डकैतों के इन समूहों के बारे में जानकर दंग रह जाएंगे, लूट के लिए अपनाते हैं खौफनाक तरीके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर्वेश्वरी एन्क्लेव में प्रोडक्शन मैनेजर पंकज श्रीवास्तव के घर डकैती और पत्नी अपर्णा की निर्मम तरीके से हुई हत्या में छैमार गैंग का हाथ होने का अंदेशा जताया जा रहा है। पंजाब के बदमाशों के गैंग के सदस्य मकान की खिड़की की ग्रिल उखाड़कर मकान में लूटपाट के इरादे से घुसते हैं और हत्या करने के बाद लूटपाट करते हैं। पूर्व में हुई डकैती और लूट की कुछ घटनाओं में छैमार गैंग के बदमाश पकड़े जा चुके हैं। लिहाजा, पुलिस का फोकस छैमार गैंग पर ही है। इसके अलावा, भातु, बावरिया और पारदी गिरोह की लिप्तता को लेकर जांच की जा रही है।
सात जून को हल्द्वानी में रामपुर रोड स्थित पंचायत घर के पास कोचिंग संचालक भुवन भट्ट के घर बदमाशों ने खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसकर डकैती डाली थी और भुवन की पत्नी राधा की हत्या कर दी थी। इसी तर्ज पर बदमाशों ने सर्वेश्वरी कॉलोनी में भी पंकज श्रीवास्तव के घर की खिड़की की ग्रिल तोड़कर उनकी पत्नी अपर्णा की हत्या कर डकैती डाली है। दोनों घटनाओं में वारदात का तरीका एक ही होने के साथ ही निर्मम है। जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया है, वह तरीका छैमार गैंग के बदमाश ही अपनाते हैं। गैंग के सदस्य रेकी करने के लिए लोकल बदमाश का सहारा लेते हैं और फिर वारदात को अंजाम देते हैं।
इसके अलावा गैंग के सदस्य ठिकाने भी बदलते रहते हैं। पुलिस का मानना है कि वारदात का तरीका छैमार गैंग से मिलता जुलता है। हालांकि, इस तरीके की वारदात बावरिया के अलावा भातु गैंग के लोग भी करते हैं। बीते वर्षों में हुई डकैती और लूट की घटनाओं में इन गैंगों के बदमाश पकड़ में आ चुके हैं। इधर, आईजी पूरन सिंह रावत ने बताया कि इस मामले में पहली सुई छैमार गैंग की तरफ ही घूम रही है। पुलिस का फोकस इसी गैंग पर है। हालांकि, बावरिया और पारदी गैंग वाले भी इसी तरह की घटना को अंजाम देते हैं। इन गैंग के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
छैमार, भातु और बावरिया गैंग की जिले में सक्रियता के मामले
रुद्रपुर जिले में छैमार, भातु और बावरिया गैंग के सदस्य पूर्व में वारदातों को अंजाम देकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते आए हैं। जिले में घटी पुरानी घटनाओं पर नजर दौड़ाएं तो करीब 12 वर्ष पहले रुद्रपुर की शांति विहार कॉलोनी में लाखों की डकैती पड़ी थी। मामले में पुलिस ने मेरठ के झिझाना से बावरिया गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया था।
वर्ष 2013 में काशीपुर के मानपुर में हुई डकैती की घटनाओं में पुलिस ने स्थानीय के अलावा छैमार गैंग के सदस्यों को भी गिरफ्तार किया था। वर्ष 2014 में काशीपुर के पैगा में हुई डकैती का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। वर्ष 2015 में ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में टीवीएस लुकास फैक्ट्री में गार्ड को बंधक बनाकर डकैती डालने वाले बदमाशों को पुलिस ने जेल भेजा था। इसमें एक आरोपी पीलीभीत निवासी अतर कादरी पर आठ तो मिलक रामपुर के रहने वाले लईक उर्फ छैला पर लूट, रोड होल्डअप के 14 मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2016 में ही गंगापुर रोड में व्यापारी के घर डकैती डालने के मामले में पुलिस ने स्थानीय के अलावा बिलासपुर और चंडीगढ़ से पांच डकैतों को गिरफ्तार किया था।
19 जून 2017 को काशीपुर की मानव विहार कॉलोनी में हुई डकैती में पुलिस ने छैमार गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। बीते वर्ष काशीपुर के जसपुर खुर्द में फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में हुई लूट में बुलंदशहर के बदमाश गिरफ्तार किए गए थे। इन सभी मामलों में गिरफ्तार बदमाशों का संबंध कहीं न कहीं इन गैंगों से था। लिहाजा, पुलिस पूर्व में पड़के गए बदमाशों की लोकेशन और इन गैंग की सक्रियता को लेकर जानकारी जुटा रही है।
किस गैंग का वारदात को अंजाम देने का क्या है तरीका
छैमार गैंग - मूल रूप से पंजाब के बदमाशों का यह क्रूर गैंग माना जाता है। यह लोग खिड़की की ग्रिल उखाड़कर भीतर दाखिल होने के बाद लूट के बाद हत्या को भी अंजाम देने से गुरेज नहीं करते हैं। रेकी करने के लिए स्थानीय बदमाश की मदद ली जाती है।
भातु गैंग - मुरादाबाद का भातु गैंग दिल्ली, गाजियाबाद, गुजरात, हरियाणा, उत्तराखंड, जयपुर और यूपी में सक्रिय रहा है। गैंग के बदमाश डकैती और लूट की वारदात को अंजाम देते हैं। गैंग के लोग लगातार ठिकाने बदलते रहते हैं।
बावरिया गैंग - यह गैंग खानाबदोश है, जो संगठित होकर राजस्थान, यूपी, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में लूट और डकैती को अंजाम देता रहता है। यह लोग अलग-अलग समूहों में बंटकर वारदात करते हैं और वारदात के बाद ट्रेन से कहीं दूर रवाना हो जाते हैं।
पारदी गैंग - यह मूल रूप से पारदी जाति के लोग होते हैं। यह गैंग मध्यप्रदेश में खासा सक्रिय हैं। इसके अलावा गैंग के बदमाशों के खिलाफ गुरुग्राम, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात में मामले दर्ज हैं। इस जाति के लोगों में रिश्ते भी अपराध को देखकर तय होते हैं। यह गैंग भी खिड़की और दरवाजों के ग्रिल उखाड़कर अंदर घुसता है तो वारदात के दौरान हत्या करने से भी नहीं चूकता है। यह लोग पुलिस से बचने के लिए रेहड़ी लगाते हैं और रात को वारदात करते हैं।
ढाई वर्षों में 12 डकैती और 108 लूट हुईं
अपर्णा और अक्षिता के ऊपर था कपड़ों का ढेर
प्रोडक्शन मैनेजर पंकज श्रीवास्तव के घर घुसे बदमाशों ने उनकी पत्नी अपर्णा की हत्या कर दी थी। पंकज भी बदमाशों के वार से अचेत होकर बेड से नीचे गिर गए थे। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी में कीमती सामान और नकदी खंगालने के चक्कर में कपड़े निकालकर बेड में मृत पड़ी अपर्णा के ऊपर फेंके थे। कपड़ों से अपर्णा का शव पूरा ढक गया था। इसके अलावा, अक्षिता के ऊपर भी कपड़े डाले थे। जब वारदात की जानकारी के बाद लोग कमरे में गए तो उन्हें जमीन पर गिरे पंकज ही दिख रहे थे। बाद में जब लोगों का ध्यान बेड पर पड़े कपड़ों के ढेर में गया तो अपर्णा का शव और बच्ची दिखी।