{"_id":"efcacaa5c1286ca7dca1d64d299b002b","slug":"student-ran-away-from-home","type":"story","status":"publish","title_hn":"पढ़ाई में कमजोर था, बन गया बाबा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पढ़ाई में कमजोर था, बन गया बाबा
अमर उजाला, देहरादून
Updated Tue, 18 Feb 2014 01:58 PM IST
विज्ञापन
घर से लापता हुआ छात्र हरिद्वार के एक अखाड़े में बाबा बनकर रह रहा था। पढ़ाई से परेशान होने पर छात्र घर से भाग गया था। पुलिस ने छात्र को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।
विज्ञापन
राजधानी देहरादून के पंडितवाड़ी क्षेत्र से 29 जनवरी को 11वीं कक्षा का एक छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई थी।
विज्ञापन
घरवालों के बारे में पूछा
इस बीच परिजनों और क्षेत्रवासियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चौकी पर प्रदर्शन भी किया। कुछ दिन पहले छात्र ने अपने एक दोस्त के मोबाइल पर कॉल कर घरवालों के बारे में पूछा।
विज्ञापन
दोस्त ने इस बारे में छात्र के परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की तो पता लगा कि कॉल हरिद्वार से आई थी। सोमवार को पुलिस छात्र तक पहुंच गई।
छात्र हरिद्वार के निरंजनी अखाड़े में साधुओं के साथ भगवा रंग के कपड़े पहनकर घूमते हुए मिला। छात्र ने बताया कि वह पढ़ाई में कमजोर है। घरवालों के दबाव के कारण वह परेशान था। इससे बचने के लिए वह कुछ पैसे लेकर सीधे हरिद्वार पहुंच गया। एक दिन शहर में भटकने के बाद बाबाओं के साथ रहने लगा।