया पड़ाव में भूमिधरी के अधिकार को डीएम से रिपोर्ट मांगेगी सरकार
संसदीय कार्यमंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भोटिया पड़ाव में रह रहे नीति माणा के लोगों को भूमिधरी का अधिकार के लिए जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगेंगे। उन्होंने कहा रिपोर्ट के आधार पर सरकार निर्णय लेगी।

ट्रैकिंग में स्थानीय ऑपरेटर को मिलेगी प्राथमिकता : हरक

वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार ट्रैकिंग के लिए स्थानीय ऑपरेटर को प्राथमिकता देगी। नौ मार्च को बैठक होगी, जिसमें इस पर विचार होगा। उन्होंने यह आश्वासन सदन में निर्दलीय विधायक प्रीतम पंवार के कार्यस्थगन प्रस्ताव के जवाब दिया। प्रीतम ने सवाल उठाया कि ट्रैकिंग सेक्टर में वन विभाग ने विदेशी कंपनी को अनुमति दी है। इससे स्थानीय टूर आपरेटर में रोष है। उन्होंने स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की मांग की। वन मंत्री ने कहा कि 2004 में गाइडलाइन बनी है। उसके आधार पर ट्रैकिंग की अनुमति दी जाती है। उत्तराखंड पर्यटन राज्य है, इसलिए देश और विदेश की कंपनी को नहीं रोका जा सकता, लेकिन सरकार स्थानीय आपरेटर को प्राथमिकता देगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed