वर्ल्ड रैंकिंग के टॉप 30 में जगह बनाने की कोशिश में जुटे लक्ष्य सेन, न्यूजीलैंड ओपन में लेंगे हिस्सा
उत्तराखंड में अल्मोड़ा निवासी शटलर लक्ष्य सेन अब न्यूजीलैंड ओपन के जरिये सीनियर वर्ग में जगह बनाने की कोशिश में हैं। 30 अप्रैल से शुरू हो रहे इस ओपन टूर्नामेंट की तैयारी में लक्ष्य इस समय जुटे हुए हैं। हालांकि लक्ष्य के सामने इस समय चुनौती बड़ी है।
सोमवार को यहां हल्द्वानी मेडिकल कालेज के कोर्ट में अभ्यास के लिए पहुंचे लक्ष्य सेन ने कहा कि उनकी रैंकिंग में लगातार सुधार हो रहा है। इस समय उनकी वर्ल्ड रैंकिंग 71 है और उनकी कोशिश शीर्ष वरीय 30 खिलाड़ियों में जगह बनाने की होगी।
लक्ष्य ने इसकी शुरूआत 30 अप्रैल से न्यूजीलैंड में शुरू हो रही ओपन चैंपियनशिप से करना तय किया है। हालांकि, उनके सामने चुनौती बड़ी है। कारण यह भी है कि इस बार सुपर 300 सिरीज की न्यूजीलैंड ओपन में विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त करीब-करीब सभी शटलर हिस्सा ले रहे हैं। लक्ष्य के मुताबिक उनकी कोशिश अपना श्रेष्ठ प्रदर्शित करने की होगी।
2018 का साल लक्ष्य के मनमाफिक रहा था। एशियन चैंपियनशिप उनके खाते में आई थी। वर्ल्ड रैंकिंग 71 तक पहुंचा चुके लक्ष्य सेन की कोशिश अब अपने खेल के खास हिस्सों पर ध्यान देने की है।
सेन के मुताबिक इसके लिए वे लगातार अपने गेम पर फोकस किए हुए हैं। चिराग सेन ने कहा भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने के लिए स्टार खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखनी होगी।
पिता और भाई के साथ किया कोर्ट में अभ्यास किया
शटलर लक्ष्य सेन और चिराग सेन ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज बैडमिंटन कोर्ट में अपने पिता डीके सेन के साथ जमकर पसीना बहाया। लक्ष्य के नेट अभ्यास में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के नरेंद्र भूटानी, मनमोहन सिंह, ललित मोहन, दीप पांडे आदि भी शामिल हुए।