उत्तराखंड: केदारनाथ में आज कई बार हुई बर्फबारी से बढ़ी ठंड, मानइस 2 डिग्री पर पहुंचा पारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शनिवार को केदारनाथ धाम में दोपहर बाद रुक-रुककर कई बार हल्की बर्फबारी हुई। खराब मौसम के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
यहां पारा मानइस 2 डिग्री पहुंच गया। बीते शुक्रवार को शीतकाल के लिए केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भी धाम में पुलिस सहित पुनर्निर्माण कार्य कर रही कार्यदायी संस्थाओं के मजदूर मौजूद हैं।
चौकी प्रभारी बिपिन चंद्र पाठक ने बताया कि सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद 2 बजे से रुक-रुककर कई बार हल्की बर्फबारी हुई। इधर, रुद्रप्रयाग सहित जनपद के अन्य क्षेत्रों भी सुबह से सूरज और बादलों की आंखमिचौली होती रही
इंटरनेट व मोबाइल सेवा भी हुई ठप
केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही वहां इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क भी ठप हो गया है। शनिवार को सुबह से मोबाइल कनेक्टिविटी बाधित रही। शाम चार बजे के बाद बीएसएनएल के सिग्नल मिलने से वहां मौजूद अधिकारियों से संपर्क हो पाया।
गोपेश्वर में दूसरे दिन भी ओलावृष्टि
चमोली जिले के निचले क्षेत्रों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई जबकि गोपेश्वर में लगातार दूसरे दिन भी आधा घंटे तक ओलावृष्टि हुई। लोग ठंड से बचने के लिए दोपहर बाद घरों में ही दुबके रहे। उधर बदरीनाथ धाम में दोपहर बाद मौसम खराब रहा, लेकिन बारिश और बर्फबारी नहीं हुई। धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
चोटियों में हिमपात, निचले क्षेत्रों में बारिश
बागेश्वर में कपकोट के निचले क्षेत्रों में शनिवार की शाम बारिश जबकि विकास खंड की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ है। बारिश और हिमपात के चलते निचले हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शनिवार की शाम से ही आसमान में बादल छाने के बाद ऊंची चोटियों पर हिमपात जबकि निचले हिस्सों में बारिश के बाद क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
मुनस्यारी में बारिश, पिथौरागढ़ में खिली रही धूप
एक सप्ताह से जनपद में मौसम सुहावना बना है। शनिवार को मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हुई, वहीं जिला मुख्यालय सहित अन्य हिस्सों में चटख धूप खिली रही।
मुनस्यारी में शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। 10 बजे बाद उच्च हिमालयी क्षेत्र की चोटियों पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, छिपलाकेदार में बर्फबारी हुई, जबकि मुनस्यारी तहसील मुख्यालय सहित अन्य स्थानों पर बारिश हुई। उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई।
शनिवार को मुनस्यारी का अधिकतम तापमान 11 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कड़ाके की ठंड से अधिकतर लोग घरों से बाहर नहीं निकले। इधर, जिला मुख्यालय सहित जनपद के अन्य क्षेत्रों में दिन भर तेज धूप खिली रही। सुबह एवं शाम को ही ठंड पड़ रही है।