Urs 2024: मेहंदी डोरी की रस्म के साथ सालाना उर्स का आगाज, कव्वालों के साथ दरगाह साबिर पाक पहुंचे जायरीन
चांद दिखाई देने के बाद रात 10 बजे दरगाह साबिर पाक के सज्जादानशीन शाह अली एजाज साबरी कुद्दुसी, शाह यावर एजाज साबरी और उनके परिवार के सदस्य साबिर पाक से अपने कदीमी (पुराने) घर शाह खालिक मियां के यहां पहुंचे।
विस्तार
साबिर पाक के 756वें सालाना उर्स में बुधवार को मेहंदी डोरी की रस्म अदा की गई। इसके साथ ही साबिर पाक के सालाना उर्स का आगाज हो गया है। आज से पिरान कलियर में जायरीनों की भीड़ जुटनी शुरू हो जाएगी।
बुधवार शाम को चांद दिखाई देने के बाद रात 10 बजे दरगाह साबिर पाक के सज्जादानशीन शाह अली एजाज साबरी कुद्दुसी, शाह यावर एजाज साबरी और उनके परिवार के सदस्य साबिर पाक से अपने कदीमी (पुराने) घर शाह खालिक मियां के यहां पहुंचे। यहां से सिर पर मेहंदी, डोरी की थाल, संदल और प्रसाद लेकर कव्वालों के साथ दरगाह साबिर पाक पहुंचे। इसके बाद सज्जादानशीन शाह अली एजाज साबरी कुद्दुसी ने दरगाह साबिर पाक में मेहंदी डोरी और संदल पेश कर देश में अमनोअमान की दुआ की।
उसके बाद शाह अली एजाज साबरी और शाह यावर अली एजाज साबरी ने मेहंदी डोरी अकीदतमंदों को प्रसाद के तौर पर बांटी। मेहंदी डोरी की रस्म में कव्वालों ने अपने कलाम पेश किए। इस मौके पर शाह खालिक मियां, सज्जादा प्रतिनिधि शाह सुहैल, दरगाह पानीपत के सज्जादानशीन हाफिज मैराज साबरी, शाह असद साबरी, मुनव्वर अली साबरी, नैय्यर अजीम फरीदी आदि मौजूद रहे।
मेहंदी डोरी की रस्म में उमड़ी भीड़
मेहंदी डोरी मजार शरीफ में पेश करने के वक्त जायरीनों की भीड़ उमड़ पड़ी।मजार शरीफ में जाने के लिए मारामारी मची रही। काफी मशक्कत के बाद करीब सौ जायरीन ही साबिर पाक के मजार शरीफ के अंदर जा सके। मेहंदी डोरी की रस्म में शामिल होने के लिए पंजाब, दिल्ली, मुरादाबाद, बिजनौर, सहारनपुर से जायरीन कलियर पहुंचे। मेहंदी डोरी की रस्म के दौरान जायरीनों की भीड़ को देखते हुए पुलिसबल तैनात रहा। कई पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भी ड्यूटी पर तैनात रहे।
Uttarakhand: प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, देहरादून और हरिद्वार समेत कई जिलों के डीएम बदले
30 साल से स्वयं करते हैं लाइट की व्यवस्था
साबिर पाक के सालाना उर्स में मेहंदी डोरी की रस्म में साबिर पाक की दरगाह से सज्जादानशीन के पुराने घर तक करीब डेढ़ किमी तक लाइट का इंतजाम पंजाब के जायरीन अपने खर्चे से करते हैं। मंडी गोबिंदगढ़ पंजाब के रहने वाले रणधीर ने बताया कि वह करीब 30 सालों से उर्स के दौरान मेहंदी डोरी की रस्म में कलियर आकर लाइट की व्यवस्था अपने खर्चे से करते हैं।
साबिर पाक के 756वें सालाना उर्स का कार्यक्रम
4 सितंबर- उर्स का आगाज
15 सितंबर- छोटी रोशनी
16 सितंबर - बड़ी रोशनी
17 सितंबर- कुल शरीफ
18 सितंबर- गुस्ल शरीफ
19 सितंबर- नातिया मुशायरा
21 सितंबर- 17 रबीउल अव्वल को हजरत साबिर पाक वालिद माजिद हजरत अब्दुर्रहीम अब्दुलसलाम का कुल शरीफ का कार्यक्रम किया जाएगा। इसके बाद दुआ के साथ उर्स संपन्न हो जाएगा।
नोट- उर्स में सभी रस्में दरगाह साबिर पाक के सज्जादानशीन शाह अली एजाज साबरी कुद्दुसी अदा करेंगे।