बॉलीवुड फिल्म एक्टर सुशांत सिंह राजपूत अब हमारे बीच नहीं है। लेकिन हम आपको बताते हैं उनकी एक फिल्म के बारे में जिसके बाद वे विवादों में तो रहे ही, लेकिन काफी चर्चित भी हो गए। साल 2018 में आई सुशांत सिंह और सारा अली खान की फिल्म केदारनाथ ने उस वक्त काफी सुर्खियां बंटोरी।
मामला इतना बढ़ गया था कि फिल्म केदारनाथ का मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया था। सुशांत की ये फिल्म साल 2013 में उत्तराखंड में आई केदारनाथ आपदा पर बनी थी। आरोप था कि फिल्म उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपराओं को ताक पर रखकर बनी है। याचिकाकर्ता स्वामी दर्शन भारती कहना था कि फिल्म निर्माता अभिषेक कपूर ने केदारनाथ की आपदा को लव जिहाद से जोड़कर आस्था और विश्वास पर कुठाराघात किया है।
हालांकि बाद में ये फिल्म कुछ सिनेमाघरों में रिलीज हुई। लेकिन लोगों ने इसे खूब पसंद किया। आपको बता दें कि केदारनाथ आपदा इतनी भयानक थी कि हजारों तीर्थयात्रियों को काल के मुंह में ले गई थी। बड़े पर्दे पर इसका दृश्य देखना काफी भयावह भी था।
फिल्म की पूरी शूटिंग उत्तराखंड में हुई थी। फिल्म में उत्तराखंड के ही दो बाल कलाकार भी थे। फिल्म निर्माण में उत्तराखंड के ही करीब 250 लोगों ने काम भी किया था। केदारनाथ स्थानीय लोगों को रोजगार देने के मामले में भी खरी साबित हुई थी। जानकारी के अनुसार, एक माह की शूटिंग में फिल्म पर लगभग नौ करोड़ रुपये खर्च किए जिसमें करीब तीन करोड़ रुपये फिल्म में काम करने वाले स्थानीय लोगों, पोर्टर, घोड़ा-खच्चर संचालक और अन्य कारीगरों को दिए।
फिल्म की टीम ने एक महीने तक केदार घाटी में केदारनाथ, त्रियुगीनारायण, गौरीकुंड, सोनप्रयाग और चोपता में शूटिंग की थी। इस दौरान त्रियुगीनारायण में केदारनाथ आपदा में मिट चुका प्रमुख पड़ाव रामबाड़ा का सेट तैयार किया गया था। गौरतलब है कि आपदा में रामबाड़ा का नामोनिशान मिट गया था।