विकासनगर। सातवें वेतनमान का एरियार भुगतान करने समेत विभिन्न मांगों के समर्थन में उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को पालिका कार्यालय में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शीघ्र मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान कर्मचारियों ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सतीश पारछा ने कहा कि कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान अब तक नहीं हो सका है। बीते माह अधिशासी अधिकारी ने कर्मचारियों को बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कर भुगतान की बात कही थी, लेकिन बोर्ड बैठक में उक्त प्रस्ताव को रखा ही नहीं गया। बीते सात साल से कर्मचारियों को वर्दी का भुगतान भी नहीं हुआ है। कर्मचारी बिना गम बूट और बरसाती के शहर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभाले हैं। यदि जल्द ही मांगें पूरी नहीं होती तो कर्मचारियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। प्रदर्शन में सुभाष, संजय, गौतम, सतीश चौधरी, बंटी, सुमित्रा देवी, अंजू देवी, सुशील, सुदेश आदि शामिल रहे।