भारत-नेपाल सीमा पर संदिग्ध बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार, खुफिया एजेंसियां अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने एक संदिग्ध बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के पास पासपोर्ट या अन्य कोई आईडी नहीं मिली। खुफिया एजेंसियां युवक से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस युवक को बुधवार को कोर्ट में पेश करेगी। सीमांत क्षेत्र में बांग्लादेशी के पकड़े जाने से खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
झूलाघाट में तैनात सशस्त्र सीमा बल 55वीं वाहिनी की सी कंपनी के जवानों ने सोमवार रात 11: 40 बजे एक युवक को पिथौरागढ़ से कानड़ी झूलाघाट की ओर जाते देखा। जब जवानों ने उसे रुकने को कहा तो वह भागने लगा।
जवान राजेंद्र प्रसाद और नरेंद्र सिंह ने पीछा कर करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर उसे दबोच लिया। एसएसबी जवान उसे चेक पोस्ट ले आए। प्रभारी उप निरीक्षक रतन सिंह चौहान ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
मंगलवार सुबह एलआईयू, आइबी और स्पेशल ब्रांच के अधिकारियों ने युवक से पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मोहम्मद रज्जाक (22) पुत्र मोहम्मद शमउल हक, निवासी रमना बंग्लापाड़ा, बांग्लादेश बताया।
युवक के बांग्ला भाषा में ही बोलने पर एसएसबी में तैनात कोलकाता के जवान ने उससे बांग्ला भाषा में बात की। पूछताछ के बाद एसएसबी ने युवक का मेडिकल कर झूलाघाट पुलिस को सौंप दिया।
थाना प्रभारी महेश चंद्र ने बताया युवक के पास पासपोर्ट और भारत में प्रवेश संबंधी किसी भी तरह के कागजात नहीं मिले। पुलिस बुधवार को उसे न्यायालय में पेश करेगी।