बेटे ने खुद सुनाई खौफनाक वारदात की कहानी, बोला 'मां टोकती थी इसलिए गड़ासे से काट डाला'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जन्म देने वाली मां को मौत के घाट उतारने वाले हत्यारोपी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि मां हर समय टोकती रहती थी, इसलिए उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्यारोपी के नशे का आदी एवं मानसिक रूप से बीमार होने की बात सामने आ रही है।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गड़ासा बरामद कर लिया है। हत्यारोपी को जेल भेज दिया गया है। मुनस्यारी के सुरिंग गांव में 12 दिसंबर को अपनी ही मां हिरमा देवी (50) का गला काटकर खाई में फेंकने वाले आरोपी ने पुलिस को सिर्फ इतना बताया कि मां उसे अक्सर टोकती रहती थी, इसलिए उसने मां को मौत के घाट उतार दिया।
इससे अधिक पुलिस उससे कुछ नहीं उगलवा पाई है। आरोपी को शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया था। रविवार सुबह करीब पांच बजे थल के थानाध्यक्ष हेम पंत ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से हत्या में प्रयुक्त खून से लथपथ गड़ासा बरामद कर लिया।
पुलिस उपाधीक्षक विमल कुमार आचार्य ने मुनस्यारी पहुंचकर घटना की जानकारी ली। आरोपी के भाई कमलेश मर्तोलिया ने मुनस्यारी थाने में हत्यारोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302/201 में मुकदमा दर्ज कराया है।
रविवार सुबह पुलिस ने आरोपी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी में मेडिकल परीक्षण कराया। स्वास्थ्य परीक्षण करने वाले चिकित्सक डॉ. दिनेश चंदोला ने बताया कि आरोपी मानसिक तौर पर कमजोर लग रहा था।
संभवत: नशाखोरी की लत के कारण ऐसा हो। डॉ. चंदोला ने आरोपी की मानसिक रोग विशेषज्ञ से काउंसलिंग कराने की सलाह दी है। मेडिकल परीक्षण के पश्चात आरोपी को एसआई अरुण राणा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय भेजा गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना की विवेचना उप निरीक्षक अरुण राणा कर रहे हैं।