एलआईसी पॉलिसी बंद है तो चालू कराएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसी भी कारण से आपकी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) पॉलिसी बंद है तो उसे 15 अक्तूबर तक दोबारा शुरू करा सकते हैं। एलआईसी पॉलिसी फिर से चालू कराने के लिए विलंब शुल्क राशि में 30 प्रतिशत या अधिकतम 2500 रुपये की छूट दे रहा है।
अकेले देहरादून मंडल में इस वक्त 6 लाख, 86 हजार एलआईसी पॉलिसी बंद पड़ी हैं। एलआईसी के सीनियर डिवीजनल मैनेजर रमेश चंद्र के अनुसार इसके लिए शाखाओं में विशेष काउंटर खोले गए हैं।
आठ साल से ऊपर के बच्चों के लिए जीवन शगुन
एलआईसी ने अपने 58वें स्थापना दिवस के अवसर पर 8 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के लिए जीवन शगुन योजना शुरू की।
इस सिंगल प्रीमियम बीमा योजना के तहत एक मुश्त प्रीमियम देकर उसका 10 गुना रिस्क कवर हासिल किया जा सकता है। फिलहाल इस पॉलिसी की बिक्री केवल 90 दिन के लिए की जा रही है। इसके अलावा 19 अगस्त से शुरू हुई जीवन रक्षक योजना में कम प्रीमियम पर अधिक सुरक्षा हासिल की जा सकती है।
फर्जी कॉल से परेशान
एलआईसी के सीनियर डिवीजनल मैनेजर (एसडीएम) तक बीमे से जुड़ीं फर्जी काल से परेशान हैं। इस परेशानी का जिक्र सोमवार को उन्होंने पत्रकारों के सामने भी किया, जब उनसे बीमाधारकों को मिल रहीं इस तरह की काल्स का ब्योरा पूछा गया।
एसडीएम रमेश चंद्र का कहना था कि एलआईसी के बीमाधारकों को फर्जी/भ्रामक टेलीफोन काल बड़े पैमाने पर आ रही हैं। इस तरह की कई शिकायतें आ रही हैं। अगर आप वापस काल कर जांच करना चाहें तो संभव नहीं हो पा रहा, क्योंकि नंबर स्विच आफ मिलता है। बताया कि दिल्ली, गाजियाबाद, एनसीआर से इस तरह की अधिकांश काल आ रही हैं।
उन्होंने साफ किया कि अगर किसी के पास भी इस तरह की काल आती है तो ग्राहक को संबंधित पुलिस थाने में रिपोर्ट करनी चाहिए। इस संबंध में भारतीय बीमा नियामक प्राधिकरण (आईआरडीए) की वेबसाइट पर दी जा रही चेतावनी का भी उन्होंने उल्लेख किया।
घर-घर जाकर पूछेंगे कैसी है पॉलिसी
एलआईसी एक नए सर्वे की शुरुआत करने जा रहा है। इसके तहत दून मंडल के सभी क्षेत्रों में एक सघन ग्राहक सर्वे कराया जाएगा। प्रतिनिधि घर-घर जाकर पूछेंगे एलआईसी पॉलिसी कैसी है? क्या कोई शिकायत है? किस तरह का सुधार चाहिए? ग्राहकों के मोबाइल नंबर, पता और ईमेल भी लिया जाएगा ताकि इन सुझावों के आधार पर पॉलिसी में बदलाव किया जा सके।
58वें स्थापना दिवस का जश्न शुरू
एलआईसी का बीमा सप्ताह सोमवार से प्रारंभ हो गया। निगम के 58वें स्थापना दिवस पर सात सितंबर तक कई कार्यक्रम होंगे। नेहरू कालोनी स्थित मंडलीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में सीनियर डिवीजनल मैनेजर रमेश चंद्र ने बताया कि दो सितंबर को दून महिला अस्पताल में पैदा होने वाले बच्चों के लिए बेबी किट दी जाएगी।
कला प्रतियोगिता भी होगी, जिसमें 15 स्कूलों के बच्चे हिस्सा लेंगे। ढाई बजे ग्राहक संगोष्ठी का आयोजन होगा। तीन सितंबर को पौध रोपण के साथ ही व्हील चेयर वितरण किया जाएगा। चार सितंबर को क्विज प्रतियोगिता के साथ ही कार/दोपहिया वाहन रैली निकाली जाएगी। निबंध प्रतियोगिता होगी।
पांच सितंबर को स्टाफ की स्वास्थ्य जांच होगी। पानी की टंकी के वितरण के साथ एलआईसी अभिकर्ता दिवस मनाया जाएगा। छह सितंबर को स्कूली बच्चों की सेहत जांची जाएगी। सात सितंबर को मंडल कार्यालय में बीमा सप्ताह का समापन होगा। पुरस्कार बांटे जाएंगे।