स्वामी शिवानंद ने सातवें दिन पिया जल, भूख हड़ताल जारी
गंगा में अवैध खनन को बंद करने और मुख्य सचिव समेत कई अधिकारियों के निलंबन की मांग कर रहे मातृ सदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद ने सातवें दिन जल ग्रहण कर लिया। हालांकि उनकी भूख हड़ताल अभी भी जारी है।
उन्होंने घोषणा की कि जब तक खनन पर रोक संबंधी शासनादेश नहीं होते, तब तक वह अन्न ग्रहण नहीं करेंगे।
खनन के खिलाफ स्वामी शिवानंद भूख हड़ताल पर हैं। गुरुवार 1 जून को उनकी भूख हड़ताल का नौवां दिन है। जबकि उन्हें जल छोड़े हुए आज सातवां दिन था। गंगा में मानसून सीजन में एक जून से चार माह तक के लिए खनन बंद कर दिया जाता है। इस पर आज से खनन बंद होने के चलते स्वामी शिवानंद सरस्वती महाराज ने सुबह सात बजे जल ग्रहण कर लिया।
सीएम त्रिवेंद्र ने फोन पर की थी बात
गंगा में वन विकास निगम का खनन खोलने के खिलाफ मातृसदन का आंदोलन 14 मई से जारी है। ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद के 11 दिन के अनशन के बाद से मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद ने अनशन शुरू कर दिया था।
मातृसदन से जुड़े हरिद्वार और देहरादून के कुछ गंगा प्रेमी मंगलवार की रात देहरादून पहुंचे और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को स्वामी शिवानंद के आंदोलन की जानकारी दी। सीएम ने दूरभाष पर स्वामी शिवानंद से वार्ता की। स्वामी शिवानंद का कहना था कि यदि गंगा में खनन आपके राज्य की जरूरत बन गया है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।