नैनीताल: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में मिला बाघ का शव, आपसी संघर्ष में मौत की आशंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) के बिजरानी रेंज में एक बाघ की मौत हो गई। वनाधिकारियों ने आपसी संघर्ष में बाघ की मौत होने का दावा किया है। बाघ का शव पानी के गड्ढे के पास मिला।
बिजरानी रेंज के वनकर्मी शुक्रवार सुबह आमडंडा बीट के जंगल में गश्त कर रहे थे। जब वे फूलताल ब्लॉक में पहुंचे तो वहां पानी के गड्ढे के पास बाघ का शव देखा। घटना की सूचना रेंजर सहित अन्य वनाधिकारियों को दी। सूचना पर रेंजर राजकुमार मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। शव फूल चुका था। सूचना पर सीटीआर के निदेशक राहुल, वार्डन शिवराज चंद आदि ने मौका मुआयना किया।
मौके पर मिले निशानों से प्रथम दृष्ट्या आपसी संघर्ष में बाघ की मौत की आशंका जताई जा रही है। उसके शरीर पर नाखूनों के निशान हैं। उसके सभी अंग सुरक्षित हैं। बाघ की उम्र करीब सात साल बताई जा रही है। सीटीआर के पशु चिकित्सक डॉ. दुष्यंत शर्मा ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद इसे जलाकर शव नष्ट कर दिया गया।
कॉर्बेट लैंडस्केप में दो साल में मरे सात बाघ
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) में बाघों की संख्या 250 से अधिक है। कॉर्बेट लैंडस्केप में आपसी संघर्ष और हादसों में अब तक सात बाघ मारे जा चुके हैं। वर्ष 2018 में 11 जनवरी को पाखरो बीट कालागढ़ में बाघ के बच्चे की मौत हुई थी। 29 अप्रैल को सर्पदुली रेंज के धुलवा बीट में पांच वर्ष की बाघिन, पांच मई को सोनानदी रेंज कालागढ़ में भी एक बाघ की जान गई थी। ढिकाला रेंज कांडा ब्लॉक में बाघ के मादा बच्चे की मौत हुई थी।
20 जनवरी 2019 को कोसी रेंज के रिंगौड़ा ब्लॉक में आमडंडा रोड में नाले के नीचे बाघ का शव मिला था। सात मार्च को कालागढ़ टाइगर रिजर्व की सोनानदी रेंज के कालागढ़ ब्लॉक कंपार्टमेंट नंबर छह में पहाड़ी से गिरने से बाघ की मौत हुई थी।
2017 में मरे पांच बाघ
31 मार्च 2017 में सर्पदुली रेंज धुलवा ब्लॉक में बाघ, 22 मई को कालागढ़ रेंज धारा ब्लॉक कक्ष नंबर छह सूखासोत में बाघिन की मौत हुई। 17 जून 2017 को सर्पदुली रेंज के धुलवा पश्चिमी ब्लॉक कक्ष नंबर दो में सेही के हमले से घायल बाघ की मौत हुई। 29 अगस्त को ढेला रेंज भाबर में बाघिन, 18 नवंबर में ढेला रेंज ढेला ब्लॉक में बाघिन, 30 नवंबर बिजरानी रेंज फूलताल ब्लॉक में बाघिन की मौत हुई।