शादी के कार्ड में अनोखी अपील, पहले मतदान करें फिर शादी में आएं मेहमान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘पहले करें मतदान, फिर शादी में आएं मेहमान’, डोईवाला में ऑटोमोबाइल वर्कशॉप चलाने वाले बीए पास आलोक की शादी के कार्ड पर लिखे कुछ ऐसे संदेश से अंदाजा लगाया जा सकता है कि देश का युवा मतदान के प्रति कितना जागरूक हो रहा है।
ठीक मतदान वाले दिन ही शादी होने के कारण आलोक ने अपने निमंत्रण पत्र में रिश्तेदारों से अमूल्य मतदान करने के बाद शादी में शरीक होने की अपील की है। रिश्तेदारों की सहूलियत के लिए बारात प्रस्थान का समय भी बढ़ा दिया गया है, ताकि लोग मतदान कर आराम से शादी में शरीक हो सकें।
डोईवाला के कुड़कावाला निवासी आलोक का विवाह 15 फरवरी को होना है। इसी दिन विधानसभा चुनाव के लिए मतदान भी होना है। मतदान के दिन गांव से बारात जाएगी। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा है।
शादी के लिए चुनाव आयोग से अनुमति जरूरी
मतदान के दिन बारात के लिए वाहन संचालन की अनुमति लेने मंगलवार को तहसील आए आलोक के भाई अजय लोधी ने बताया कि आलोक और वे डोईवाला में ऑटोमोबाइल वर्कशाप चलाते हैं। 15 फरवरी को आलोक की बारात दौड़वाला जाएगी। पहले बारात प्रस्थान का समय सुबह 10 बजे निर्धारित था, अब आगे बढ़ा दिया गया है।
चुनाव आचार संहिता के दौरान यदि आपके घर, परिवार में शादी है तो आपको चुनाव आयोग से इसकी अनुमति लेनी जरूरी है। जिनके घरों में इन दिनों समारोह है, उन्हें तहसील में बनाए गए चुनाव आयोग कार्यालय जाकर अनुमति लेनी होगी।
इसके लिए परिवार के किसी सदस्य को कार्यालय पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र के साथ शादी का कार्ड जमा कराना होगा। उसके बाद चुनाव आयोग इस पर पुलिस की रिपोर्ट मांगता है। पुलिस की सकारात्मक रिपोर्ट मिलने पर इसके लिए अनुमति दी जाती है। यदि परमिशन नहीं ली गई तो चुनाव आयोग आप पर कार्रवाई कर सकता है।