...और बंटी को मिल गया खेल का मैदान, खिलखिलाएगा बचपन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बंटी के पापा ने प्लॉट देखा, उसके आगे सुंदर सड़क देखी, बिजली देखी, पानी देखा। नहीं देखा तो खेल का मैदान। ..और देखते ही देखते बन गया मकान। एक मकान, दूसरा मकान, तीसरा मकान और फिर मकान ही मकान। इसके बाद यहां पूरा कंक्रीट का जंगल खड़ा हो गया, लेकिन बंटी उदास रहने लगा।
इस कंक्रीट के जंगल ने उसका बचपन छीन लिया। शहरों में ये अकेले बंटी की कहानी नहीं है, हर दूसरे मोहल्ले में बंटी जैसे न जाने कितने बच्चे खेल का मैदान नहीं होने से उदास हैं।
पर अब बंजारावाला और उसके आसपास के मोहल्लों के बच्चे खिलखिलाएंगे। क्योंकि कुछ उत्साही युवकों ने बंजारावाला में बच्चों के लिए खेल का मैदान तैयार किया है।
यूनिटी स्पोर्ट्स क्लब हुआ शुरू
देहरादून के शिवपुरी बंजारावाला में यूनिटी स्पोर्ट्स क्लब की शुरुआत हुई है। स्थानीय निवासी जेएस नकोटी ने इसकी पहल की है। क्षेत्र में कोई प्ले ग्राउंड न होने की वजह से उन्होंने बच्चों के भविष्य को देखते हुए यह फैसला लिया।
जिस जमीन पर वे पहले फसल उगाते थे, उसी को खेल मैदान का रूप दे दिया गया है। उन्होंने बंगाल क्रिकेट क्लब से अंडर-17 वर्ग में नेशनल खेल चुके अतुल कुमार और शुभल यादव के साथ मिलकर इस क्लब की रूपरेखा तैयार की है।
अभी तक क्षेत्र के बच्चों के लिए खेलने या कोचिंग के लिए कोई व्यवस्थित मैदान नहीं था। पर अब बच्चे इस क्लब में क्रिकेट, बैटमिंटन, वालीबाल और अन्य दूसरे खेलों की कोचिंग ले सकेंगे।
बच्चे रात में भी ले सकेंगे ट्रेनिंग
इसके लिए बकायदा प्रोफेशनल तरीके से अलग-अलग टर्फ विकेट भी तैयार किए गए हैं। खास बात यह है कि बच्चे यहां रात में भी खेलों की ट्रेनिंग ले सकेंगे।
इसके लिए यहां विशेष तौर पर लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। नरकोटी बताते हैं कि आजकल खेल मैदान नहीं होने की वजह से बच्चे अपना बचपन खो रहे हैं।
वे चाहते थे कि क्षेत्र में एक ऐसा सेंटर हो, जहां बच्चे खेल के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बने सकें। इसके लिए उन्होंने यहां स्पोर्ट्स क्लब की शुरुआत की।
बेहद मामूली शुल्क पर ले सकेंगे कोचिंग
बच्चे यहां बेहद मामूली शुल्क पर कोचिंग ले सकेंगे। इसके अलावा जरूरतमंद होनहार बच्चों को मुफ्त ट्रेनिंग दी जाएगी।
ये शहरी जिंदगी का दुर्भाग्य है कि जहां लोग रहने के लिए छत तो ढूंढ लेते हैं, लेकिन बच्चे कहां खेलेंगे, कहां कूदेंगे इस बात की ओर जरा भी ध्यान नहीं देते। बंजारावाला में इसी को मद्देजनर रखते हुए हमने स्पोर्ट्स क्लब की शुरूआत की है। जहां बच्चों को खेल के अलावा शारीरिक रूप से भी मजबूत बनाया जा सकेगा।
- जेएस नकोटी, यूनिटी स्पोर्ट्स क्लब, संचालक