Unlock in Uttarakhand : प्रदेश में खेल गतिविधियां के लिए एसओपी जारी, शासन ने 11 खेलों को दी अनुमति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में खेल गतिविधियां शुरू किए जाने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर दी गई है। खेल सचिव बृजेश कुमार संत के मुताबिक फिलहाल 11 खेलों को अनुमति दी गई है। हर जिले में जिलाधिकारी इसके लिए टास्क फोर्स गठित करेंगे। जो यह तय करेगी कि खेल गतिविधियों को कब से शुरू किया जाना है। टास्क फोर्स खेलों की संख्या को घटा एवं बढ़ा सकेगी।
खेल सचिव के मुताबिक खेल गतिविधियों को शुरू किए जाने के लिए जिलाधिकारी अपने-अपने जिले में टास्क फोर्स गठित करेंगे। जिसमें जिला खेल अधिकारी को अनिवार्य रूप से शामिल करना होगा। टास्क फोर्स अपने जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए खेलों को शुरू किया जाना है या नहीं, इसे कब से शुरू किया जाए, 11 में से कितनी खेल प्रतियोगिताएं कराई जाएं, इस पर जिलाधिकारी को प्रस्ताव देगी।
जिसके आधार पर संबंधित जिले के जिलाधिकारी अपने स्तर से निर्णय लेंगे। खेल सचिव ने बताया कि फिलहाल जिन 11 खेलों की अनुमति दी गई है, उनमें एथलेटिक्स, हॉकी, भारोत्तोलन, तीरंदाजी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, तलवारबाजी, शूटिंग, कुश्ती, टेबल टेनिस शामिल हैं। बच्चों और बुजुर्गों को खेलों में शामिल नहीं किया जा सकेगा। फिलहाल युवा ही खेल प्रतियोगिताओं में शामिल हो सकेंगे।
खेलों को लेकर खिलाड़ियों की लेनी होगी सहमति
टास्क फोर्स खेलों में प्रतिभाग को लेकर खिलाड़ियों की सहमति लेगी। इसके अलावा खेल केंद्रों में सभी एथलीटों और कर्मचारियों के लिए आरोग्य सेतु एप का उपयोग अनिवार्य होगा।
प्रवेश द्वार पर हैंड सैनिटाइजर होगा अनिवार्य
खेल केंद्रों के प्रवेश द्वार पर हैंड सैनिटाइजर अनिवार्य रूप से रखाना होगा। वहीं खिलाड़ियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता का ध्यान रखने के साथ ही अनिवार्य रूप से मास्क पहनना होगा।
15 से 29 तक होंगे स्पोर्ट्स कॉलेज में एडमिशन के ट्रायल
रायपुर और पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स कॉलेज में अलग-अलग खेलों के लिए खिलाड़ियों के ट्रायल की प्रक्रिया 15 से 29 दिसंबर तक होगी। स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर से बृहस्पतिवार को चयन के लिए विस्तृत ट्रायल कार्यक्रम जारी किया गया।
प्राचार्य राजेश ममगाईं ने बताया कि कोविड-19 की रोकथाम और बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों और खेल गतिविधियों के लिए एसओपी का पूरी तरह पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देहरादून में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट, हॉकी, वॉलीबॉल, जूडो और पिथौरागढ़ में फुटबॉल व बॉक्सिंग में प्रवेश होंगे।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए बालक की आयु एक जुलाई 2020 को 10 वर्ष से कम और 12 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। केवल वही बालक प्रवेश के लिए पात्र होंगे जिनका जन्म एक जुलाई 2008 और 30 जून 2010 के बाद बीच हुआ है। केवल उत्तराखंड के मूल या स्थायी निवासी को ही प्रवेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नरेंद्र नगर, उत्तरकाशी, पौड़ी, अगस्त्यमुनि, गोपेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, हल्द्वानी, रुद्रपुर, हरिद्वार और देहरादून में ट्रायल होंगे।