गुरुग्राम में मर्डर के बाद देहरादून के स्कूलों ने लिया फैसला, इस तरह से होगी बच्चों की सिक्योरिटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुग्राम (गुड़गांव) के रयान इंटरनेशनल स्कूल में बच्चे के मर्डर के बाद एजुकेशन हब देहरादून के स्कूलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। एक ओर स्कूलों की एसोसिएशन ने इस मामले में 16 सितंबर को बैठक बुलाई है, वहीं कई स्कूलों ने पैरेंट्स को नोटिस जारी कर उनके प्राइवेट वैन ड्राइवर की पूरी डिटेल्स तलब की है। इसके अलावा कई स्कूलों ने स्कूल वैन में सीसीटीवी और जीपीएस लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रिंसिपल प्रोग्रेसिव स्कूल एसोसिएशन (पीपीएसए) के चेयरमैन प्रेम कश्यप का कहना है कि उन्होंने 16 सितंबर को सभी सीबीएसई स्कूलों की बैठक बुलाई है। इसमें गुरुग्राम की घटना के बाद स्कूलों में बरती जाने वाली एहतियात पर चर्चा होगी। इसके अलावा उन्होंने सभी स्कूलों को एडवाइजरी भेजकर कुछ बिंदुओं पर तत्काल एक्शन लेने को कहा है।
इसके तहत स्कूल परिसर में किसी की भी एंट्री केवल रिकॉर्ड में नाम और पता दर्ज होने के बाद ही होगी। अभिभावकों के लिए बच्चे को स्कूल में ड्रॉप करने के लिए अलग जोन बनाया जाएगा। इससे आगे अभिभावक स्कूल के भीतर नहीं जा पाएंगे। स्कूलों के परिसर में सुनसान जगहों पर सीसीटीवी के साथ ही अतिरिक्त गार्ड की तैनाती की सलाह भी दी गई है, ताकि कोई अनहोनी न होने पाए।
स्कूल वैन में सीसीटीवी और जीपीएस
सभी स्कूलों में अनिवार्य तौर पर सीसीटीवी लगाने को कहा गया है, ताकि हर गतिविधि कैमरे की नजर में रहे। उन अभिभावकों को भी स्कूलों की ओर से नोटिस भेजे जा रहे हैं, जो एक घंटा पहले अपनी सहूलियत के हिसाब से बच्चे को स्कूल छोड़ जाते हैं।
बच्चा स्कूल में अकेला रहता है, क्योंकि टीचर्स भी समय से 15 मिनट पहले पहुंचते हैं। लिहाजा ऐसे अभिभावकों को कहा गया है कि वे बच्चे को केवल 15 मिनट पहले ही स्कूल छोड़ें। इससे पहले बच्चे को एंट्री नहीं दी जाएगी। प्रेम कश्यप के मुताबिक, सभी टीचर्स को भी ऐसी किसी अनहोनी से बचने के प्रति सतर्क किया जा रहा है।
द एशियन स्कूल ने सभी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने के साथ ही स्कूल में बच्चों को लाने वाली सभी वैन में सीसीटीवी और जीपीएस लगा दिए हैं। स्कूल के निदेशक मदनजीत सिंह ने बताया कि उनके स्कूल सीसीटीवी से पहले ही कवर हैं। सभी गार्ड को भी ऐसी किसी अनहोनी के प्रति सजग किया गया है। बच्चों के दाखिले के वक्त वह पहले से ही बच्चे को हैंडओवर कराने के लिए फॉर्म भरवाते हैं, जिसमें जिम्मेदारों की पूरी डिटेल, फोटो, साइन रहते हैं।
यहां भी बरती जा रही सतर्कता
सेंट ज्यूड्स और सेंट थॉमस एकेडमी में पूरे स्टाफ को गुरुग्राम की घटना के बाद सतर्क किया गया है। सेंट थॉमस के प्रिंसिपल आरवी गार्डनर ने बताया कि बाहरी बसों की स्कूल में एंट्री पहले से ही नहीं होती है, लेकिन जो उनके कर्मचारी हैं, उन्हें सतर्क किया गया है।
इसके अलावा, सेंट पैट्रिक्स और सेंट जोजेफ्स सहित कई स्कूलों ने अभिभावकों को नोटिस जारी कर उनके प्राइवेट वाहन के चालक और परिचालक की पूरी डिटेल्स स्कूल में दो दिन के भीतर जमा कराने को कहा है।
दून इंटरनेशनल स्कूल के उप प्राचार्य दिनेश बड़थ्वाल ने बताया कि स्कूल में सभी कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन के लिए एडीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार को पत्र भेजा गया है। सभी अभिभावकों को नोटिस जारी कर उनसे उनके प्राइवेट स्कूल बस या ऑटो ड्राइवर के घर का पता भी मांगा गया है।