धमकी: डॉक्टर से तीन करोड़ की मांगी रंगदारी, बदमाश ने कहा-रुपये नहीं दिए तो जान से मार देंगे...
हल्द्वानी के एक डॉक्टर को बदमाशों ने धमकी दी है। बदमाशों ने तीन करोड़ की रंगदारी मांगी है। साथ ही बेटे के अपहरण की भी धमकी दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रामपुर रोड स्थित निजी अस्पताल के संचालक डॉ. वैभव कुच्छल को कॉल कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। पैसा न देने पर डॉक्टर के बेटे का अपहरण करने की धमकी दी गई है। एसएसपी ने डॉक्टर के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। इस मामले में पुलिस की दो टीमें दिल्ली और हापुड़ भेजी गई हैं।
एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि मानपुर उत्तर स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक और ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. वैभव कुच्छल के पास सोमवार की शाम छह बजे एक बदमाश की कॉल आई। बदमाश ने पहले बच्चे की आवाज में बात की। इसके बाद धमकी देते हुए कहा कि जहां कहूंगा वहां तीन करोड़ रुपये पहुंचा देना। पैसा नहीं मिलने पर तुम्हारे बच्चे का अपहरण कर लिया जाएगा। दो मिनट बाद फिर बदमाश ने कॉल किया लेकिन डॉक्टर ने दहशत की वजह से कॉल रिसीव नहीं की।
भयभीत डॉक्टर के परिवार ने एसएसपी से संपर्क कर घटना से अवगत कराया। एसएसपी के निर्देश पर डॉक्टर के परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा प्रदान कर दी गई। डॉक्टर ने मंगलवार को अपने बच्चों को स्कूल भी नहीं भेजा। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में धारा 384 के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच में पता चला कि कॉल हापुड़ क्षेत्र से की गई है। पुलिस की दो टीमें दिल्ली और हापुड़ भेजी गई हैं। एसएसपी का कहना है कि मामले का पर्दाफाश कर शीघ्र ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने पर अन्य डॉक्टर लामबंद होने लगे हैं। उन्होंने तत्काल बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की ।
डॉक्टर के मां की 2007 में हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, डॉ. कुच्छल मूल रूप से मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। उनकी मां की 2007 में बदमाशों ने हत्या कर दी थी। यूपी पुलिस ने इस मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया था, लेकिन एक बदमाश अभी तक पकड़ा नहीं गया है। पुलिस इस कड़ी को भी जोड़कर जांच में जुटी है।
ये भी पढ़ें...चंपावत उपचुनाव: प्रचार को धार देने पहुंचेंगे कांग्रेस के 30 स्टार प्रचारक, राहुल- प्रियंका सहित ये बड़े नाम शामिल